राज ठाकरे का फरमान, 'न होली खेलें, न खेलने दें'
- मनसे अध्यक्ष ने कहा, नहीं मानने पर मनसे स्टाइल में सिखाएं सबक
- महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति को देखते हुए सूखी होली मनाने पर है जोर
- गैर मराठियों के ऑटो रिक्शा जलाने की दे चुके हैं धमकी
विस्तार
गैर मराठियों की ऑटो रिक्शा जलाने का एलान करने वाले महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ( मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे ने एक नया फरमान जारी किया है। उन्होंने रंग में भी भंग डालने का प्रयास करते हुए कहा है कि न खुद होली खेलेंगे और न खेलने देंगे।
उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से कहा है कि लोगों से होली न खेलने का आवाहन करें। इसके बावजूद यदि कोई होली खेलते मिलता है, तो उसे मनसे स्टाइल में सबक सिखाएं। शनिवार को मुंबई से सटे ठाणे के गडकरी रंगायतन में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज ठाकरे ने यह विवादित बयान दिया।
राज ठाकरे ने कहा कि राज्य में सूखे की विकट स्थिति है। इसलिए पानी की किल्लत को देखते हुए कार्यकर्ता होली का त्यौहार न मनाएं।
'होली खेलने वालों को सबक सिखाने की कही बात'
उन्होंने कहा कि मनसे के कार्यकर्ता और पदाधिकारी शहर के चौक और चौराहों पर घूम-घूम कर पानी की बचत करने का संदेश दें और होली न खेलने के लिए विनती करें। यदि निवेदन करने पर भी कोई होली खेलते पाया जाता है, तो उसे मनसे स्टाइल में सबक सिखाने से न चूकें।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पहले ही राज्य की जनता से सूखी होली मनाने का आह्वान किया है। इसके साथ ही स्वीमिंग पूल को पानी नही देने बाबत सभी महानगरपालिकाओं को परिपत्र जारी किया है। ऐसे में राज ठाकरे के धमकी वाले बयान से फिर विवाद बढ़ने की आशंका जताई जाने लगी है।
मनसे अध्यक्ष ने कहा कि शिव जयंती भी गणेश उत्सव की ही तर्ज पर बड़े पैमाने पर मनाई जानी चाहिए क्योंकि शिवाजी महाराज का जन्म प्रत्येक महाराष्ट्र वासी के लिए त्यौहार के सामान है।