Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   India EU condemn terrorism underscore need for lasting peace in Ukraine in key meeting

भारत-ईयू बैठक: यूक्रेन में स्थायी शांति और समुद्री सुरक्षा पर अहम चर्चा, आतंकवाद पर क्या हुई बात?

Sat, 28 Nov 2026 01:28 AM IST
अमन मौर्या पीटीआई, नई दिल्ली
पीटीआई, नई दिल्ली Published by: अमन मौर्या Updated Sat, 28 Nov 2026 01:28 AM IST
सार

वैश्विक सुरक्षा चुनौतियों के बीच भारत और यूरोपीय संघ ने अपनी रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती देने पर चर्चा की। इस बातचीत में यूक्रेन संकट, समुद्री मार्गों की सुरक्षा, आतंकवाद, रक्षा तकनीक और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग जैसे अहम मुद्दे शामिल रहे।

विज्ञापन
India EU condemn terrorism underscore need for lasting peace in Ukraine in key meeting
india EU meeting - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) ने शुक्रवार को विदेश नीति और सुरक्षा के मुद्दों पर अहम बातचीत की। इस दौरान दोनों पक्षों ने अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सिद्धांतों के अनुरूप यूक्रेन में व्यापक, न्यायसंगत और स्थायी शांति की जरूरत पर जोर दिया।
विज्ञापन


दिल्ली में आयोजित भारत-ईयू विदेश नीति और सुरक्षा परामर्श (एफपीएससी) के 12वें दौर में दोनों पक्षों ने वैश्विक खाद्य सुरक्षा पर नकारात्मक प्रभाव को कम करने के लिए काला सागर में नौवहन की स्वतंत्रता बहाल करने की जरूरत पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने यह जानकारी दी।
विज्ञापन


विदेश मंत्रालय के मुताबिक, दोनों पक्षों ने सीमा पार आतंकवाद सहित आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों की स्पष्ट और कड़े शब्दों में निंदा की। इस बैठक की सह-अध्यक्षता विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज और यूरोपीय बाह्य कार्रवाई सेवा (ईईएएस) में राजनीतिक मामलों के उप महासचिव ओलोफ स्कूग ने की।
विज्ञापन
विज्ञापन


रक्षा और सुरक्षा सहयोग पर क्या चर्चा हुई?
विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा कि दोनों पक्षों ने भारत-ईयू सुरक्षा और रक्षा साझेदारी के तहत सहयोग से जुड़े मुद्दों पर भी विचार साझा किए। इनमें समुद्री सुरक्षा, रक्षा उद्योग और प्रौद्योगिकी, साइबर और हाइब्रिड खतरे, अंतरिक्ष और आतंकवाद विरोधी सहयोग शामिल रहे। दोनों पक्षों ने मार्च में नई दिल्ली में आयोजित पहली सुरक्षा एवं रक्षा वार्ता की मेजबानी की सराहना की। साथ ही भारत-ईयू सूचना सुरक्षा समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में हुई प्रगति और इसके महत्व को रेखांकित किया।

साथ ही दोनों पक्ष अगले साल सुरक्षा एवं रक्षा वार्ता का दूसरा संस्करण आयोजित करने पर भी सहमत हुए। विदेश मंत्रालय ने कहा कि इन परामर्शों के दौरान भारत और यूरोपीय संघ के संबंधों में बनी मजबूत गति और मौजूदा स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने के तरीकों पर चर्चा हुई।

यह चर्चा जनवरी में आयोजित 16वें भारत-ईयू शिखर सम्मेलन में स्वीकार किए गए 'टुवर्ड्स 2030: ए ज्वाइंट इंडिया-यूरोपियन यूनियन कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रैटेजिक एजेंडा' के अनुरूप हुई।

संयुक्त राष्ट्र चार्टर के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई
विदेश मंत्रालय ने कहा, 'मौजूदा भू-राजनीतिक परिदृश्य में जब बहुपक्षवाद और अंतरराष्ट्रीय कानून को चुनौती मिल रही है, तब दोनों पक्षों ने संयुक्त राष्ट्र चार्टर और उसमें निहित नियमों एवं सिद्धांतों को बनाए रखने की अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई। विशेष रूप से संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के सिद्धांतों पर जोर दिया गया।'

दोनों पक्षों ने एक प्रभावी बहुपक्षीय व्यवस्था के महत्व पर बल दिया, जिसके केंद्र में संयुक्त राष्ट्र हो। उन्होंने हिंद-प्रशांत क्षेत्र सहित महत्वपूर्ण क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी अपने विचार साझा किए।

स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत पर क्या सहमति बनी?
बयान में कहा गया कि दोनों पक्षों ने अंतरराष्ट्रीय कानून और संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता तथा विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए आपसी सम्मान पर आधारित स्वतंत्र, खुले, शांतिपूर्ण और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के समर्थन में करीबी समन्वय के महत्व पर जोर दिया।


दोनों पक्षों ने कहा कि विश्वसनीय, पूर्वानुमानित और समान विचारधारा वाले साझेदारों के रूप में उन्होंने नियमित उच्चस्तरीय आदान-प्रदान और मौजूदा संस्थागत संवाद तंत्रों के जरिये भारत-ईयू रणनीतिक साझेदारी को गहरा करने तथा पारस्परिक रूप से लाभकारी, ठोस और परिवर्तनकारी परिणाम हासिल करने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस बैठक में भविष्य में नेताओं के स्तर पर होने वाली बैठकों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed