Updates:देशभर के चार हाईकोर्ट के सात अतिरिक्त न्यायाधीश हुए स्थायी; पढ़ें देश भर की अहम खबरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्र सरकार ने देश के चार हाईकोर्ट के सात अतिरिक्त जजों को स्थायी जज के तौर पर पदोन्नत कर दिया। इनमें जस्टिस लापिता बनर्जी पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट में स्थायी जज बनाई गई हैं। केंद्रीय विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर यह जानकारी दी।
कलकत्ता हाईकोर्ट के जस्टिस अनन्या बंद्योपाध्याय, जस्टिस राय चट्टोपाध्याय, जस्टिस शंपा दत्त (पॉल) और जस्टिस राजा बसु चौधरी को स्थायी जज बनाया गया। केरल हाईकोर्ट में जस्टिस शोभा अन्नम्मा ईपेन और झारखंड हाईकोर्ट में जस्टिस प्रदीप कुमार श्रीवास्तव को भी स्थायी जज के रूप में पदोन्नत किया गया। वहीं कलकत्ता हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश जस्टिस सुभेंदु सामंत को 18 मई से प्रभावी एक वर्ष का नया कार्यकाल दिया गया।
नगालैंड : 14.32 करोड़ की सुपारी जब्त
असम राइफल्स ने सोमवार को नगालैंड के कोहिमा में राष्ट्रीय राजमार्ग 29 पर एक तलाशी अभियान में 14.32 करोड़ रुपये की 120 टन सुपारी जब्त की।
पुलिस ने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर असम राइफल्स के सैनिकों ने चेक पोस्ट लगाया था। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग 29 पर जखामा के पास चार पिकअप और पांच ट्रक बिना किसी परमिट या दस्तावेज के सुपारी ले जाते हुए पाए गए। इसके बाद जब्त सुपारी और वाहनों और आरोपियों को सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया गया।
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान ने सोमवार शाम इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में ब्रह्मोस एयरोस्पेस के डिप्टी सीईओ संजीव जोशी की पुस्तक 'एक समंदर, मेरे अंदर' लॉन्च की। यह पुस्तक 75 कविताओं का संग्रह है। इस मौके पर रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट, अभिनेता आशुतोष राणा, प्रसिद्ध लेखक रामबहादुर राय, डीआरडीओ प्रमुख डॉ. समीर वी कामत, वायुसेना के उप प्रमुख एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित आदि भी मौजूद थे।
ओडिशा : रिश्वतखोरी के लिए पूर्व बैंक मैनेजर को 4 साल का कठोर कारावास
भुवनेश्वर की सीबीआई अदालत ने मंगलवार को पूर्व बैंक प्रबंधक दुर्योधन सेठी को सात साल पहले रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के लिए चार साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई। भुवनेश्वर के विशेष सीबीआई न्यायाधीश की अदालत ने मामले में दुर्योधन सेठी को दोषी पाया।
ओडिशा के ढेंकनाल जिले के दादरघाटी में एक बैंक के शाखा प्रबंधक के रूप में अपनी पोस्टिंग के दौरान सेठी ने पोल्ट्री ऋण के लिए एक व्यक्ति से रिश्वत की मांग की थी। सीबीआई ने जाल बिछाकर सेठी को 9 अगस्त, 2016 को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया था। अदालत ने सुनवाई के बाद सेठी को दोषी ठहराया।
कनार्टक : हनुमान ध्वज विवाद में अफसर निलंबित, तनाव
कर्नाटक के मांडया में 108 फुट ऊंचे हनुमान ध्वज हटाने को लेकर बढ़ते तनाव के बीच केरागोडु ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (पीडीओ) को निलंबित कर दिया गया है। मांडया जिला पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शेख तनवीर आसिफ की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि केरागोडु गांव में केवल तिरंगा फहराने की अनुमति दी थी। आदेश में कहा गया है कि पीडीओ ने न केवल लोगों को हनुमान ध्वज फहराने का मौका दिया, बल्कि इसे हटाने के लिए भी कदम नहीं उठाया।