Updates: मेघालय के डिप्टी सीएम के घर पर फेंका पेट्रोल बम, पढ़ें देश की अहम खबरें
मेघालय के उपमुख्यमंत्री स्नियावभालंग धर के घर पर शुक्रवार को अज्ञात बदमाशों ने पेट्रोल बम फेंका। धर, पूर्वी खासी हिल्स जिले के नोंगमिनसोोंग में रहते हैं। पुलिस ने बताया, अज्ञात बदमाशों ने धर के आवास को निशाना बनाकर पेट्रोल बम फेंका। बम उनके घर की बालकनी में गिरा। हालांकि, घटना में कोई घायल नहीं हुआ। धर ने तुरंत प्राथमिकी दर्ज कराई है। वारदात के बाद उनके आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने एजेंसी को बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उपमुख्यमंत्री ने इस संबंध में कोई बयान नहीं दिया है।
गोवा शिपयार्ड लिमिटेड ने ई-टग्स के क्षेत्र में किया समझौता
भारतीय रक्षा मंत्रालय के गोवा शिपयार्ड लिमिटेड ने ई-टग्स के क्षेत्र में सहयोग के लिए दमन शिपयार्ड के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया है। इस दौरान नीदरलैंड के विदेश व्यापार और विकास सहयोग मंत्री लीजे श्राइनमाकर मौजूद रहे। गोवा शिपयार्ड लिमिटेड ने इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि यह समझौता भारतीय बंदरगाहों को अत्याधुनिक, विश्वसनीय, हरित समाधान प्रदान करने में नए रास्ते खोलता है।
भाजपा नेता और बंगलूरू दक्षिण के सांसद तेजस्वी सूर्या पर चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन और धर्म के नाम पर वोट मांगने का मामला दर्ज किया गया। वह कांग्रेस उम्मीदवार सौम्या रेड्डी के खिलाफ बंगलूरू साउथ सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं। कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि सांसद तेजस्वी सूर्या के खिलाफ एक्स हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट करने और धर्म के आधार पर वोट मांगने के लिए जयनगर थाने में बृहस्पतिवार को मामला दर्ज किया गया है।
कोयंबटूर कार बम विस्फोट मामला ,एनआईए ने 14वें आरोपी के खिलाफ दायर की चार्जशीट
राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने शुक्रवार को 2022 कोयंबटूर कार बम विस्फोट मामले में एक और आरोपी थाहा नसीर के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया। ये विस्फोट आईएसआईएस से प्रेरित था। एनआईए के एक अधिकारी के अनुसार, नसीर के खिलाफ आईपीसी, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और यूएपीए की धाराओं के तहत मामले में आरोप पत्र दायर किया गया। वह मामले में 14वां आरोपी है। विस्फोट 23 अक्तूबर, 2022 को एक वाहन में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस लगाकर किया गया था। विस्फोट में मुख्य आरोपी जेम्सा मुबीन मारा गया था। विस्फोट का उद्देश्य आतंकी मोहम्मद अजरुद्दीन को जेल में बंद करने का बदला लेना था।