'चप्पलमार' सांसद गायकवाड़ के समर्थन में खड़े हुए शिवसेना MP
एयरलाइंसों की ओर से रवींद्र गायकवाड़ के खिलाफ लगाए गए प्रतिबंध के खिलाफ सभी शिवसेना सांसद बुधवार को संसद में एकजुट होकर खड़े हो गए। शिवसेना सांसदों ने यहां तक कहा कि सरकार का हिस्सा होने के चलते वे कोई हंगामा नहीं करना चाहते हैं, लेकिन सरकार नहीं सुनेगी तो उन्हें संसद में प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। वहीं एक अन्य सांसद देवजी पटेल ने भी एक एयरलाइंस की ओर से उनके साथ की गई ज्यादती का मामला उठाया, जिसमें कई अन्य सांसद उनके साथ हो लिए।
आनंदराव अडसुल की अगुवाई में शिवसेना सांसद गायकवाड़ पर एयरलाइंसों की ओर से लगे प्रतिबंध के खिलाफ लोकसभा में विशेषाधिकार हनन नोटिस पर सुनवाई की मांग कर रहे थे। हालांकि स्पीकर सुमित्रा महाजन ने उन्हें इसकी अनुमति प्रदान नहीं की।
शिवसेना सांसदों ने दी प्रदर्शन करने की चेतावनी
इसी दौरान शिवसेना सांसदों ने प्रदर्शन करने की चेतावनी दे डाली। स्पीकर ने कहा कि उन्होंने उनका यह नोटिस अभी देखा नहीं है। इसे देखने के बाद ही वह इस मुद्दे पर बात करेंगी।
शिवसेना सांसदों ने कहा कि हवाई यात्रा उनका संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने तो यहां तक कहा कि गायकवाड़ की ओर से की गई बदसुलूकी का वीडियो वायरल किया गया है, लेकिन पहले एयरलाइंस कर्मी ने उनके साथ बदतमीजी की थी। इस बारे में कोई नहीं बोल रहा है।
गायकवाड़ के साथ की गई बदतमीजी का वीडियो भी उनके पास है। वहीं भाजपा सांसद देवजी पटेल ने एक एयरलाइंस पर आरोप लगाया कि उनकी ओर से बुक की गई सीट को उन्हें उपलब्ध नहीं कराया या। जब वह बोर्डिंग के लिए गए तो उन्हें उनकी सीट किसी अन्य को दे देने की बात कही गई। उन्होंने मांग की कि एयरलाइंसों की दादागिरी पर रोक लगनी चाहिए। इसके बाद स्पीकर ने सांसदों को आश्वासन दिलाया कि वह इस मामले को देखेंगी।