मन मुताबिक वारिस नहीं मिलने पर बढ़ेगा रतन टाटा का कार्यकाल
टाटा समूह से जुड़े उद्योग सूत्रों के मुताबिक रतन टाटा को फरवरी अंत तक के लिए अंतरिम चेयरमैन नियुक्त किया गया है, लेकिन यदि चुनाव समिति निर्धारित चार महीने की अवधि में सर्वाधिक उपयुक्त वारिस चुनने में असफल रही तो टाटा का कार्यकाल बढ़ाया भी जा सकता है।
सूत्रों ने कहा कि समिति जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं करेगी और इस बार टाटा समूह के नए प्रमुख का चुनाव करने में अतिरिक्त सावधानी बरतेगी। इसलिए यदि जरूरत पड़ी, तो रतन टाटा का कार्यालय चार महीने से आगे भी बढ़ाया जा सकता है।
टाटा समूह द्वारा रतन टाटा के वारिस के तौर पर सायरस मिस्त्री का चुनाव परेशान करने वाला साबित होने के बाद समूह के बहुमत शेयरधारक नए चेयरमैन का चुनाव करने में बेहद सावधानी बरत रहे हैं। ‘दूध का जला छाछ भी फूंक-फूंक कर पीता है’ वाली कहावत रतन टाटा और टाटा संस के बहुमत शेयरधारक ट्रस्टों के सदस्यों पर इस मामले में बिल्कुल फिट बैठता है।
टाटा समूह से जुड़े उद्योग सूत्रों के मुताबिक इस बार ट्रस्टी किसी ऐसे उम्मीदवार को चुनना पसंद करेंगे, जिन्होंने कंपनी में सराहनीय प्रदर्शन किया है और जो समूह के मूल्यों का तो समझते ही हैं, उन्हें अपने जीवन-व्यवहार में अमल भी करते हैं।
प्रदर्शन और वफादारी को मिलेगी वारिस चयन में वरीयता
टाटा समूह से जुड़े उद्योग सूत्रों के मुताबिक रतन टाटा के वारिस का चुनाव करते समय जहां तक उम्मीदवारों के कार्य प्रदर्शन और टाटा समूह के प्रति पक्की वफादारी का सवाल है, तो तीन नाम सहजता से सामने आते हैं। सूत्रों के मुताबिक इनमें सबसे उपयुक्त संभावित उम्मीदवार हैं नोएल टाटा, क्योंकि उनमें सभी जरूरी योग्यताओं के होने के अलावा उनके साथ टाटा उपनाम भी लगा हुआ है।
चार साल पहले भी नोएल टाटा इस पद के लिए सर्वाधिक उपयुक्त उम्मीदवारों में से एक थे। अन्य दो संभावित उम्मीदवारों में समूह की दो सबसे सफल कंपनियों के प्रमुख शामिल हैं। ये हैं टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक नटराजन चंद्रशेखरन और जगुआर लैंड रोवर्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राल्फ डेटर स्पेथ।
1. नोएल टाटा :
- वह अभी ट्रेंट लिमिटेड के चेयरमैन और टाटा इंटरनेशनल के प्रबंध निदेशक हैं
- वह रतन टाटा के सौतेले भाई हैं
2. नटराजन चंद्रशेखरन :
- अभी टाटा समूह की सर्वाधिक लाभकारी कंपनी टीसीएस के सीईओ और एमडी
- हाल में ही टाटा संस के बोर्ड में अतिरिक्त निदेशक के तौर पर नियुक्त किए गए
- तीन दशकों की पक्की वफादारी का रिकार्ड
3. राल्फ डेटर स्पेथ :
- फिलहाल जगुआर लैंड रोवर के सीईओ
- हाल में ही टाटा संस के बोर्ड में अतिरिक्त निदेशक के तौर पर नियुक्त किए गए