खुशखबर : क्रूज, अध्यापक भर्ती, फीते में गीता लेखन व एशियन में कितने पदक मिले से जुड़ी अच्छी खबरें
वाराणसी में गंगा की गोद में लीजिए अलकनंदा क्रूज का मजा
देश की सांस्कृतिक राजधानी वाराणसी आने वाले पर्यटकों के लिए एक अच्छी खबर है। दुनियाभर के पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने वाराणसी में अब आलीशान क्रूज का भी मजा लिया जा सकेगा। वाराणसी में राजघाट के पास एक महीने से खड़े अलकनंदा क्रूज का रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उद्धाटन किया।
इस क्रूज के जरिए पयर्टक गंगा की मौजों पर सवार होकर वाराणसी के विश्व प्रसिद्ध घाटों को जी भरकर निहार सकेंगे। बता दें कि 125 सीटर अलकनंदा क्रूज एयरकंडिशन और इको फ्रेंडली है। गंगा की स्वच्छता को ख्याल में रखते हुए इसमें बायो टॉइलट की व्यवस्था की गई है। साथ ही टीवी स्क्रीन पर हर घाटों के बारे में जानकारी मिलेगी।
पढ़े पूरी खबर
UP सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी
उत्तर प्रदेश में सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा में क्वालीफाई करने के बाद भी नौकरी मिलने से छूट गए 6000 अभ्यर्थी लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फैसला किया है कि रविवार को ही इन अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के जरिए जिला आवंटित करके नियुक्ति दे दी जाएगी। साथ ही मुख्यमंत्री ने इस मामले में देरी की जांच के आदेश दिए हैं।
दरअसल शनिवार (1 सितंबर) को सहायक अध्यापक भर्ती की काउंसलिंग होनी थी लेकिन हाई मेरिट वाले सामान्य वर्ग के करीब 5696 अभ्यर्थी काउंसलिंग से बाहर कर दिए गए। अभ्यर्थियों के मुताबिक शासन ने 68,500 पदों पर लागू होने वाला आरक्षण सिर्फ 41,556 पदों पर ही लागू किया जिसकी वजह से हाई मेरिट वाले सामान्य वर्ग के करीब 5696 अभ्यर्थी बाहर हो गए थे।
किसान के बेटे ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, रिबन पर लिखी पूरी भागवत गीता
अच्छी खबर यूपी के हरदोई से आई है जहां एक किसान के बेटे आर्यन ने श्रीमद्भागवत गीता का सहारा लेकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना डाला है। दरअसल आर्यन ने एक रिबन पर संस्कृत में पूरी श्रीमद् भागवत गीता लिख डाली।
आर्यन की प्रतिभा को देखते हुए चार बार के गिनीज बुक विनर और गिनीज बुक वर्ल्ड रिकार्ड संस्था के प्रतिनिधि डॉक्टर जगदीश पिल्लई रविवार को हरदोई पहुंचे। उन्होंने आर्यन की प्रतिभा को सराहा और उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया।
18वें एशियाई खेलों में 67 साल के इतिहास में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
अगली अच्छी खबर एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की है।18वें एशियाई खेलों का समापन हो गया जिसमें भारत का दमदार प्रदर्शन रहा। भारत ने पिछले 14 दिन में इन खेलों में 15 स्वर्ण, 24 रजत और 30 कांस्य समेत कुल 69 पदक जीते।
बता दें कि एशियाड के 67 साल के इतिहास में सबसे ज्यादा स्वर्ण और कुल पदक जीतने के लिहाज से इस बार का प्रदर्शन सबसे बेहतरीन रहा है। 1951 के एशियाड में भारत ने कुल 51 पदक जीते थे। तब भारत को 15 स्वर्ण, 16 रजत और 20 कांस्य पदक मिले थे।