{"_id":"5b53fcc84f1c1bb35d8b4b2d","slug":"swami-agnivesh-says-central-government-sponsored-and-supported-crowd-did-attack-on-me","type":"story","status":"publish","title_hn":"स्वामी अग्निवेश का भाजपा पर हमला, कहा- प्रायोजित और समर्थित भीड़ ने मुझे पीटा ","category":{"title":"India News","title_hn":"भारत","slug":"india-news"}}
स्वामी अग्निवेश का भाजपा पर हमला, कहा- प्रायोजित और समर्थित भीड़ ने मुझे पीटा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Updated Sun, 22 Jul 2018 09:10 AM IST
विज्ञापन
स्वामी अग्निवेश
सामाजिक कार्यकर्ता स्वामी अग्निवेश ने कथित तौर पर हुई पिटाई को लेकर एक बार फिर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि 100-150 लोगों की भीड़ ने मुझपर हमला किया था। वो एक हत्या करने वाली भीड़ थी और वो भीड़ कोई अनजाना चेहरा नहीं थी बल्कि इस भीड़ को राज्य और केंद्र सरकार के किसी व्यक्ति द्वारा प्रायोजित और समर्थित किया गया था।
विज्ञापन
टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए एक साक्षात्कार में उन्होंने कट्टरपंथी हिंदुत्व को लेकर कहा कि जिसे कट्टरपंथी हिंदुत्व कहा जाता है, असल में वह हिंदू संस्कृति, या सनातन धर्म के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं। मैं पिछले कई सालों से धर्म, जाति, बंधुआ मजदूर, महिलाओं और दलितों के समानता के अधिकार की लड़ाई लड़ता आया हूं। लेकिन ये 'नकली हिंदू' या कट्टरपंथी हिंदू मुझे हिंदुत्व का दुश्मन मानते हैं। ऐसा कट्टरपंथी दृष्टिकोण एक प्रकार का नवजात फासीवाद है। अगर हम इसे समय रहते जड़ से उखाड़ कर फेंक नहीं देते तो आगे चलकर ये भारी नुकसान पहुंचा सकता है।
विज्ञापन
उन्होंने सुप्रीम कोर्ट द्वारा भीड़तंत्र पर काबू करने के लिए सरकार को दिए निर्देशों को लेकर भी कहा 'सिर्फ फैसला सुना देना ही काफी नहीं है। सुप्रीम कोर्ट को ऐसे सभी केसों की देखरेख के लिए एक निगरानी समिति का गठन करना चाहिए।'
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने जिस दिन अपना फैसला सुनाया उसी दिन मेरे ऊपर हमला हुआ और भीड़ द्वारा मुझे पीटा गया। मेरे ऊपर हमला करने वाले 8 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया लेकिन क्यों उन्हें जल्दी ही छोड़ दिया गया? मैं चाहता हूं कि इस पूरे प्रकरण की जांच किसी वर्तमान या सेवानिवृत जज द्वारा हो।
उन्होंने पुलिस पर भी सवालिया निशान लगाते हुए कि मुझे पुलिस पर विश्वास नहीं है। मैंने अपने दौरे को लेकर राज्य सरकार को पहले ही सूचित कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद मुझे सुरक्षा प्रदान नहीं की गई। इसके अलावा जब मेरे ऊपर हमला हुआ, उसके आधे घंटे तक पुलिस वहां पहुंची भी नहीं।
बता दें कि स्वामी अग्निवेश 17 जुलाई को लिट्टीपारा में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए झारखंड के पाकुड़ पहुंचे थे। लेकिन कार्यक्रम स्थल से बाहर आते ही भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) और एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने उनपर हमला बोल दिया और उनकी पिटाई कर दी। उन्होंने अग्निवेश के कपड़े भी फाड़ दिए थे। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।