{"_id":"668bd3258d2fb5470c00b433","slug":"shiv-sena-leader-rajesh-shah-remanded-in-14-day-judicial-custody-by-mumbai-court-in-bmw-hit-and-run-case-2024-07-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"बीएमडब्ल्यू हिट-एंड-रन केस: शिवसेना नेता को राहत, 14 दिन की न्यायिक हिरासत के आदेश के थोड़ी देर बाद ही जमानत","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
बीएमडब्ल्यू हिट-एंड-रन केस: शिवसेना नेता को राहत, 14 दिन की न्यायिक हिरासत के आदेश के थोड़ी देर बाद ही जमानत
Mon, 08 Jul 2024 05:23 PM IST
अभिषेक दीक्षित
पीटीआई, मुंबई
पीटीआई, मुंबई
Published by: अभिषेक दीक्षित
Updated Mon, 08 Jul 2024 05:23 PM IST
सार
मुंबई पुलिस ने सोमवार को कहा कि फरार मुख्य आरोपी के पिता राजेश शाह ने दुर्घटना के बाद उसे मौके से भागने को कहा था। यही नहीं, राजेश ने अपने ड्राइवर राजऋषि बिदावत को घटना की जिम्मेदारी लेने को कहा, जो हादसे के समय कार में था।
विज्ञापन
BMW Hit & Run Case
- फोटो : Amar Ujala
विस्तार
मुंबई की एक अदालत ने बीएमडब्ल्यू हिट-एंड-रन मामले में शिवसेना नेता राजेश शाह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा। हालांकि, थोड़ी देर बाद ही उनकी ओर से जमानत याचिका दायर की गई, जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी। इस बीच मुंबई पुलिस ने वर्ली इलाके में बीएमडब्ल्यू कार की टक्कर से एक महिला की मौत के मामले में सत्तारूढ़ शिवसेना के नेता के 24 वर्षीय बेटे को पकड़ने के लिए छह टीम गठित की है।
विज्ञापन
दरअसल, शिवसेना नेता का बेटा ही उस बीएमडब्ल्यू कार को चला रहा था, जिसने एक स्कूटर को टक्कर मार दी थी। घटना में एक महिला की मौत हो गई थी और उसका पति घायल हो गया। पड़ोसी पालघर जिले के शिवसेना नेता राजेश शाह के बेटे मिहिर शाह के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) भी जारी किया गया है। मिहिर शाह के देश से भागने की आशंका के बाद एलओसी जारी किया गया है।
विज्ञापन
'पिता ने बेटे को भागने को कहा'
इस बीच मुंबई पुलिस ने सोमवार को कहा कि फरार मुख्य आरोपी के पिता राजेश शाह ने दुर्घटना के बाद उसे मौके से भागने को कहा था। यही नहीं, राजेश ने अपने ड्राइवर राजऋषि बिदावत को घटना की जिम्मेदारी लेने को कहा, जो हादसे के समय कार में था। पुलिस ने अदालत में सीसीटीवी फुटेज भी पेश किए जिनमें कार से कावेरी नखवा को डेढ़ किलोमीटर तक घसीटते हुए देखा गया। इन तस्वीरों में मिहिर शाह और सह-आरोपी राजऋषि बिदावत को बोनट से महिला को खींचकर हटाते, उसे सड़क पर रखते और गाड़ी को उलटी दिशा में चलाते समय उसे कुचलते हुए देखा जा सकता है। यह भी दावा किया गया कि घटना के बाद राजेश शाह उस जगह पर भी गया, जहां घटना हुई थी।
विज्ञापन
क्या है मामला?
पुलिस के मुताबिक, वर्ली कोलीवाड़ा निवासी कावेरी नखवा (45) रविवार को सुबह करीब साढ़े पांच बजे अपने पति प्रदीप के साथ डॉ. एनी बेसेंट मार्ग से गुजर रही थीं, तभी बीएमडब्ल्यू सवार मिहिर शाह ने दंपति के दोपहिया वाहन को कथित तौर पर टक्कर मार दी। महिला कार के साथ दो किलोमीटर से अधिक दूरी तक घिसटती चली गई। उन्होंने बताया कि महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मिहिर बांद्रा-वर्ली सी लिंक की ओर भाग गया। छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद वर्ली पुलिस ने मिहिर के पिता राजेश शाह और ड्राइवर बिदावत को हादसे के बाद भागने में मिहिर की मदद करने के आरोप में रविवार को गिरफ्तार कर लिया। कार का राजेश शाह के नाम पर है।
पुलिस को इस बात का संदेह
पुलिस को संदेह है कि हादसे के समय मिहिर शराब के नशे में था, क्योंकि घटना से कुछ घंटे पहले उसे जुहू इलाके में एक बार में देखा गया था। पुलिस को बार का 18,000 रुपये का बिल भी मिला है और इसकी जांच की जा रही है। बार के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।
सीएम शिंदे ने कही यह बात
इससे पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने सोमवार को कहा कि उन्होंने पुलिस को निर्देश दिया है कि वह शक्तिशाली और प्रभावशाली व्यक्तियों से जुड़े ‘हिट एंड रन’ मामलों को गंभीरता से ले और न्याय सुनिश्चित करे। यह बर्दाश्त से बाहर है कि शक्तिशाली और प्रभावशाली लोग अपने पद का दुरुपयोग कर सिस्टम में हेरफेर करने का प्रयास कर रहे हैं। न्याय की ऐसी विफलताओं को मेरी सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी।