फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   rg kar medical college and hospital kolkata incident full details news in hindi

Kolkata Murder: हेडफोन के टूटे तार से गिरफ्त में आया दरिंदा, कोलकाता की डॉक्टर हत्याकांड में कब क्या हुआ?

Sat, 10 Aug 2024 07:50 PM IST
शिवेंद्र तिवारी स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: शिवेंद्र तिवारी Updated Sat, 10 Aug 2024 07:50 PM IST
विज्ञापन
सार
Kolkata Murder: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज के सेमिनार रूम में एक जूनियर महिला डॉक्टर की हत्या कर दी गई। सेमिनार हॉल से उनका अर्धनग्न शव बरामद किया गया था। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मामला अब राजनीतिक रूप भी ले चुका है। 
loader
rg kar medical college and hospital kolkata incident full details news in hindi
कोलकाता के मेडिकल कॉलेज-अस्पताल का केस - फोटो : AMAR UJALA

विस्तार

पश्चिम बंगाल में पिछले दिनों हुई एक घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। यह मामला जूनियर महिला डॉक्टर की हत्या से जुड़ा हुआ है। राजधानी कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल के सेमिनार रूम में शुक्रवार सुबह महिला डॉक्टर मृत मिलीं। पीड़िता के परिजन ने लड़की के साथ दुष्कर्म कर हत्या करने की आशंका जताई है जिस पर पुलिस ने भी शिकायत दर्ज की है। 



उधर महिला डॉक्टर की निर्मम हत्या को लेकर पश्चिम बंगाल के तमाम मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टरों का विरोध शुरू हो चुका है। इसके अलावा राज्य के विपक्षी दल ने घटना को लेकर सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोला है। भाजपा ने घटना की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। इस बीच, राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में भेजने की घोषणा की है।


आइये जानते हैं कि कोलकाता के अस्पताल की घटना क्या है?घटना का खुलासा कैसे हुआ? पुलिस ने मामले में क्या-क्या कार्रवाई की है? अन्य मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टरों विरोध कर रहे हैं, उनकी मांग क्या है? विपक्ष इस घटना पर क्या कह रहा है? सरकार ने क्या प्रतिक्रिया दी? 

कोलकाता के मेडिकल कॉलेज-अस्पताल का केस
कोलकाता के मेडिकल कॉलेज-अस्पताल का केस - फोटो : AMAR UJALA
कोलकाता के अस्पताल की घटना क्या है?
आरजी कर मेडिकल कॉलेज-अस्पताल में जूनियर डॉक्टर के साथ दरिंदगी की घटना गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात की है। मृतक मेडिकल कॉलेज में चेस्ट मेडिसिन विभाग की स्नातकोत्तर द्वितीय वर्ष की छात्रा और प्रशिक्षु डॉक्टर थीं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जूनियर डॉक्टर गुरुवार को अस्पताल में रात की ड्यूटी कर रही थीं। रात 12 बजे के बाद उन्होंने दोस्तों के साथ डिनर भी किया। इसके बाद से महिला डॉक्टर का कोई पता नहीं चला। 

शुक्रवार सुबह उस वक्त मेडिकल कॉलेज में हड़कंप मच गया जब चौथी मंजिल के सेमिनार हॉल से अर्ध नग्न अवस्था में डॉक्टर का शव बरामद हुआ। घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन और लैपटॉप बरामद किया गया। 

पोस्टमॉर्टम की शुरुआती रिपोर्ट से पता चला है कि महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी। जूनियर महिला डॉक्टर का शव गद्दे पर पड़ा हुआ था और गद्दे पर खून के धब्बे मिले। शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया है कि मृतक महिला डॉक्टर के मुंह और दोनों आंखों पर था। गुप्तांगों पर खून के निशान और चेहरे पर नाखून के निशान पाए गए। होठ, गर्दन, पेट, बाएं टखने और दाहिने हाथ की उंगली पर चोट के निशान थे। 

घटना सामने आने के बाद क्या हुआ?
महिला डॉक्टर की हत्या की जानकारी होने के बाद शुक्रवार सुबह अस्पताल प्रबंधन ने पीड़िता के परिजन को फोन किया। जब पीड़िता का परिवार घटनास्थल पर पहुंचा तो हैरान था। मृतक डॉक्टर की मां ने कहा, 'मेरी बेटी की हत्या कर दी गई। मेरी बेटी अर्धनग्न पड़ी थी। शीशे टूटे हुए थे। उसके शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था। अंदर कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं था सब कुछ अस्त-व्यस्त था।'

वहीं महिला डॉक्टर के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया गया और उसकी हत्या कर की गई। पीड़िता के पिता ने शुक्रवार को स्थानीय तला पुलिस स्टेशन में दुष्कर्म और हत्या की शिकायत की जिसपर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।

घटना के बाद पुलिस ने क्या कार्रवाई की?
मामले की जानकारी होने के बाद ही लालबाजार के बड़े अधिकारी अस्पताल पहुंच गए। होमिसाइड शाखा के अलावा, महिला शिकायत प्रकोष्ठ के सदस्य भी थे। घटना की जांच के लिए कोलकाता पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) भी गठित कर दी गई।

चूंकि जिस सेमिनार कक्ष में यह घटना हुई थी, वहां कोई सीसीटीवी फुटेज नहीं था, इसलिए पुलिस ने आसपास से जानकारी जुटाना शुरू कर दिया। पुलिस ने यह जानने की कोशिश शुरू कर दी कि जब डॉक्टर इस कमरे में आई थीं तो उस वक्त वहां कौन था। इस कड़ी में कई लोगों से पूछताछ की गई। एसआईटी ने शुक्रवार रात को अस्पताल में तैनात एक सिविक वालंटियर (जो प्रशासन की सहायता करता है) को पूछताछ के लिए उठा लिया। 

शनिवार सुबह महिला डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या के आरोप में संजय रॉय नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार भी कर लिया गया। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने एक अज्ञात पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति की गतिविधियां काफी संदिग्ध हैं और ऐसा लगता है कि वह सीधे तौर पर अपराध में शामिल है।

ब्लूटूथ हेडफोन के टूटे तार से पकड़ा गया आरोपी 
इससे पहले जांच के दौरान पुलिस ने अस्पताल में सीसीटीवी फुटेज एकत्र किए गए थे। उस वक्त रात करीब 2.30 बजे आरोपी को कॉरिडोर में टहलते हुए देखा गया था। संजय के शुरुआती बयान में विरोधाभास पाया गया था। पूछताछ के दौरान, आरोपी ने पहले कहा कि वह उन मरीजों के बारे में पूछताछ करने गया था जिन्हें उसने भर्ती कराया था। लेकिन जब पुलिस ने मरीजों से पूछताछ की तो पता चला कि संजय पिछले तीन दिनों से उनके पास नहीं आया। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की। रिपोर्ट्स के अनुसार, संजय रॉय को रात ढाई बजे से तीन बजे के बीच दूसरी और तीसरी मंजिल के कॉरिडोर के सीसीटीवी में देखा गया था। चेस्ट सेक्शन के पास लगे सीसीटीवी में भी वह दिख रहा है। वहां किसी और के घूमने की कोई तस्वीर नहीं थी। सीसीटीवी तस्वीरें नर्सों और अन्य अस्पताल कर्मचारियों को दिखाई गईं। नर्सों और अन्य स्टाफ ने बताया कि यह व्यक्ति मरीजों को भर्ती करने के लिए अस्पताल आता है। 

पुलिस के हाथ टूटे हुए ब्लूटूथ हेडफोन का तार लगा। पुलिस ने सीसीटीवी में देखा कि जब संजय आरजी कर अस्पताल में दाखिल हुआ तो ब्लूटूथ हेडफोन उसके गले में था। लेकिन जब वह अस्पताल से बाहर निकला तो हेडफोन उसकी गर्दन पर नहीं था। ब्लूटूथ हेडफोन का एक टूटा हुआ तार चौथी मंजिल के सेमिनार कक्ष में गिर गया। जांच करने पर पता चला कि यह सिविक वालंटियर संजय रॉय का था।  

मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टर विरोध कर रहे हैं, उनकी मांग क्या?
इस हत्याकांड को लेकर पूरे कोलकाता और पश्चिम बंगाल में गुस्सा है। कोलकाता में डॉक्टर और नर्सें सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पीजीटी डॉक्टरों ने अस्पताल परिसर में मार्च किया। उन्होंने आज हड़ताल बुलाई। प्रदर्शनकारी डॉक्टरों का दावा है कि मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार करके घटना को छिपाने की कोशिश की जा रही है। विरोध कर रहे डॉक्टरों ने कहा ऐसा आज किसी के साथ हुआ। कल उनके साथ भी ऐसा हो सकता है। वहां क्या सुरक्षा व्यवस्था है?' 

उधर, चित्तरंजन नेशनल मेडिकल कॉलेज , कलकत्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल से भी विरोध की खबरें आई हैं। फेडरेशन ऑफ रेजीडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (FORDA) ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिखा है। इस पत्र में सरकार को कोलकाता के आरजी कार मेडिकल कॉलेज हत्याकांड को लेकर चेतावनी दी गई है। इसमें कहा गया है कि अगर अगले 24 घंटे में कार्रवाई नहीं की गई तो वे सेवाएं बंद कर देंगे।

विपक्ष और सरकार इस घटना पर क्या कह रहे हैं?
राज्य में हुई इस घटना के विरोध में भाजपा, लेफ्ट और कांग्रेस समेत कई दल और छात्र संघ भी उतर आए हैं। भाजपा ने इसे लेकर विरोध प्रदर्शन किया और घटना की जांच सीबीआई से कराने की मांग की। पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने इस मामले में सीबीआई जांच की मांग की। 

उधर, विपक्ष के विरोध के बीच राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रतिक्रिया दी है। सीएम ममता बनर्जी ने कहा है कि वह इस मामले में दोषी के लिए ऐसी सजा चाहती हैं, जो मिसाल बने। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक  कोर्ट में करवाई जाएगी। सरकार का प्रयास होगा कि  दोषी को मौत की सजा मिले। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed