मोहन भागवत: संघ प्रमुख ने कहा- दुनिया की हर समस्या की जड़ करुणा का अभाव, अब नेतृत्व करना भारत की जिम्मेदारी
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि दुनिया में हर समस्या की जड़ करुणा का अभाव है। संघ प्रमुख ने कहा, अब भारत की यह जिम्मेदारी है कि वह साझा करने और देने की भावना के साथ नेतृत्व करे।
विस्तार
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि देश और दुनिया के सामने मौजूद तमाम समस्याओं की मूल वजह करुणा का अभाव है। उन्होंने करुणा के वैश्वीकरण का आह्वान करते हुए कहा कि धर्म का शाश्वत स्वरूप करुणा है और अब भारत की यह जिम्मेदारी है कि वह साझा करने और देने की भावना के साथ नेतृत्व करे।
करुणा के वैश्वीकरण का विचार
नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी की किताब करुणानयक राम के विमोचन अवसर पर भागवत ने कहा कि चाहे समस्या देश की हो या बाहर की, अतीत की हो, वर्तमान की हो या भविष्य की, सभी की जड़ करुणा की कमी में है। उन्होंने कहा कि कैलाश सत्यार्थी से उन्होंने पहली बार करुणा के वैश्वीकरण का विचार सुना और आज इसकी बेहद आवश्यकता है।
मैं, मेरा से आगे न बढ़ पाना ही अहंकार
रामायण का उल्लेख करते हुए भागवत ने कहा कि रावण अहंकार से प्रेरित था, जबकि राम करुणा के प्रतीक थे। मैं और मेरा से आगे न बढ़ पाना ही अहंकार है। युद्ध और संघर्ष मैं और मेरा की संकीर्ण भावना से ही जन्म लेते हैं।
भिन्न दिखने के बावजूद सभी अंदर से जुड़े हैं
उन्होंने कहा कि रूप, रंग और व्यवहार में भिन्न दिखने के बावजूद अंदर से सभी जुड़े हैं और एक समग्र इकाई हैं। जब तक विश्व और पर्यावरण सुखी नहीं होंगे, कोई व्यक्ति या राष्ट्र सच्चे अर्थों में सुखी नहीं रह सकता।
