{"_id":"6159c2078ebc3e62985f6946","slug":"sameer-wankhede-the-ncb-zonal-director-whose-team-raided-cruise-ship-and-arrested-shahrukh-khan-son-aryan-khan","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Who is Sameer Wankhede: कौन हैं समीर वानखेड़े, जिनकी टीम ने आर्यन खान को किया गिरफ्तार","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Who is Sameer Wankhede: कौन हैं समीर वानखेड़े, जिनकी टीम ने आर्यन खान को किया गिरफ्तार
Sun, 03 Oct 2021 08:15 PM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
Published by: कीर्तिवर्धन मिश्र
Updated Sun, 03 Oct 2021 08:15 PM IST
सार
एनसीबी में आने के बाद से समीर वानखेड़े लगातार मुंबई को ड्रग्स मुक्त बनाने के लक्ष्य को पूरा करने में जुटे हैं। उनकी टीम ने पिछले दो सालों में ही 17 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा के ड्रग्स जब्त किए हैं।
विज्ञापन
एनसीबी के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े
- फोटो : social media
विस्तार
मुंबई में एक क्रूज शिप पर छापा मारकर शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को गिरफ्तार करने के बाद नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) एक बार फिर चर्चा में है। आखिरी बार सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में जांच के दौरान भी यह एजेंसी लाइमलाइट में रही थी। अब एक साल बाद ही एनसीबी ने ड्रग्स और बॉलीवुड के कनेक्शन को एक बार फिर कुरेदा है। खास बात यह है कि इस मामले के केंद्र में हैं एनसीबी के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े, जिन्होंने पिछले साल नशीले पदार्थ रखने की आरोपी रिया चक्रवर्ती से पूछताछ की थी।
विज्ञापन
Trending Videos
कौन हैं समीर वानखेड़े?
समीर वानखेड़े (40) का जन्म मुंबई में हुआ। उनके पिता पुलिस अफसर रहे, जबकि उनकी पत्नी मराठी अभिनेत्री क्रांति रेडकर हैं। दोनों की शादी 2017 में हुई थी। वानखेड़े 2004 बैच के भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) अफसर हैं। उन्होंने एनसीबी से पहले नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) में एडिशनल एसपी और एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) में डिप्टी कमिश्नर का पद भी संभाला है।
विज्ञापन
विज्ञापन
बॉलीवुड फिल्मों के शौकीन, पर ड्यूटी में आड़े नहीं आता प्यार
अपने हाई-प्रोफाइल करियर में वानखेड़े ने कई टैक्स न चुकाने वाले सेलिब्रिटीज पर कार्रवाई की है। वानखेड़े को जानने वाले अधिकारी उन्हें निडर और अनुशासित व्यक्ति के तौर पर पहचानते हैं। बताया जाता है कि वानखेड़े बॉलीवुड फिल्मों और क्रिकेट के बड़े शौकीन हैं, लेकिन अपने इस प्रेम को उन्होंने कभी नौकरी में आड़े नहीं आने दिया। छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट में डिप्टी कस्टम्स कमिश्नर के तौर पर भी वे कस्टम्स ड्यूटी और जुर्माने से बचते नजर आए फिल्म स्टारों और क्रिकेटरों से सख्ती से पेश आ चुके हैं।
बताया जाता है कि जब वानखेड़े का ट्रांसफर सर्विस टैक्स डिपार्टमेंट में किया गया था, तब उन्होंने 2500 लोगों पर केस दर्ज किए थे। इनमें टैक्स बचाने की कोशिश करने वाले 200 सिलेब्रिटीज शामिल थे। उन्होंने दो सालों में 87 करोड़ रुपए से ज्यादा टैक्स वसूली भी की थी, जो कि मुंबई का रिकॉर्ड है। 2013 में समीर वानखेड़े की टीम ने ही मीका सिंह को मुंबई एयरपोर्ट से विदेशी मुद्रा के साथ गिरफ्तार किया था। इस अफसर ने अनुराग कश्यप, विवेक ओबरॉय और राम गोपाल वर्मा समेत कई और बॉलीवुड स्टार्स के घर पर भी छापेमारी की है।
पिछले दो सालों में जब्त किए 17 हजार करोड़ के ड्रग्स
एनसीबी में आने के बाद से समीर वानखेड़े लगातार मुंबई को ड्रग्स मुक्त बनाने के लक्ष्य को पूरा करने में जुटे हैं। उनकी टीम ने पिछले दो सालों में ही 17 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा के ड्रग्स जब्त किए हैं। पिछले साल नवंबर में में उन पर और एनसीबी के पांच अफसरों पर ड्रग पेडलर्स की भीड़ ने हमला कर दिया था। हालांकि, उन्हें घटना में सिर्फ कुछ मामूली चोटें आई थीं। उनके दो और साथियों को गंभीर चोटें लगी थीं।