{"_id":"661e783787965ed8dd00630b","slug":"tamil-nadu-lok-sabha-election-rajnath-singh-and-jp-nadda-slams-dmk-and-congress-2024-04-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"तमिलनाडु: ‘BJP की नीति देश पहले तो डीएमके वंशवाद को दे रही बढ़ावा’, राज्य सरकार पर राजनाथ सिंह ने साधा निशाना","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
तमिलनाडु: ‘BJP की नीति देश पहले तो डीएमके वंशवाद को दे रही बढ़ावा’, राज्य सरकार पर राजनाथ सिंह ने साधा निशाना
Tue, 16 Apr 2024 06:38 PM IST
जलज मिश्रा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई
Published by: जलज मिश्रा
Updated Tue, 16 Apr 2024 06:38 PM IST
सार
कृष्णागिरि में एनडीए उम्मीदवार सी नरसिम्हन के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि डीएमके अपने शासन को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने में विफल रही। डीएमके और उसके सहयोगी कांग्रेस का सिर्फ एक उद्देश्य है- सत्ता हासिल करना।
विज्ञापन
राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा।
- फोटो : ANI
विस्तार
भाजपा के वरिष्ठ नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तमिलनाडु के दौरे पर हैं। दोनों नेताओं ने अलग-अलग शहरों में एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में रैली की। इस दौरान सिंह ने सत्तारूढ़ दल पर कटाक्ष करते हुए पूछा कि डीएमके ने राज्य में परिवारवाद को बढ़ावा देने और भ्रष्टाचार करने के अलावा और क्या किया है। वहीं, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि डीएमके का मतलब घोटाला और वंशवाद है।
विज्ञापन
कृष्णागिरि में एनडीए उम्मीदवार सी नरसिम्हन के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि डीएमके अपने शासन को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने में विफल रही। डीएमके और उसके सहयोगी कांग्रेस का सिर्फ एक उद्देश्य है- केंद्र में सत्ता हासिल करना। उन्होंने कहा कि मैं द्रमुक से पूछना चाहता हूं कि उन्होंने राज्य को क्या दिया है। जहां, भाजपा की नीति है राष्ट्र पहले तो वहीं द्रमुक की नीति है परिवार पहले।
विज्ञापन
मेरे लिए जयललिता के लिए हमेशा सम्मान
रैली में सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सामाजिक कल्याण और राजनीति में ईमानदारी के मामले में सी राजगोपालाचारी, के कामराज और एमजी रामचंद्रन जैसे बड़े नेताओं से प्रेरित हैं। पूर्व मख्यमंत्री जयललिता ने गरीबों के लिए जिस तरह से काम किया और लोगों की सेवा की उस वजह से मेरे मन में उनके लिए हमेशा सम्मान है।
विज्ञापन
डीएमके और कांग्रेस राज्य का विकास कर सकते हैं: राजनाथ
इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए सिंह ने कहा कि यह गठबंधन टिकाऊ नहीं है। सीटों के बंटवारे पर सभी दल आपस में लड़ने लगे क्योंकि उनका एक ही उद्देश्य है और वह है सत्ता हासिल करना। मैं पूछना चाहता हूं कि क्या डीएमके और कांग्रेस राज्य का विकास कर सकते हैं। क्या डीएमके अपने परिवार के अलावा कुछ और सोच सकती है। क्या गठबंधन राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत कर सकता है। क्या यह गठबंधन चुनाव के बाद भी रहेगा। इन सभी सवालों का एक ही जवाब है- नहीं।
जेपी नड्डा ने किया रोड शो
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एनडीए उम्मीदवार और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री ओ पन्नीरसेल्वम के समर्थन में रामनाथपुरम जिले के परमकुडी में रोड शो किया। डीएमके शासन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि डीएमके नेताओं पर रेत घोटाले में शामिल होने का कथित आरोप है। द्रमुक का मतलब सिर्फ वंशवाद और भ्रष्टाचार है। 4 जून को प्रचंड जीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी कार्रवाई में तेजी लाएंगे और ये सभी लोग या तो जेल में होंगे या जमानत पर रहेंगे। पन्नीरसेल्वम की प्रशंसा करते हुए कहा उन्होंने कहा कि यह बहुत ही वरिष्ठ नेता हैं। यह अनुभवी और परिपक्व हैं। उन्होंने तमिलनाडु के हित के लिए लड़ाई लड़ी है। पीएम मोदी तमिल संस्कृति और भाषा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर लेकर गए हैं।