CM Vijay Delhi Visit: पीएम मोदी और तमिलनाडु के सीएम विजय की मुलाकात, जानें सीतारमण से किन मुद्दों पर हुई चर्चा
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय चुनाव पदभार संभालने के बाद आज पहली बार दिल्ली पहुंचे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीतारमण से मुलाकात की। विजय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात कर सकते हैं।
विस्तार
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने आज अपने पहले दिल्ली दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दोनों की मुलाकात की आधिकारिक तस्वीर प्रधानमंत्री कार्यालय के एक्स हैंडल (पीएमओ) पर जारी हुई। पीएमओ के एक्स हैंडल पर इस मुलाकात के बारे में लिखा गया, 'तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की।' कई मीडिया रिपोर्ट्स में ये भी दावा किया जा रहा है कि पीएम मोदी और विजय की ये मुलाकात 12 वर्षों के बाद हुई है। हालांकि, किसी आधिकारिक बयान में इस तथ्य की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है।
Chief Minister of Tamil Nadu, Thiru @actorvijay met Prime Minister @narendramodi today.@CMOTamilnadu pic.twitter.com/xwE8THhDEV
— PMO India (@PMOIndia) May 27, 2026विज्ञापन
तमिलनाडु में ऐतिहासिक जीत के बाद CM बने विजय पहली बार दिल्ली दौरे पर
विधानसभा चुनाव 2026 में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद मुख्यमंत्री बने विजय पहली दिल्ली यात्रा कर रहे हैं। उनके इस दौरे को लेकर समाचार एजेंसी आईएएनएस ने सूत्रों के हवाले से बताया कि वे गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात कर सकते हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में विजय तमिलनाडु के लिए अधिक वित्तीय सहायता और कई अहम इंफ्रास्ट्रक्चर व विकास परियोजनाओं को जल्द मंजूरी देने की मांग से जुड़े ज्ञापन सौंपेंगे। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री बुधवार को दिल्ली रवाना होंगे और उसी दिन चेन्नई लौट सकते हैं।क्यों है यह यात्रा महत्वपूर्ण?
विजय के केंद्र सरकार से राज्य में बुनियादी ढांचे के विस्तार, लंबित वित्तीय आवंटन, औद्योगिक विकास योजनाओं, कल्याणकारी कार्यक्रमों और प्रमुख कनेक्टिविटी परियोजनाओं के लिए अधिक सहयोग मांगने की संभावना है। माना जा रहा है कि ये परियोजनाएं तमिलनाडु की आर्थिक प्रगति के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
यह दौरा राजनीतिक रूप से भी काफी अहम माना जा रहा है। हाल ही में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय और उनकी पार्टी टीवीके ने राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर किया।
विजय की जीत ने सबकों चौका दिया
अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में टीवीके ने 234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सभी को चौंका दिया। हालांकि पार्टी बहुमत के आंकड़े 118 सीटों से पीछे रह गई थी, जिसके बाद राज्य में तेज राजनीतिक गतिविधियां शुरू हुईं।
बाद में विजय को कांग्रेस, वाम दलों, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) और विदुथलाई चिरुथाइगल कत्ची (वीसीके) समेत कई दलों का समर्थन मिला। इसके बाद उन्होंने बहुमत का आंकड़ा पार कर गठबंधन सरकार बनाई।
तमिलनाडु में कई दशकों बाद गठबंधन सरकार का गठन हुआ है। राज्य की राजनीति लंबे समय से डीएमके और एआईएडीएमके के नेतृत्व वाली सरकारों के इर्द-गिर्द घूमती रही है, ऐसे में विजय का उदय राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री विजय ने पीएम आभार व्यक्त किया
इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री विजय ने प्रधानमंत्री की नीदरलैंड यात्रा के दौरान अनाईमंगलम तांबे की प्लेटों को वापस भारत लाने के प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने श्रीलंका नौसेना द्वारा तमिलनाडु के मछुआरों की गिरफ्तारी और उत्पीड़न की बढ़ती घटनाओं पर भी गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि अकेले 2026 में ही ऐसी 12 गिरफ्तारियां हुई हैं, 58 मछुआरे वर्तमान में श्रीलंका की हिरासत में हैं और 266 मछली पकड़ने वाली नौकाएं जब्त की गई हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री से श्रीलंका सरकार से मछुआरों और उनकी नौकाओं को तुरंत रिहा करने का आग्रह करने का अनुरोध किया।
सीतारमण से भी की मुलाकात
विजय ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी मुलाकात कर राज्य के विकास से जुड़ी बंदरगाह, राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे परियोजनाओं और औद्योगिक कॉरिडोर के लिए प्राथमिकता के आधार पर फंड देने की मांग की। इसके लिए उन्होंने एक ज्ञापन भी सौंपा।