Corona second wave: दिल्ली सहित इन राज्यों में स्कूल-कॉलेज फिर से बंद, जानिए कब खुलेंगे
- अधिकांश राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फरवरी महीने से शिक्षण संस्थानों को खोलना शुरू किया था, लेकिन अब फिर से बंद करना पड़ गया है
- दिल्ली सरकार ने सभी स्कूलों को निर्देश जारी किया है कि वे अगले आदेश तक नए सत्र में किसी भी कक्षा के छात्रों को न बुलाएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देशभर में कोरोना वायरस महामारी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। महाराष्ट्र सहित सात राज्यों में संक्रमण में जबरदस्त वृद्धि हुई है और सरकारों को सख्ती बरतनी पड़ी है। कोरोना के बढ़ते मामलों ने एक बार फिर कई राज्यों में स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालयों समेत तमाम शिक्षा संस्थानों को बंद किए जाने की स्थिति में पहुंचा दिया है। कोरोना के घटते मामलों के बीच इन्हें खोला गया था। अधिकांश राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फरवरी महीने से शिक्षण संस्थानों को खोलना शुरू किया था, लेकिन अब फिर से बंद करना पड़ गया है। जबकि कई राज्यों में स्कूल और बोर्ड कक्षाओं की परीक्षाएं रद्द कर दी गई थीं। आइए जानते हैं इन राज्यों में स्कूल-कॉलेजों से संबंधित क्या-क्या आदेश लागू हुए हैं।
दिल्ली: आठवीं तक के छात्रों को नहीं बुलाया जाएगा
कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली सरकार ने सभी स्कूलों को निर्देश जारी किया है कि वे अगले आदेश तक नए सत्र में किसी भी कक्षा के छात्रों को न बुलाएं। शिक्षा निदेशालय ने गुरुवार को नोटिस जारी कर कहा कि शैक्षणिक सत्र 2021-22 के लिए पढ़ाई ऑनलाइन कराई जाए। आदेश के मुताबिक, शैक्षणिक सत्र 2020-21 के 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्र ही स्कूल आ सकेंगे। ये विद्यार्थी अपने अभिभावकों की मंजूरी लेकर परीक्षाओं, प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट संबंधी कार्यों के लिए स्कूल आ सकेंगे। 8वीं कक्षा तक के छात्रों को स्कूल नहीं बुलाया जाएगा।
मध्यप्रदेश: आठवीं तक के स्कूल 15 अप्रैल तक बंद
उत्तर प्रदेश: 5 अप्रैल तक आठवीं तक के स्कूल बंद
उत्तर प्रदेश में भी इसी तरह का फैसला लिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में कोरोना महामारी की स्थिति को देखते हुए 8वीं क्लास तक स्कूलों को चार अप्रैल तक बंद रखने के आदेश दिए हैं। राज्य में 31 मार्च तक स्कूल बंद रखने के आदेश पहले से थे। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उच्च स्तरीय बैठक में कोविड-19 संक्रमण की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि चूंकि राज्य में संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं इसलिए कक्षा आठ तक के सभी सरकारी तथा निजी स्कूलों को बंद रखने की अवधि 31 मार्च से बढ़ाकर चार अप्रैल कर दी जाए। उन्होंने कहा कि अन्य विद्यालयों में कोविड प्रोटोकॉल का पूर्ण पालन सुनिश्चित कराया जाए। मुख्यमंत्री ने कोविड-19 के मद्देनजर प्रदेश में पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना जांच का कार्य पूरी क्षमता से संचालित किया जाए।
पंजाब: 10 अप्रैल तक स्कूल-कॉलेज बंद
पंजाब में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। सरकार ने बढ़ते कोरोना मामलों को देखते हुए 10 अप्रैल तक स्कूल और कॉलेज बंद रखने का फैसला किया है। राज्य में 31 मार्च तक स्कूल बंद रखने के आदेश पहले से थे, जिन्हें 10 दिन और आगे बढ़ाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि राज्य में मई के मध्य तक, नए मामलों में कमी आ सकती है। सरकार ने कोरोना जांच और टीकाकरण को बढ़ाने का आदेश दिया है। पंजाब इस समय कोरोना वायरस की सबसे तेज दूसरी लहर वाले टॉप 6 राज्यों की सूची में शामिल है।
पंजाब सरकार ने 19 मार्च को सिनेमाघरों, मॉलों एवं सामाजिक कार्यक्रमों में लोगों के जमावड़े पर पाबंदी के साथ साथ शैक्षणिक संस्थानों को इस माह के आखिर तक बंद रखने का आदेश दिया था। बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने आदेश दिया कि पहले जो पाबंदियां 31 मार्च तक थीं अब वे 10 अप्रैल तक प्रभाव में रहेंगी।