{"_id":"6041af628ebc3ecbaa3c3ef4","slug":"reliance-industries-to-cover-full-cost-of-corona-vaccination-to-its-employees-and-their-families","type":"story","status":"publish","title_hn":"अपने कर्मचारियों व उनके परिवारों को लगने वाले कोरोना टीके का पूरा खर्च उठाएगी रिलायंस इंडस्ट्रीज ","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
अपने कर्मचारियों व उनके परिवारों को लगने वाले कोरोना टीके का पूरा खर्च उठाएगी रिलायंस इंडस्ट्रीज
Fri, 05 Mar 2021 09:42 AM IST
प्रियंका तिवारी
न्यूज डेस्क, अमर अजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर अजाला, नई दिल्ली
Published by: प्रियंका तिवारी
Updated Fri, 05 Mar 2021 09:42 AM IST
विज्ञापन
पत्नी नीता अंबानी के साथ मुकेश अंबानी
- फोटो : सोशल मीडिया
रिलायंस इंडस्ट्रीज में काम कर रहे कर्मचारियों के लिए बड़ी व राहत भरी खबर सामने आई है। दरअसल, रिलायंस इंडस्ट्रीज की निदेशक नीता अंबानी ने रिलायंस के कर्मचारियों को लिखे एक पत्र में कहा है कि सभी कर्मचारियों और उनके परिवारों के टीकाकरण का पूरा खर्च रिलायंस वहन करेगी।
विज्ञापन
नीता अंबानी ने पत्र में आग्रह किया है कि योग्य कर्मचारी, सरकार द्वारा चलाए जा रहे टीकाकरण प्रोग्राम में जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन करवाएं। अपने वादे को दोहराते हुए नीता अंबानी ने कहा कि वह कोरोना के विरुद्ध लड़ाई में देश के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ीं हैं।
विज्ञापन
एक अनुमान के अनुसार रिलायंस अपने कर्मचारियों और उनके परिवार को मिलाकर करीब 10 लाख लोगों के वैक्सीनेशन का खर्च उठाएगी।
इससे पहले दिसंबर 2020 के अंत में ‘रिलायंस फैमिली डे’ के मौके पर नीता अंबानी और रिलायंस के मालिक मुकेश अंबानी ने कहा था कि जैसे ही जरूरी परमिशन मिलेगी, वह रिलायंस के कर्मचारियों और उनके परिवार वालों के लिए टीकाकरण अभियान शुरू करेंगे।
विज्ञापन
पत्र में नीता अंबानी ने आगे कहा कि मुकेश और मेरा मानना है कि अपनों की खुशियों और सेहत का ख्याल रखने से ही परिवार बनता है और इसी बड़े परिवार का नाम है, रिलायंस-फैमिली।
भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे दुनिया के सबसे बड़े कोरोना वैक्सीनेशन अभियान का जिक्र करते हुए नीता अंबानी ने कहा कि ‘अब यह कुछ ही समय की बात है, देश कोरोना से जंग जीत जाएगा। आशा, विश्वास और आनंद के साथ देश एक नए दौर में कदम रखेगा।’
रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी ने कर्मचारियों को भरोसा दिया कि आप सभी के सहयोग से हम जल्द ही इस महामारी से निजात पा लेंगे। साथ ही उन्होंने आगाह भी किया कि कोरोना अभी गया नहीं है।
उन्होंने कहा कि हमें कोरोना के विरुद्ध पूरी सावधानी और सतर्कता बरतनी है। हम कोरोना से लड़ाई के आखिरी चरण में हैं और जल्द ही इस पर काबू पा लेंगे। पत्र का अंत करते हुए नीता अंबानी ने कहा कि मुझे भरोसा है ‘कोरोना हारेगा, इंडिया जीतेगा’।