Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Sanjay Gandhi's Influence During Emergency, Growing Rift with Rajiv After Maneka's Entry: Sonia's Memoir

'आपातकाल के फैसलों में था संजय गांधी का दखल': सोनिया ने बताया- मेनका से शादी के बाद भाइयों में आ गई थी दूरी

Tue, 10 Nov 2026 03:48 PM IST
राहुल कुमार पीटीआई, नई दिल्ली।
पीटीआई, नई दिल्ली। Published by: राहुल कुमार Updated Tue, 10 Nov 2026 03:48 PM IST
सार

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में 1975 से 1977 के आपातकाल के दौरान सत्ता के भीतर चल रही गतिविधियों और संजय गांधी की भूमिका का जिक्र किया है। उन्होंने संजय गांधी को 'जल्दबाजी में रहने वाला व्यक्ति' बताते हुए कहा कि संवैधानिक अधिकार न होने के बावजूद आपातकाल के दौरान फैसले लेने में उनकी अहम भूमिका थी।सोनिया गांधी ने अपनी किताब में और कौन-कौन से खुलासे किए हैं आइए विस्तार से जानते हैं...

विज्ञापन
Sanjay Gandhi's Influence During Emergency, Growing Rift with Rajiv After Maneka's Entry: Sonia's Memoir
सोनिया गांधी की नई किताब लॉन्च। - फोटो : पीटीआई

विस्तार

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने दिवंगत देवर संजय गांधी को जल्दबाजी में रहने वाला व्यक्ति बताते हुए कहा है कि आपातकाल के दौरान फैसले लेने में उनकी अहम भूमिका थी, जबकि कुछ राजनीतिक हस्तक्षेपों के लिए उनके पास कोई संवैधानिक अधिकार नहीं था। सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में कहा है कि आपातकाल के समय के घटनाक्रम को उन्होंने करीब से देखा था।

विज्ञापन


'आपातकाल को लेकर कभी पूरी तरह सहज नहीं थीं इंदिरा गांधी'
सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में लिखा है कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी भीतर से आपातकाल को लेकर कभी पूरी तरह सहज नहीं थीं, लेकिन उस समय की परिस्थितियों में फैली अराजकता के कारण उन्हें यह कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा। जून 1975 से मार्च 1977 के बीच की घटनाओं को सोनिया गांधी ने करीब से देखा था।
विज्ञापन


सोनिया गांधी ने लिखा कि 26 जून 1975 की सुबह जब भारत की नींद खुली तो देश में आपातकाल लागू हो चुका था। रातभर में गिरफ्तारियां की जा चुकी थीं और सुबह तक विपक्ष के अधिकतर प्रमुख नेताओं तथा सरकार के विरोध में आवाज उठाने वालों को जेल में डाल दिया गया था। शीर्ष नेताओं को सरकारी अतिथि गृहों में और अन्य लोगों को अलग-अलग जेलों में रखा गया था। उन्होंने लिखा कि बंदी प्रत्यक्षीकरण (हैबियस कॉर्पस) का अधिकार निलंबित कर दिया गया था और विरोध प्रदर्शनों तथा सभाओं पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।
विज्ञापन
विज्ञापन


सोनिया गांधी के मुताबिक, देश पूरी तरह पाबंदियों की गिरफ्त में था और प्रेस पर सेंसरशिप लगा दी गई थी। कुछ अखबारों ने तत्काल इसका पालन किया, जबकि कुछ ने थोड़े समय तक इसका विरोध किया। आपातकाल के वर्षों का जिक्र करते हुए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने देवर संजय गांधी के बारे में भी लिखा है। संभवत: यह पहला मौका है जब उन्होंने संजय गांधी को लेकर विस्तार से अपनी बात रखी है। संजय गांधी की 1980 में 33 वर्ष की उम्र में एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी।

संजय को मारुति कंपनी खोने का डर था, वे कायर नहीं थे
सोनिया गांधी ने लिखा, "आपातकाल और उस दौर की उथल-पुथल भरी घटनाओं में संजय की भूमिका को लेकर बहुत कुछ लिखा गया है, जिसमें सच और झूठ दोनों शामिल हैं। कहा गया कि उन्हें मारुति कंपनी खोने का डर था या वह अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर चिंतित थे। उनकी कमियां चाहे जो रही हों, लेकिन संजय कायर नहीं थे। वास्तव में उनमें निडरता इस हद तक थी कि वह लापरवाह हो जाते थे। बाद की घटनाओं ने भी दिखाया कि उनमें किसी भी परिस्थिति का सामना करने और राजनीतिक नेतृत्व में वापसी के लिए संघर्ष करने का पर्याप्त साहस था।"

'आपातकाल के दौरान निर्णय लेने में संजय की महत्वपूर्ण भूमिका थी'
उन्होंने कहा, हालांकि, इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि आपातकाल के दौरान निर्णय लेने में संजय की महत्वपूर्ण भूमिका थी, जबकि उनके कुछ राजनीतिक हस्तक्षेपों के लिए उनके पास कोई संवैधानिक अधिकार नहीं था। सोनिया गांधी ने बताया कि संजय गांधी ने 'पांच सूत्रीय कार्यक्रम' शुरू किया था। इसका उद्देश्य दहेज, जातिगत भेदभाव और निरक्षरता जैसी सामाजिक बुराइयों को दूर करना था। इसके अलावा परिवार नियोजन, पेड़ लगाने और शहरी क्षेत्रों के नवीनीकरण को भी इस कार्यक्रम में शामिल किया गया था।

उन्होंने लिखा कि इन कार्यक्रमों को युवा कांग्रेस के माध्यम से लागू किया जा रहा था। युवा कांग्रेस के कई सदस्य संजय गांधी का समर्थन और उनका विश्वास हासिल करने के लिए उत्सुक रहते थे। इनमें से कई सदस्य आक्रामक और सख्त रवैया अपनाते थे।

नसबंदी कार्यक्रम लापरवाही के साथ लागू हुआ- सोनिया
सोनिया गांधी के मुताबिक, संजय गांधी के एजेंडे में परिवार नियोजन का मुद्दा सबसे अधिक गंभीर परिणामों वाला साबित हुआ। यह कार्यक्रम ठीक से तैयार नहीं किया गया था और इसे बेहद लापरवाही के साथ लागू किया गया। सरकारी अधिकारियों को नसबंदी के लक्ष्य पूरे करने के लिए प्रोत्साहन दिए जाते थे। उन्होंने कहा कि संजय गांधी की ओर से शहरों, खासकर दिल्ली में झुग्गियों और शहरी अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई तथा उसे लागू करने के तरीके से भी लोगों में गहरी नाराजगी और आक्रोश पैदा हुआ।

सोनिया गांधी ने यह भी लिखा कि राजीव गांधी को लगता था कि उनकी मां इंदिरा गांधी पर संजय के राजनीतिक मुद्दों को लेकर अपनाए गए आक्रामक रवैये का दबाव था। उन्हें लगता था कि ऐसा इसलिए हो रहा था क्योंकि इंदिरा गांधी राजनीतिक रूप से खुद को घिरा हुआ और अकेला महसूस कर रही थीं।

उन्होंने बताया कि राजीव गांधी पायलट के तौर पर अपनी यात्राओं के दौरान यात्रियों से मिलने वाली शिकायतों और सुझावों के बारे में अपनी मां को बताया करते थे। इंदिरा गांधी उनकी बातें चुपचाप सुनती थीं, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं देती थीं। यदि शिकायत के समर्थन में दस्तावेज होते थे तो वह उन्हें अपने कार्यालय भेजने का निर्देश देती थीं, लेकिन उन पर कभी कोई जवाब नहीं मिलता था।

सोनिया गांधी ने लिखा कि ऐसा कई मामलों में हुआ। उनके मित्र भी उन्हें अपने अनुभव और जानकारी खुलकर बताते थे, लेकिन जब वे इन बातों को इंदिरा गांधी तक पहुंचाते थे तो उन्हें भी नजरअंदाज कर दिया जाता था। सोनिया गांधी ने कहा कि आपातकाल के साथ संजय गांधी का नाम जुड़ गया था। उस समय उनकी उम्र महज 30 साल थी और वह एक ऐसे व्यक्ति थे जो हर काम जल्द से जल्द करना चाहते थे। उन्होंने लिखा कि संजय गांधी नौकरशाही की धीमी कार्यप्रणाली से अधीर हो जाते थे और अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर करते थे। कई बार उनकी बातें प्रधानमंत्री की आलोचना के तौर पर भी देखी जा सकती थीं।

'राजीव ने संजय को कई मौकों पर समझाया'
सोनिया गांधी अपनी किताब में बताती हैं कि, पहले दोनों भाई लगभग हमेशा साथ रहते थे, लेकिन संजय की शादी के कुछ महीनों बाद हालात बदलने लगे। जब उनकी पत्नी साथ होती थीं, तो संजय पहले की तरह सहज और स्नेहपूर्ण नहीं रह जाते थे, जैसा कि वे हमेशा हमारे साथ हुआ करते थे। एक साझा दोस्त ने राजीव को बताया कि बातचीत के दौरान मेनका ने ऐसा इशारा किया था कि राजीव, संजय से जलते हैं। इस बात से उन्हें बहुत ठेस पहुंची और वे परेशान हो गए।

गांधी बताती हैं कि राजीव अब और अधिक सतर्क हो गए थे, उन्होंने अपने भाई से सवाल पूछना बंद कर दिया और जो बातें वे सुनते थे, उनके बारे में भी संजय को बताना छोड़ दिया। उन्हें डर था कि मेनका उनके इरादों का गलत मतलब निकाल सकती हैं और उन पर जलन या बेवफाई का आरोप और बढ़ा सकती हैं। लेकिन, जो बातें उन्हें लगता था कि उनकी माँ को पता होनी चाहिए, वे उन्हें बताते रहे," वे कहती हैं। "हमें साफ समझ आ रहा था कि जो खबरें इंदिरा गांधी को मिल रही थीं, उनसे वे लगातार और ज्यादा परेशान होती जा रही थीं।" उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने आपातकाल को एक वैध सरकार पर हो रहे हमले को रोकने के लिए अस्थायी उपाय के तौर पर लागू किया था, लेकिन यह अपनी सीमा से आगे निकल गया था। इसके अनपेक्षित परिणाम अब उनके सामने थे।

सोनिया गांधी के अनुसार, इंदिरा गांधी को एहसास हो गया था कि आपातकाल लोगों पर थोपा गया है और जनता इसके खिलाफ हो गई है। यहां तक कि लोग उनके भी खिलाफ हो गए थे। उन्होंने लिखा कि दिसंबर 1976 में क्रिसमस के कुछ समय बाद इंदिरा गांधी ने राजीव गांधी से अपनी आशंकाओं के बारे में बात की थी। सोनिया गांधी ने बताया कि राजीव की मौजूदगी से उनकी मां को सुकून मिलता था। उस समय राजीव उन्हें वही रास्ता अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रहे थे, जिस पर चलने की ओर वह खुद झुकाव महसूस कर रही थीं।

एक शाम जब वे इंदिरा गांधी के साथ उनके अध्ययन कक्ष में मौजूद थे, तो राजीव को लगा कि वह शायद अपने मन की बात साझा करना चाहती हैं। उन्होंने अपनी मां से पूछा, "आप परेशान लग रही हैं, मां। आपको क्या बात परेशान कर रही है?" इस पर इंदिरा गांधी ने कहा कि वह थक चुकी हैं और अब बहुत हो चुका है। वह लंबे समय से यह बोझ उठा रही थीं और परिस्थितियां ठीक नहीं थीं। सोनिया गांधी ने लिखा कि मां को इस तरह निराश देखकर राजीव ने उनसे बात आगे बढ़ाने की कोशिश की। तब इंदिरा गांधी ने बताया कि उन्होंने किसी व्यक्ति से चुनावों के बारे में पता लगाने को कहा है। उन्होंने राजीव से पूछा कि इस बारे में उनकी क्या राय है।


राजीव गांधी ने जवाब दिया कि चुनाव कराने से स्थिति शांत हो सकती है, भले ही इसकी पूरी संभावना हो कि चुनाव में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ेगा। हालांकि, सोनिया गांधी ने बताया कि संजय गांधी इस बात पर अड़े हुए थे कि अभी आपातकाल नहीं हटाया जाना चाहिए। आखिरकार, 18 जनवरी 1977 को इंदिरा गांधी ने पूरे देश को चौंकाते हुए घोषणा की कि राजनीतिक बंदियों को रिहा किया जाएगा और एक महीने बाद चुनाव कराए जाएंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed