डिजिटल मंच पर आएगी मुंबई पुलिस: एआई खोलेगा अपराधों के बीच छिपे राज; ‘प्रत्यंचा’ से जुड़ेंगी बिखरी हुई कड़ियां
मुंबई पुलिस अब एआई की मदद से अपराधों की गुत्थी सुलझाएगी। इसके लिए ‘प्रत्यंचा’ फ्यूजन सेंटर शुरू किया गया है, जहां अलग-अलग एजेंसियों के रिकॉर्ड जोड़कर अपराधियों और गिरोहों के छिपे संबंधों का पता लगाया जाएगा। इसके अलावा पुलिसकर्मियों को टैबलेट, नागरिकों को सिटिजन ऐप और डिजिटल पहचान पत्र मिलेंगे। पुराने रिकॉर्ड भी डिजिटल होंगे। क्या इन तकनीकों से अपराधों पर लगाम लगेगी? आइए, सबकुछ विस्तार से जानते हैं...
विस्तार
मुंबई पुलिस अब अपराधियों तक पहुंचने और अपराधों की कड़ियां जोड़ने के लिए एआई की मदद लेगी। इसके लिए ‘प्रत्यंचा’ नाम का एक खास फ्यूजन सेंटर शुरू किया गया है। यहां पुलिस और दूसरी सरकारी एजेंसियों के पास मौजूद अलग-अलग जानकारियों को एक जगह लाकर एआई के जरिए उनका विश्लेषण किया जाएगा। इससे अलग-अलग इलाकों में हुए अपराधों के बीच छिपे संबंधों का पता लगाने, एक ही गिरोह के अलग-अलग मामलों में शामिल होने की जानकारी जुटाने और अपराधियों तक तेजी से पहुंचने में मदद मिलेगी। मुंबई पुलिस के 50 हजार से अधिक अधिकारी और कर्मचारी भी एक डिजिटल मंच पर जुड़ेंगे। मेगासिटी पुलिसिंग योजना के दूसरे चरण के तहत पुलिस के कामकाज से लेकर अपराधों की जांच और नागरिकों को मिलने वाली सेवाओं तक को तकनीक से जोड़ने की तैयारी की गई है।
मुंबई पुलिस को आधुनिक तकनीक से लैस करने के लिए शुक्रवार को कई नए प्रकल्प शुरू किए गए। मुख्यमंत्री और राज्य के गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को मलबार हिल स्थित सह्याद्री अतिथिगृह में इन प्रकल्पों का लोकार्पण किया। पुलिस प्रवक्ता डीसीपी राज तिलक रौशन ने बताया कि इन सुविधाओं के शुरू होने से पुलिस का कामकाज अधिक तेज, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने में मदद मिलेगी।
इन सभी नई सुविधाओं में ‘प्रत्यंचा’ फ्यूजन सेंटर को खास अहमियत दी जा रही है। प्रत्यंचा का मतलब धनुष की डोरी होता है। जिस तरह धनुष की डोरी अलग-अलग हिस्सों को जोड़कर एक साथ ताकत पैदा करती है, उसी तरह यह सेंटर अलग-अलग जगहों पर मौजूद जानकारियों को एक साथ जोड़ने का काम करेगा। पुलिस के पास कई बार किसी अपराध से जुड़ी जानकारी एक थाने में होती है, जबकि उससे जुड़ा दूसरा सुराग किसी अन्य थाने या सरकारी एजेंसी के पास होता है। ऐसे में इन जानकारियों को आपस में जोड़ने में काफी समय लग जाता है। प्रत्यंचा के जरिए इस परेशानी को दूर करने की कोशिश होगी। इसमें उपलब्ध जानकारियों का एआई की मदद से विश्लेषण किया जाएगा, ताकि अपराधों के बीच समानता, आरोपियों के संपर्क, गिरोहों के काम करने के तरीके और दूसरे छिपे हुए संबंधों का पता लगाया जा सके। इससे जांच अधिकारियों को उन कड़ियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी, जो अलग-अलग मामलों को एक-दूसरे से जोड़ सकती हैं। इसका इस्तेमाल केवल पुराने अपराधों की जांच तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अपराधों को रोकने की रणनीति बनाने में भी किया जा सकेगा।
नागरिकों को पुलिस से जुड़ी सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने के लिए ‘सिटिजन’ ऐप भी शुरू किया गया है। इस ऐप के जरिए लोग आपात स्थिति में एसओएस सहायता मांग सकेंगे। इसके अलावा पुलिस से जुड़ी अलग-अलग सेवाओं और जरूरी अनुमतियों के लिए भी मोबाइल से आवेदन किया जा सकेगा। इससे नागरिकों को छोटी-छोटी सेवाओं के लिए पुलिस कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी और उन्हें घर बैठे कई सुविधाएं मिल सकेंगी।
पुलिसकर्मियों की असली पहचान सुनिश्चित करने और पुलिस की वर्दी या पहचान का गलत इस्तेमाल करने वालों पर लगाम लगाने के लिए ‘डिजीआईडी’ स्मार्ट पहचान पत्र शुरू किया गया है। इस कार्ड में एनएफसी और क्यूआर कोड की सुविधा होगी। इसके जरिए कोई भी अधिकृत तरीके से पुलिसकर्मी की पहचान डिजिटल रूप में जांच सकेगा। इसका फायदा यह होगा कि पुलिसकर्मी बनकर लोगों को डराने, उनसे पैसे वसूलने या धोखा देने वाले फर्जी लोगों की पहचान करना आसान होगा।
पुलिस विभाग के रोजमर्रा के कामकाज को भी डिजिटल बनाने के लिए मुंबई पुलिस इंटीग्रेटेड सिस्टम शुरू किया गया है। इसके जरिए विभाग की अलग-अलग प्रक्रियाओं को एक डिजिटल व्यवस्था के तहत लाया जाएगा। अभी कई कामों में कागजी रिकॉर्ड और फाइलों पर निर्भर रहना पड़ता है। नई व्यवस्था से कागजों का इस्तेमाल कम होगा और जरूरी काम तेजी से निपटाए जा सकेंगे। इससे विभाग के भीतर कामकाज की निगरानी और पारदर्शिता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच सुरक्षित संवाद के लिए ‘संवाद’ ऐप भी शुरू किया गया है। यह मुंबई पुलिस का अपना सुरक्षित मैसेंजर होगा। इसके जरिए पुलिसकर्मी और अधिकारी विभागीय संदेश, जरूरी सूचनाएं और काम से जुड़ी जानकारी एक-दूसरे तक पहुंचा सकेंगे। इससे विभाग के भीतर बातचीत और सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए एक सुरक्षित डिजिटल माध्यम उपलब्ध होगा।
मेगासिटी पुलिसिंग योजना के दूसरे चरण में पुलिसकर्मियों को 50 हजार टैबलेट उपलब्ध कराने की भी योजना है। इसका मकसद पुलिसकर्मियों को थाने और कार्यालयों तक सीमित रखने के बजाय मौके पर ही डिजिटल तरीके से काम करने की सुविधा देना है। किसी घटना की जांच या कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मी मौके पर ही जरूरी जानकारी हासिल कर सकेंगे और अपने काम से जुड़ी प्रक्रियाएं पूरी कर सकेंगे। इससे समय की बचत होगी और पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ेगी।
पुलिस के डिजिटल नेटवर्क को मजबूत करने के लिए एक सुरक्षित डेटा सेंटर भी तैयार किया गया है। इसके साथ ही मुंबई पुलिस के 490 से अधिक कार्यालयों को नेटवर्क से जोड़ने की योजना है। पुलिस के पुराने रिकॉर्ड को भी डिजिटल रूप में सुरक्षित किया जा रहा है। इसके तहत करीब एक करोड़ पन्नों के पुराने रिकॉर्ड को डिजिटल बनाने का काम शामिल है। अभी पुराने मामलों से जुड़ी जानकारी तलाशने के लिए कई बार फाइलों और रजिस्टरों को खंगालना पड़ता है। रिकॉर्ड डिजिटल होने के बाद जांच अधिकारियों को जरूरत के मुताबिक पुरानी जानकारी आसानी से मिल सकेगी। इससे पुराने मामलों की जांच में भी मदद मिलेगी और महत्वपूर्ण दस्तावेजों को संभालकर रखना आसान होगा।
नशे से जुड़े अपराधों की जांच को मजबूत करने के लिए एंटी नार्कोटिक्स इन्वेस्टिगेशन एंड फॉरेंसिक वैन भी शुरू की गई है। इस वैन की मदद से पुलिस घटनास्थल पर ही संदिग्ध पदार्थों की शुरुआती जांच कर सकेगी। इसमें लार के नमूनों की जांच और घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से सबूत जुटाने की सुविधाएं भी होंगी। जब्त किए गए नमूनों को सुरक्षित तरीके से आगे की जांच के लिए भेजने की व्यवस्था भी इसमें की गई है। इससे नशे से जुड़े मामलों में मौके पर ही जरूरी जांच करने और सबूतों को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।
इन सभी प्रकल्पों के लोकार्पण के मौके पर कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता और नवाचार मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा, सूचना प्रौद्योगिकी और सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार, गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव मनीषा म्हैसकर-पाटणकर, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. श्रीकर परदेशी, मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती और मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
