फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Swami kesavananda bharati vs Kerala case from which the constitution of the country survives

केशवानंद बनाम केरल मामला जिससे देश का संविधान जीवित है

Mon, 07 Sep 2020 04:31 AM IST
संजीव कुमार झा राजीव सिन्हा, अमर उजाला, नई दिल्ली
राजीव सिन्हा, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: संजीव कुमार झा Updated Mon, 07 Sep 2020 04:31 AM IST
विज्ञापन
Swami kesavananda bharati vs Kerala case from which the constitution of the country survives
kesavananda bharati - फोटो : Twitter

‘केरल के शंकराचार्य’ के नाम से मशहूर 79 वर्षीय केशवानंद भारती का भारतीय लोकतंत्र को मजबूत करने में जो योगदान है, वह न्यायिक इतिहास के पन्नों में सदैव दर्ज रहेगा। संविधान के रक्षक माने जाने वाले केशवानंद भारती मामले (1973) में सुप्रीम कोर्ट का दिया गया निर्णय भारतीय इतिहास की वह तारीख है, जिसके बारे में यह कहना अतिश्योक्ति नहीं होगी कि अगर आज हमारा संविधान जीवित है तो सिर्फ इसकी वजह से।

विज्ञापन


केशवानंद भारती मामले में सुप्रीम कोर्ट की 13 सदस्यीय संविधान पीठ ने बहुमत (7-6) के आधार पर यह फैसला दिया था कि किसी भी स्थिति में संविधान की ‘मूलभूत संरचना’ में बदलाव नहीं किया जा सकता और संसद द्वारा परिवर्तित नहीं किया जा सकता है। इस निर्णय ने संसद के लिए ‘लक्ष्मण रेखा’ तय कर दी। कहना गलत नहीं होगा कि इस फैसले की वजह से भारत एक लोकतंत्र के रूप में बचा रह सका।
विज्ञापन


संविधान की मूलभूत संरचना का तात्पर्य संविधान में निहित उन प्रावधानों से है, जो भारतीय संविधान के लोकतांत्रिक आदर्शों को प्रस्तुत करते हैं। केशवानंद मामले में सुप्रीम कोर्ट ने यह साफ कर दिया कि इन प्रावधानों को संविधान में संशोधन के द्वारा भी हटाया नहीं जा सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन


एक मायने में सुप्रीम कोर्ट ने यह साफ कर दिया कि सरकार की तानाशाही नहीं चलेगी यानी इस फैसले से सरकार पर अपनी संख्या बल के आधार पर मनमानी करने पर विराम लग गया। केशवानंद भारती के मामले के चलते ही संसद और न्यायपालिका के बीच वह संतुलन कायम हो सका।

यह मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि आज तक इस मामले को छोड़कर सुप्रीम कोर्ट में 13 सदस्यीय पीठ का गठन नहीं हुआ। इतना ही नहीं इस मामले ने सबसे लंबी सुनवाई का इतिहास भी रचा। इस मामले की सुनवाई 68 दिनों तक चली थी। मूलभूत संरचना से जुड़े प्रावधान, जो जनमानस के विकास के लिए आवश्यक है, अपने आप में इतने महत्वपूर्ण हैं कि इनमें किसी तरह के नकारात्मक बदलाव से संविधान के सार-तत्व पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

केशवानंद मामले तक पहुंचने वाली सीढ़ियां

स्वतंत्रता के शुरुआती वर्षों में सुप्रीम कोर्ट ने शंकरी प्रसाद (1951) और सज्जन सिंह (1965) जैसे मामलों में निर्णय देते हुए संसद को संविधान में संशोधन करने की पूर्ण शक्ति प्रदान की। इसका कारण यह माना जा सकता है कि स्वतंत्रता के बाद शुरुआती वर्षों में सुप्रीम कोर्ट ने तत्कालीन राजनीतिक नेतृत्व पर विश्वास जताया क्योंकि उस वक्त प्रमुख स्वतंत्रता सेनानी ही आमतौर पर संसद सदस्यों के रूप में सेवा कर रहे थे। इसके बाद गोलकनाथ (1967) मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि संसद अनुच्छेद-368 के तहत मौलिक अधिकारों को समाप्त या सीमित करने की शक्ति नहीं रखती है।


सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला तब आया जब सत्तारूढ़ सरकारों ने अपने राजनीतिक हितों के लिए संविधान में संशोधन करना शुरू कर दिया था। 1970 के दशक की शुरुआत में तत्कालीन इंदिरा गांधी की सरकार द्वारा आरसी कूपर (1970), माधवराव सिंधिया (1970) आदि मामलों में सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए निर्णयों को बदलने के लिए 24, 25, 26 और 29वें संशोधनों में व्यापक बदलाव किए गए।

इन संशोधनों के जरिए इंदिरा सरकार ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा बैंकों के राष्ट्रीयकरण करने के निर्णय को अवैध घोषित करने व पूर्व शासकों को दी जाने वाली ‘प्रिवी पर्स’ को समाप्त करने संबंधी संशोधन को अवैध घोषित करने के निर्णय को पलट दिया।

केशवानंद भारती ने न केवल केरल भूमि सुधार अधिनियम को चुनौती दी थी बल्कि 24, 25, 26 और 29वें संविधान संशोधनों व गोलकनाथ मामले के निर्णय को चुनौती दी थी। केशवानंद ने चूंकि गोलकनाथ मामले में 11 जजों की पीठ द्वारा दिए गए निर्णय को भी चुनौती दी गई थी, इसलिए इस मामले में सुनवाई के लिए तत्कालीन चीफ जस्टिस एसएम सीकरी की अध्यक्षता वाली 13 जजों की पीठ का गठन किया गया।

गौरतलब है कि उस वक्त सुप्रीम कोर्ट में 13 जज ही थे। सभी के सभी जजों को इसमें शामिल किया गया। केशवानंद व अन्य वादियों की ओर से नानी पालखीवाला, फली नरीमन, सोली सोराबजी आदि कानूनविदों ने बहस की थी।

यह था सुप्रीम कोर्ट का फैसला
यह ऐसा मामला था कि 13 जजों की संविधान पीठ के सदस्यों के बीच गंभीर वैचारिक मतभेद देखने को मिले। आखिरकार 24 अप्रैल 1973 को चीफ जस्टिस सीकरी की अध्यक्षता वाली पीठ ने बहुमत (7-6) से निर्णय दिया कि संसद को संविधान के मूलभूत संरचना में बदलाव करने से रोका जाना चाहिए। इस फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने साफ कर दिया अनुच्छेद-368 जो संसद को संविधान में संशोधन करने की शक्तियां प्रदान करता है, के तहत संविधान की मूलभूत संरचना में बदलाव नहीं किया जा सकता है।

क्या है मूलभूत संरचना
केशवानंद मामले में सुप्रीम कोर्ट ने मूलभूत संरचना को परिभाषित तो नहीं किया लेकिन यह माना गया कि संघवाद, पंथनिरपेक्षता, लोकतंत्र आदि ‘मूलभूत संरचना’ हैं। इसके बाद से न्यायालय ने इस सूची का निरंतर विस्तार किया है।

मूलभूत संरचना के रूप में सूचीबद्ध चीजें

  •  संविधान की सर्वोच्चता
  •  विधि का शासन
  •  न्यायपालिका की स्वतंत्रता
  • शक्तियों के पृथक्करण का सिद्धांत
  • संघवाद
  • धर्मनिरपेक्षता
  • संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य
  • संसदीय प्रणाली
  • स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव
  • कल्याणकारी राज्य

मूलभूत संरचना का महत्व

किसी भी देश का संविधान उस देश के मौलिक नियमों का दस्तावेज होता है। इन दस्तावेज के आधार पर ही अन्य सभी कानून बनाए तथा लागू किए जाते हैं। संविधान के कुछ भागों को अन्य प्रावधानों की तुलना में विशेष दर्जा दिया जाता है तथा संविधान के ये भाग व्यापक संविधान संशोधनों से संविधान की रक्षा करते हैं।

मूलभूत संरचना के महत्व को एसआर बोम्मई (1994) मामले से समझा जा सकता है। बाबरी विध्वंस के बाद राष्ट्रपति द्वारा भाजपा सरकारों की बर्खास्तगी को बरकरार रखा गया। सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि इन सरकारों की बर्खास्तगी धर्मनिरपेक्षता के लिए आवश्यक है।

यहीं नहीं खत्म हुई थी न्यायपालिका और सरकार की तनातनी
तत्कालीन चीफ जस्टिस एसएम सीकरी ने सेवानिवृत्ति के ठीक एक दिन पहले यानी 24 अप्रैल 1973 को बहुमत के आधार पर यह फैसला किया था। चीफ जस्टिस भी बहुमत का हिस्सा थे। यह वह फैसला था जिसने सरकार को कहीं न कहीं धक्का पहुंचाया था।

शायद यही वजह थी कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 25 अप्रैल 1973 को परंपरा से हटकर वरिष्ठतम जज को चीफ जस्टिस बनाने की जगह जस्टिस एएन रे को चीफ जस्टिस बनाने का निर्णय लिया। जस्टिस एएन रे, केशवानंद भारती मामले की पीठ का हिस्सा थे और उनका मत बहुमत की राय से उलट था।
कहानी यहीं पर नहीं थमी

1975 में तत्कालीन चीफ जस्टिस एएन रे ने केशवानंद भारती के मामले पर पुनर्विचार करने की भी कोशिश की। उन्होंने बाकायदा 13 सदस्यीय पीठ का गठन किया। पुनर्विचार की कार्यवाही भी शुरू हुई लेकिन दो दिन हुई सुनवाई में पालकीवाला आदि न्यायविदों के कठोर विरोध के बाद इस पीठ को भंग करने पड़ा। पालकीवाला का कहना था कि बगैर पुनर्विचार याचिका दायर हुए पुनर्विचार नहीं किया जा सकता।

क्यों पहुंचे केशवानंद कोर्ट
भारत के न्यायिक इतिहास में केशवानंद भारती नाम अमर है और वह भी एक वादी के तौर पर। केशवानंद दक्षिण भारत के बहुत बड़े संत थे। उन्हें केरल का शंकराचार्य कहा जाता था। केरल में कासरगोड़ नामक एक जिला है। कर्नाटक से सटे इस जगह पर सदियों पुराना एक शैव मठ है, जो एडनीर में स्थित है।

यह मठ महान संत व अद्वैत वेदांत दर्शन के प्रणेता आदिगुरु शंकराचार्य से जुड़ा हुआ है। शंकराचार्य के चार शुरुआती शिष्यों में से एक तोतकाचार्य थे जिनकी परंपरा में यह मठ स्थापित हुआ था। माना जाता है कि इस मठ का इतिहास करीब 1200 वर्ष पुराना है। केरल और कर्नाटक में इसका काफी सम्मान है।

शंकराचार्य की क्षेत्रीय पीठ का दर्जा प्राप्त होने के चलते इस मठ के प्रमुख को ‘केरल का शंकराचार्य भी कहा जाता है। केशवानंद भारती ने महज 19 वर्ष की आयु में संन्यास ले लिया था। कुछ वर्ष बाद गुरु के निधन की वजह से केशवानंद एडनीर मठ के मुखिया बन गए। पिछले 57 सालों से वह इस पद पर बने हुए थे। केशवानंद को श्रीमत् जगदगुरु श्रीश्री शंकराचार्य तोतकाचार्य श्री केशवानंद भारती श्रीपदगवरु के संबोधन से बुलाया जाता था।
एडनीर मठ का न केवल अध्यात्म के क्षेत्र में बल्कि नृत्य, कला, संगीत और समाज सेवा में भी बड़ा योगदान है। भारत की नाट्य और नृत्य परंपरा को बढ़ावा देने के लिए एडनीर मठ के कई स्कूल और कॉलेज चल रहे हैं। इसके अलावा यह मठ सालों से कई तरह के व्यवसायों को भी संचालित करता है। सत्तर के दशक के आसपास कासरगोड़ में इस मठ के पास हजारों एकड़ जमीन थी। 1972 में केरल भूमि सुधार अधिनियम आया।

समाज से आर्थिक विषमताओं को कम करने के मकसद से लाए गए इस कानून के तहत जमींदारों और मठों के पास मौजूद हजारों एकड़ की जमीन अधिगृहीत कर ली गई। इसमें एडनीर मठ की भी संपत्तियां थी। मठ की सैकड़ों एकड़ जमीन को सरकार ने अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद एडनीर मठ प्रमुख स्वामी केशवानंद भारती ने सरकार के इस फैसले को अदालत में चुनौती दी।

हाईकोर्ट में दायर याचिका में केशवानंद भारती ने अनुच्छेद 26 का हवाला देते हुए मांग की थी कि उन्हें धार्मिक संपदा का प्रबंधन करने का मूल अधिकार दिया जाए। उन्होंने संविधान संशोधन के जरिए अनुच्छेद-31 में प्रदत्त संपत्ति के मूल अधिकार पर पाबंदी लगाने वाले केंद्र सरकार के 24वें, 25वें और 29वें संविधान संशोधनों को चुनौती दी थी। इसके अलावा केरल और केंद्र सरकार के भूमि सुधार कानूनों को भी उन्होंने चुनौती दी। लेकिन केरल हाईकोर्ट में केशवानंद को सफलता नहीं मिली जिसके बाद यह मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा।
 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed