Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Rajnath Singh calls for stronger defence capabilities, launches UDAAN-developed AI applications

कमांडर सम्मेलन: राजनाथ सिंह ने दिया दुश्मन को चौंकाने का मंत्र, उड़ान का एआई एप लॉन्च; जानें भविष्य की रणनीति

Thu, 12 Nov 2026 05:27 PM IST
निर्मल कांत एएनआई, नई दिल्ली।
एएनआई, नई दिल्ली। Published by: निर्मल कांत Updated Thu, 12 Nov 2026 05:27 PM IST
सार

भविष्य की जंग में दुश्मन को संभलने का मौका न मिले, इसके लिए राजनाथ सिंह ने सेना को हमले और बचाव की ताकत बढ़ाने को कहा है। उन्होंने ड्रोन, साइबर और अंतरिक्ष के क्षेत्र में नई तैयारी पर भी जोर दिया। साथ ही उड़ान के एआई एप लॉन्च किए। कमांडर सम्मेलन में रक्षा मंत्री ने क्या-क्या कहा? पढ़िए इस रिपोर्ट में। 

विज्ञापन
Rajnath Singh calls for stronger defence capabilities, launches UDAAN-developed AI applications
कमांडर सम्मेलन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक

विस्तार

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को सशस्त्र बलों से अपनी ताकत बढ़ाने को कहा। उन्होंने हमले और बचाव की क्षमता को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य की जंग में दुश्मन को चौंकाने की क्षमता बनाए रखना जरूरी होगा। भारत को ऐसा सक्षम बनना होगा कि दुश्मन को जवाब देने का मौका न मिले। साथ ही, दुश्मन के अचानक हमले हमले से निपटने की भी तैयारी होनी चाहिए।
विज्ञापन


उन्होंने युद्ध के बदलते तरीकों और तकनीक में तेजी से बदलाव के बीच यह बात कही है। रक्षा मंत्री नई दिल्ली में वायुसेना कमांडर्स सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने खुफिया जानकारी जुटाने की व्यवस्था मजबूत करने को कहा। निगरानी बढ़ाने पर भी जोर दिया।
विज्ञापन


उन्होंने कहा, अलग-अलग प्रणालियों के बीच तालमेल बेहतर करना होगा। संभावित खतरों की पहचान पहले ही करनी होगी। राजनाथ सिंह ने रक्षा बलों से खास अपील की। उन्होंने हमले और बचाव, दोनों मोर्चों पर दुश्मन को चौंकाने की क्षमता बढ़ाने और इसे बनाए रखने कहा।
विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने कहा, आधुनिक युद्ध का स्वरूप बदल रहा है। तकनीक तेजी से आगे बढ़ रही है। ऐसे में पारंपरिक और नए खतरों से निपटने के लिए तैयार रहना होगा। 

ये भी पढ़ें: मुंबई में फिर बम धमाकों की धमकी: अमिताभ बच्चन के बंगले से मेयर ऑफिस तक निशाने पर, ईमेल में खालिस्तान का जिक्र
  
रक्षा मंत्री ने कहा, हमारे रक्षा बलों को ऐसी क्षमताएं और तरीके विकसित करने चाहिए, जिनसे दुश्मन को प्रतिक्रिया देने या संभलने का कोई समय न मिले। साथ ही, हमें यह भी सुनिश्चित करना होगा कि दुश्मन की किसी अचानक चाल से हम कभी हैरान न हों। दुश्मन को चौंकाने के कई तरीके हो सकते हैं। ये पारंपरिक भी हो सकते हैं और इलेक्ट्रॉनिक भी। हमारी खुफिया जानकारी जुटाने और निगरानी की व्यवस्था को और मजबूत करना होगा। सैन्य तैयारियों को भी बेहतर बनाना होगा। इससे हमारे जवान सतर्क रहेंगे। तेजी से कार्रवाई कर सकेंगे। साथ ही किसी भी नई चुनौती का प्रभावी ढंग से जवाब देने में सक्षम होंगे। 
 
भविष्य की जंग में कौन-सी चुनौतियां होंगी?
राजनाथ सिंह ने कहा, आज युद्ध का तरीका बदल गया है। अब लड़ाई सिर्फ पारंपरिक युद्ध के मैदान तक सीमित नहीं है। बिना सीधे संपर्क वाले क्षेत्रों में भी संघर्ष हो रहे हैं। इनमें मिसाइल और ड्रोन की अहम भूमिका है। आधुनिक हथियार प्रणालियां भी अहम हो गई हैं। 

उन्होंने रूस-यूक्रेन, इस्राइल-हमास युद्ध का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक युद्ध में ड्रोन और वायु रक्षा प्रणालियां बेहद अहम हो गई हैं। उन्होंने कहा, कमांडरों को सतर्क रहना होगा। आत्मघाती ड्रोन से निपटने की तैयारी जरूरी है। निगरानी भी बढ़ानी होगी। दुश्मन के ड्रोन को रोकने के अभियान भी मजबूत करने होंगे। 

साइबर और अंतरिक्ष के क्षेत्र में तैयारी क्यों जरूरी
रक्षा मंत्री ने भारतीय वायु सेना (आईएएफ) से नई रणनीति बनाने को कहा। उन्होंने कहा, युद्ध के नए क्षेत्रों के लिए अलग व्यवस्था तैयार करनी होगी। इनमें इलेक्ट्रॉनिक, साइबर और अंतरिक्ष क्षेत्र शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में तैयारी बढ़ानी होगी। इससे भविष्य की चुनौतियों से निपटने की क्षमता मजबूत होगी।  

ये भी पढ़ें: बंगाल: घर के पास बुलडोजर चला तो चुनाव आयोग पहुंचे अभिषेक बनर्जी, टीएमसी चुनाव निशान केस में दखल का लगाया आरोप
 
उन्होंने कहा, भविष्य के युद्धों में जीत केवल विमानों की संख्या पर निर्भर नहीं करेगी। यह तकनीक की आधुनिकता, जवाब देने की गति और तैयारियों की सटीकता पर भी निर्भर करेगी। उन्होंने कमांडरों से इन चुनौतियों को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने कहा, इन्हें संस्थागत सोच का हिस्सा बनाना होगा। योजना में भी शामिल करना होगा। सैन्य कार्रवाई की प्रक्रिया में भी जगह देनी होगी। 

राजनाथ सिंह ने कहा, रक्षा बलों में बड़े बदलाव हो रहे हैं। संगठन के ढांचे में सुधार किया जा रहा है। तीनों सेनाओं के बीच तालमेल बढ़ाया जा रहा है। एकीकरण पर भी काम हो रहा है। सैन्य अभियानों के तरीकों में भी बदलाव किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, सुरक्षा माहौल बदल रहा है। इसलिए सैन्य तैयारियों में लगातार बदलाव जरूरी है। भविष्य को ध्यान में रखकर तैयारी करनी होगी। 

ऑपरेशन सिंदूर में वायु सेना की भूमिका पर क्या कहा?
रक्षा मंत्री ने वायु सेना की तारीफ की। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान और उसके बाद वायु सेना के काम की सराहना की। उन्होंने कहा, वायु सेना ने अपनी रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू किया। सैन्य कार्रवाई के तरीकों को भी सही तरीके से अपनाया। उन्होंने वायु सेना के जवानों की पेशेवर क्षमता, संयम और सही फैसलों की भी तारीफ की। 

युवा सैनिकों की तकनीकी क्षमता पर क्यों दिया जोर?
रक्षा मंत्री ने वायु सेना के प्रयासों की सराहना की। वायु सेना अपने जवानों का कौशल बढ़ा रही है। उनकी क्षमताओं को भी बेहतर बनाया जा रहा है। यह काम तेजी से बदलती तकनीक के हिसाब से हो रहा है। राजनाथ सिंह ने कमांडरों से यह प्रयास जारी रखने को कहा। उन्होंने कहा, वायु सेना के जवानों को नई तकनीकों का प्रशिक्षण देना होगा।

उन्होंने युवा सैनिकों के तकनीकी ज्ञान, विशेषज्ञता का पूरा लाभ उठाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा, युवाओं की क्षमताएं बड़े काम आ सकती हैं। इससे बेहतर फैसले लेने में मदद मिलेगी। संगठन का विकास भी होगा। 

अग्निवीरों के दूसरे कार्यकाल पर क्या कहा?
राजनाथ सिंह ने अग्निवीरों के दूसरे कार्यकाल यानी सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी पर भी बात की। उन्होंने कहा कि यह फैसला रक्षा बलों से मिले सुझावों के बाद लिया गया है। उन्होंने सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि सरकार तीनों सेनाओं के सुझावों को नीतिगत फैसलों में शामिल करने के लिए तैयार है। 

 
उड़ान के एआई एप से क्या काम होंगे? 
इस सम्मेलन में रक्षा मंत्री ने कई एआई एप लॉन्च किए। इन्हें भारतीय वायु सेना ने खुद तैयार किया है। इन्हें वायु सेना की यूनिट फॉर डिजिटाइजेशन, ऑटोमेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड एप्लिकेशन नेटवर्किंग (उड़ान) ने विकसित किया है। इस यूनिट के एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ने ये एप बनाए हैं। इन एप से कई काम आसान और तेजी से पूरे होंगे। कई काम अपने आप होंगे। 

इनका सैन्य अभियानों और प्रशासनिक कामों में भी इस्तेमाल होगा। एयरोस्पेस सुरक्षा से जुड़े कामों में भी इनका इस्तेमाल किया जाएगा। ये एप वायु सेना के सुरक्षित नेटवर्क पर काम करेंगे। यह पहल वायु सेना के लिए अहम है। इससे तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलेगा। वायु सेना की कार्यक्षमता भी बेहतर होगी। 

सम्मेलन में कौन-कौन शामिल हुए?
वायुसेना कमांडर सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित, रक्षा सचिव राजेश कुमार, रक्षा उत्पादन सचिव संजीव कुमार, रक्षा वित्त सचिव विश्वजीत सहाय, वायु सेना की सभी कमानों के एयर ऑफिसर्स कमांडिंग-इन-चीफ, सभी महानिदेशक भी मौजूद रहे। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed