{"_id":"5bdfb9adbdec22694623da59","slug":"sabarimala-temple-is-all-set-to-open-today-hindu-organisations-appeal-not-to-send-women-journalists","type":"story","status":"publish","title_hn":"भारी सुरक्षा के बीच खुले सबरीमाला मंदिर के कपाट, हजारों श्रद्धालुओं ने किए भगवान अयप्पा के दर्शन","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
भारी सुरक्षा के बीच खुले सबरीमाला मंदिर के कपाट, हजारों श्रद्धालुओं ने किए भगवान अयप्पा के दर्शन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पथानमिट्टा
Updated Mon, 05 Nov 2018 09:01 AM IST
विज्ञापन
- फोटो : PTI
सुप्रीम कोर्ट के आदेश का विरोध करने वालों के द्वारा प्रदर्शनों की आशंका के मद्देनजर भारी सुरक्षा बंदोबस्त के बीच भगवान अयप्पा मंदिर के दरवाजेे दो दिवसीय विशेष पूजा के लिए तीन हफ्ते में दूसरी बार सोमवार शाम को खोल दिए गए।
विज्ञापन
इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान अयप्पा के दर्शन किए। पुलिस ने बताया कि मंदिर में 10 से 50 आयु वर्ग की कोई भी महिला नहीं देखी गई। हालांकि तगड़े सुरक्षा बंदोबस्त को लेकर पुलिस ने कहा कि उसे ऐसी सूचना मिली थी कि एक महिला अपने पति और दो बच्चों के साथ मंदिर में दर्शन के लिए रास्ते में है, लेकिन अभी तक किसी ने हमसे सुरक्षा को लेकर संपर्क नहीं किया है।
विज्ञापन
मंदिर के दरवाजे शाम को लगभग पांच बजे खोले गए। मंदिर के प्राधिकारियों ने बताया कि सोमवार को कोई विशेष पूजा नहीं हुई और कपाट रात 10 बजे बंद कर दिए गए। इस दौरान रास्ते से लेकर मंदिर परिसर तक बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात थे।
विज्ञापन
Kerala: Devotees throng #SabarimalaTemple after its portals opened this evening. The temple will be closed after the 'Athazha puja' tomorrow evening. pic.twitter.com/1RwqqyeMDp
— ANI (@ANI) November 5, 2018
बता दें कि पिछले महीने 17 से 22 अक्तूबर तक मंदिर के कपाट खुले थे। जिसकी वजह से मंदिर और उसके आस-पास काफी विरोध प्रदर्शन देखने को मिला था। अभी तक 3505 प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी हो चुकी है जिन्होंने राज्य में हिंसा फैलाई थी। वहीं राज्यभर में 529 मामले दर्ज किए गए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार केरल उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार से हिंसा करने वाले प्रदर्शनकारियों के खिलाफ की गई पुलिस कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है।