Karnataka: 'मुझे मंत्री पद का वादा किया गया', मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों पर कांग्रेस विधायक गौड़ा का बयान
कर्नाटक मंत्रिमंडल विस्तार के अटकलों के बीच कांग्रेस विधायक केएम शिवलिंगे गौड़ा ने मंत्री पद को लेकर खुले तौर पर अपनी इच्छा जाहिर की है। उन्होंने कहा कि उन्हें मंत्री पद का वादा कर जेडीएस से कांग्रेस में लाया गया था और अब उन्हें भरोसा है कि आगामी कैबिनेट विस्तार में उन्हें मंत्री बनाया जाएगा।
विस्तार
कर्नाटक की सियासत में इन दिनों मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर गर्माहट तेज है। अटकलें इस बात की तेज है कि कर्नाटक में किसी भी दिन मंत्रिमंडल के विस्तार की घोषणा हो सकती है। ऐसे में कांग्रेस विधायकों की नजर मंत्रिमंडल पर है। इसी बीच कांग्रेस विधायक केएम शिवलिंगे गौड़ा ने मंत्रिमंडल को लेकर खुलकर अपनी मांग रखी है। जहां शनिवार उन्होंने कहा कि उन्हें मंत्री पद का वादा कर जेडीएस से कांग्रेस में लाया गया था और अब उन्हें भरोसा है कि आगामी कैबिनेट विस्तार में उन्हें मंत्री बनाया जाएगा।
मुझे मंत्री बनाया जाएगा- गौड़ा
अरसीकेरे से चार बार विधायक रह चुके गौड़ा ने कहा कि कैबिनेट विस्तार अभी होना बाकी है, लेकिन जब भी होगा, मुझे मंत्री बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने सार्वजनिक रूप से कई बार कहा है कि सरकार के ढाई साल पूरे होने के बाद मुझे मंत्री पद देंगे। उन्होंने आगे कहा कि मैं हासन जिले से कांग्रेस का इकलौता विधायक हूं, पार्टी को मजबूत करने के लिए मुझे मंत्री बनाया जाना चाहिए। यही राजनीतिक गणित है।
ये भी पढ़ें:- Congress: पाकिस्तान को ऋण मिलने पर कांग्रेस का आरोप, कहा- IMF बैठक में अमेरिकी दबाव के आगे झुक गई केंद्र सरकार
गौड़ा ने खुलकर जाहिर की इच्छा
गौड़ा 2023 विधानसभा चुनाव से पहले जेडीएस छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। राज्य में सरकार बनने के बाद से अब तक कोई कैबिनेट फेरबदल नहीं हुआ है। ऐसे में कई विधायकों की ओर से मंत्री बनने की मांग की जा रही है। कुछ विधायकों, जैसे कि गौड़ा ने तो यह इच्छा खुलकर जाहिर भी की है।
राज्य गृह मंत्री ने दी थी प्रतिक्रिया
कर्नाटक में कांग्रेस विधायकों की तरफ से मंत्री पद को लेकर उठ रही मांग के बीच शुक्रवार को राज्य गृह मंत्री जी परमेश्वर ने प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने शुक्रवार को कहा था कि कर्नाटक मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान और मुख्यमंत्री सिद्धारमैया लेंगे। उन्होंने कहा कि मुझे इस बारे में जानकारी नहीं है और मैं इस पर टिप्पणी नहीं करना चाहूंगा।
ये भी पढ़ें:- CRPF: सीआरपीएफ ने फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस पर तैयार किया मैनुअल अलार्मिंग सिस्टम, कटीली तारों पर टांगीं खाली बोतलें
राज्य गृह मंत्री ने कहा था कि हमारे पास 138 कांग्रेस विधायक हैं और उनमें से केवल कुछ ही मंत्री बन सकते हैं। ऐसे में इच्छुक नेताओं की मांगें स्वाभाविक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कई विधायक खुले तौर पर मंत्री बनने की इच्छा जता चुके हैं, लेकिन अब तक सरकार में कोई फेरबदल नहीं हुआ है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.