RSS Chintan Shivir: आरएसएस का चिंतन शिविर 14-15 जुलाई को, 2023 के विधानसभा चुनावों पर होगी चर्चा
सूत्रों का दावा है कि चिंतन शिविर में चुनाव जीतने से लेकर राज्य की सत्ता में पार्टी की दोबारा वापसी और सरकार के रोल को लेकर भी चर्चा होगी।
विस्तार
साल 2023 में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर आरएसएस नेताओं ने 14 और 15 जुलाई को बेंगलुरु में दो दिवसीय चिंतन शिविर आयोजित करने की योजना बनाई है। माना जा रहा है कि इसमें कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नलिन कुमार कतील भी शामिल होंगे।
कई मसलों पर होगी चर्चा
जानकारी के मुताबिक, चिंतन शिविर के मद्देनजर 30 जून को आरएसएस प्रमुख मुकुंद और सुधीर ने भाजपा अध्यक्ष से चर्चा की थी। करीब 45 मिनट हुई इस चर्चा में कई अहम मसलों पर बातचीत हुई थी। बता दें कि हिजाब और हलाल के मुद्दों को देखते हुए आरएसएस आगामी चुनावों में भाजपा की जीत को लेकर चिंतित है।
इन मुद्दों पर भी होगा चिंतन
इसके अलावा उन विपक्षी दलों को लेकर भी चिंतन किया जा रहा है, जो लगातार आरएसएस और भाजपा पर हमला बोल रहे हैं। दरअसल, भाजपा के नेता कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्धारमैया को करारा जवाब देने में असमर्थ साबित हुए हैं। इसके अलावा चिंतन शिविर में विधानसभा चुनावों की रणनीति के अलावा अन्य कई मसलों पर भी चर्चा की जाएगी। सूत्रों का दावा है कि चिंतन शिविर में चुनाव जीतने से लेकर राज्य की सत्ता में पार्टी की दोबारा वापसी और सरकार के रोल को लेकर भी चर्चा होगी।