हाउडी मोदी पर चिदंबरम ने कसा तंज, सोनिया और मनमोहन मिलने तिहाड़ पहुंचे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम आईएनएक्स मीडिया मामले में इस समय तिहाड़ जेल में बंद है। आज सुबह उनसे मिलने के लिए कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कार्ति चिदंबरम पहुंचे। इस मुलाकात के बाद पी चिदंबरम ने ट्वीट करके प्रधानमंत्री मोदी के भारत में सब अच्छा है वाले बयान पर तंज कसा। उन्होंने सरकार पर बेरोजगारी, भीड़ हिंसा, कश्मीर बंद को लेकर निशाना साधा। इसके अलावा उन्होंने सोनिया और मनमोहन के उनसे मिलने के लिए आने पर आभार व्यक्त किया।
पी चिदंबरम ने ट्वीट कर कहा, 'मैंने अपने परिवार को मेरी ओर से ट्वीट करने के लिए कहा है- मैं आज सम्मान की अनुभूति कर रहा हूं कि श्रीमती सोनिया गांधी और डॉ. मनमोहन सिंह जी मुझसे मिलने आए। जब तक कांग्रेस पार्टी मजबूत और साहसी है, मैं भी मजबूत और साहसी रहूंगा।' उन्होंने आगे कहा, 'बेरोजगारी, कम वेतन, भीड़ हिंसा, कश्मीर में तालाबंदी, मौजूदा नौकरियों के खत्म होने और विपक्षी नेताओं को जेल में डालने के अलावा भारत में सब अच्छा है।'
बेरोजगारी, कम वेतन, भीड़ हिंसा, कश्मीर में तालाबंदी, मौजूदा नौकरियों के खत्म होने और विपक्षी नेताओं को जेल में डालने के अलावा भारत में सब अच्छा है
— P. Chidambaram (@PChidambaram_IN) September 23, 2019
अपने पिता पी चिदंबरम से मिलने के बाद कार्ति ने कहा, 'मेरे पिता और मेरा परिवार कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह का आभारी है कि वह आज उनसे मिलने के लिए आए और अपना समर्थन दिखाया। इस राजनीतिक लड़ाई में यह हमारे लिए बहुत बड़ा प्रोत्साहन है।'
महाराष्ट्र के वित्त मंत्री सुधीर मुंगटीवार ने नागपुर में सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह के पी चिदंबरम से तिहाड़ में मुलाकात करने पर कहा, 'यह एक मजबूरी रही होगी या फिर उन्हें डर लग रहा होगा कि पी चिदंबरम किसी रहस्य का उजागर न कर दें।'
बता दें कि विशेष सीबीआई अदालत ने चिदंबरम की न्यायिक हिरासत तीन अक्तूबर तक के लिए बढ़ा दी है। इससे पहले गुरुवार को उनकी 14 दिन की न्यायिक हिरासत की अवधि खत्म हो गई थी। जिसके बाद उनके वकील सिब्बल ने चिदंबरम के लिए एम्स में नियमित तौर पर मेडिकल जांच और उनके लिए तिहाड़ में पर्याप्त पूरक आहार की व्यवस्था भी मुहैया कराने की अपील की थी।
क्या है आईएनएक्स मीडिया केस
सीबीआई ने 2007 में आईएनएक्स मीडिया को 305 करोड़ के विदेशी निवेश के लिए विदेशी निवेश संवर्धन बोर्ड (एफआईपीबी) की अनुमति देने में अनियमितता का केस दर्ज किया था। उस समय चिदंबरम केंद्रीय वित्त मंत्री थे। इसके बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया था।