Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   supreme-court-to-hear-umar-khalid-sharjeel-imam-bail-pleas-uapa-case-today

दिल्ली दंगा साजिश मामला: उमर खालिद और शरजील इमाम ने फिर मांगी जमानत, सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज

Wed, 25 Nov 2026 04:03 AM IST
देवेश त्रिपाठी पीटीआई, नई दिल्ली
पीटीआई, नई दिल्ली Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Wed, 25 Nov 2026 04:03 AM IST
सार

सुप्रीम कोर्ट बुधवार को उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर सुनवाई करेगा। दोनों ने दिल्ली हाईकोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें फरवरी 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों से जुड़े कथित बड़ी साजिश के मामले में उन्हें जमानत देने से इनकार कर दिया गया था।

विज्ञापन
supreme-court-to-hear-umar-khalid-sharjeel-imam-bail-pleas-uapa-case-today
उमर खालिद और शरजील इमाम - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

दिल्ली में फरवरी 2020 में हुए उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों से जुड़ी कथित बड़ी साजिश के मामले में आरोपी कार्यकर्ताओं उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट बुधवार को सुनवाई करेगा। दोनों ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत दर्ज मामले में दिल्ली हाईकोर्ट के जमानत देने से इनकार करने के फैसले को चुनौती दी है।
विज्ञापन


सुप्रीम कोर्ट की वाद सूची के मुताबिक, मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ इस मामले की सुनवाई कर सकती है। दोनों आरोपियों ने अपनी याचिकाओं में कहा है कि अभियोजन पक्ष अब तक संरक्षित गवाहों की गवाही दर्ज नहीं करा पाया है। साथ ही, सुप्रीम कोर्ट की ओर से लगाई गई एक साल की रोक की अवधि भी समाप्त होने के करीब है।
विज्ञापन


छह साल नौ महीने से जेल में हैं शरजील इमाम
शरजील इमाम की याचिका में कहा गया है कि इस मामले में 25 सितंबर 2020 को आरोपपत्र दाखिल किया गया था। इसमें 18 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा चल रहा है और अभियोजन पक्ष ने 900 से अधिक गवाहों की सूची दी है। इनमें 47 संरक्षित गवाह शामिल हैं। इमाम ने अपनी याचिका में कहा है कि वह विचाराधीन कैदी के रूप में छह साल और नौ महीने से जेल में हैं, लेकिन अभियोजन पक्ष अब तक एक भी गवाह की गवाही दर्ज नहीं करा पाया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


उमर खालिद ने भी अपनी याचिका में संरक्षित गवाहों की गवाही नहीं होने का मुद्दा उठाया है। उनका कहना है कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से तय एक साल की अवधि समाप्त होने के बाद भी उन्हें जेल में रखना संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत मिले जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के अधिकार का उल्लंघन होगा।

हाईकोर्ट ने 30 सितंबर को खारिज की थी जमानत याचिका
दिल्ली हाईकोर्ट ने 30 सितंबर को उमर खालिद और शरजील इमाम को यूएपीए के तहत दर्ज मामले में जमानत देने से इनकार कर दिया था। हाईकोर्ट ने कहा था कि वह न्यायिक अनुशासन से बंधा हुआ है और सुप्रीम कोर्ट के पांच जनवरी के आदेश में बदलाव नहीं कर सकता। सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि दोनों आरोपी संरक्षित गवाहों की गवाही पूरी होने या आदेश की तारीख से एक साल बीतने के बाद, जो भी पहले हो, जमानत के लिए फिर से आवेदन कर सकते हैं।

दोनों ने ट्रायल कोर्ट के चार जुलाई के फैसले को भी चुनौती दी है। ट्रायल कोर्ट ने उनकी जमानत याचिकाएं तीसरी बार खारिज कर दी थीं। अदालत ने कहा था कि उसे सुप्रीम कोर्ट के पांच जनवरी के आदेश का पालन करना होगा और इसलिए वह जमानत याचिका पर सुनवाई कर राहत नहीं दे सकती।

सुप्रीम कोर्ट ने बताया था कथित साजिश का वैचारिक नेतृत्वकर्ता
हाईकोर्ट ने अपने फैसले में सुप्रीम कोर्ट की जनवरी की टिप्पणी का भी उल्लेख किया था। शीर्ष अदालत ने उस समय कहा था कि उमर खालिद और शरजील इमाम की भूमिका अन्य सह-आरोपियों से अलग थी और वे कथित साजिश के वैचारिक नेतृत्वकर्ता थे।

दोनों पर फरवरी 2020 के दंगों की कथित साजिश के मुख्य आरोपियों में शामिल होने का आरोप है। इन दंगों में 53 लोगों की मौत हुई थी और 700 से अधिक लोग घायल हुए थे। हिंसा नागरिकता संशोधन कानून (सीएए), 2019 और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के खिलाफ हुए प्रदर्शनों के दौरान भड़की थी। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल इस मामले की जांच कर रही है। कार्यकर्ता खालिद सैफी और आम आदमी पार्टी के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन समेत कई अन्य लोगों को भी कथित बड़ी साजिश के मामले में आरोपी बनाया गया है।

2020 में हुई थी दोनों की गिरफ्तारी
शरजील इमाम को इस मामले में 25 अगस्त 2020 को गिरफ्तार किया गया था, जबकि उमर खालिद की गिरफ्तारी 13 सितंबर 2020 को हुई थी। दो सितंबर 2025 को दिल्ली हाईकोर्ट की खंडपीठ ने दोनों को जमानत देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद पांच जनवरी को सुप्रीम कोर्ट ने भी हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखा था। हालांकि, उसी आदेश में सह-आरोपी गुलफिशा फातिमा, मीरान हैदर, शिफा उर रहमान, मोहम्मद सलीम खान और शादाब अहमद को राहत दी गई थी।

न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति एनवी अंजरिया की पीठ ने तब कहा था कि उमर खालिद और शरजील इमाम के खिलाफ यूएपीए के तहत प्रथम दृष्टया मामला बनता है। सुनवाई में देरी की दलील खारिज करते हुए शीर्ष अदालत ने दोनों को संरक्षित गवाहों की गवाही पूरी होने या एक साल की अवधि समाप्त होने के बाद नई जमानत याचिका दाखिल करने की छूट दी थी।


यूएपीए के तहत लंबे समय तक जेल में रहने का मामला बड़ी पीठ को भेजा
सुप्रीम कोर्ट ने 22 मई को इसी मामले के सह-आरोपी अब्दुल खालिद सैफी और तस्लीम अहमद को छह महीने की अंतरिम जमानत दी थी। साथ ही, यूएपीए के तहत जमानत की सख्त शर्तों को देखते हुए विचाराधीन कैदियों को लंबे समय तक जेल में रखने से जुड़े सवाल को बड़ी पीठ के पास भेज दिया था।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed