खतरा: देश में बड़े हमले का अलर्ट जारी, इस्राइली नागरिकों को निशाना बना सकते हैं आतंकी
हाल ही भारतीय खुफिया एंजेसियों ने आतंकी हमले का अलर्ट जारी किया था। एक बार फिर एजेंसियों ने विस्फोट का अलर्ट जारी किया है। आतंकी संगठनों की चेतावनी के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
विस्तार
अफगानिस्तान में तालिबानी राज के बाद आतंक को पनाह देने वाला पड़ोसी देश पाकिस्तान में आतंकी संगठन फिर से सक्रिय होने लगे हैं। खुफिया एजेंसी ने भारत के लिए अलर्ट जारी किया है। खुफिया एजेंसियों की मानें तो देश में फिर आतंकी हमले हो सकते हैं। आतंकी अलग-अलग शहरों को निशाना बनाकर धमाके करने की तैयारी कर रहे हैं। आतंकी के निशाने पर इस्राइली नागरिक हैं। हालांकि, देश में अलर्ट जारी होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ा दी गई है। देश के प्रमुख शहरों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चेक प्वाइंट्स समेत जगह-जगह सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। साथ ही सुरक्षा बलों ने लोगों से संदिग्ध चीज़े दिखने पर तत्काल पुलिस और सुरक्षाबलों को सूचित करने की अपील की है।