Railway: अब ट्रेन में मिलेगा फ्लाइट जैसा अनुभव, रेलवे ला रहा है नए सुपर कोच; यात्रियों को मिलेंगी ये सुविधाएं
नए डिजाइन के कोच में सीटों को पहले से ज्यादा आरामदायक बनाया गया है। इसके साथ ही कोच के अंदर की लाइटिंग, वेंटिलेशन और साफ सफाई पर खास ध्यान दिया गया है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुरक्षा फीचर्स भी जोड़े जा रहे हैं, ताकि आपात स्थिति में बेहतर तरीके से निपटा जा सके।
विस्तार
भारतीय रेलवे ने ट्रेन यात्रा को पहले से ज्यादा सुरक्षित और आरामदायक बनाने की दिशा में काम तेज कर दिया गया है। रेल मंत्रालय ने रविवार को जानकारी दी कि, रेलवे नए और आधुनिक डिजाइन के कोच तैयार कर रहा है। इन कोचों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर बदलाव किए जा रहे हैं, जिससे सफर का अनुभव बेहतर हो सके। इसके अलावा ट्रेनों में लगे शौचालय को भी अपग्रेड करने की योजना है। इन्हें ज्यादा साफ सुथरा और आधुनिक बनाया जाएगा, ताकि यात्रियों को स्वच्छ और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
नए कोच में मिलेगी बेहतर सुविधा और आराम के साथ सफर के अनुभव
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार, रेलवे ने मौजूदा कोचों को अपग्रेड कर एक सैंपल कोच तैयार किया है। इस कोच में नई तकनीक और उन्नत सुविधाओं को शामिल किया गया है, जिससे यात्रा पहले से अधिक आरामदायक हो सके। इससे खास तौर पर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को इन बदलावों का सीधा लाभ मिलेगा। नए कोच बेहतर सुविधा और आराम के साथ सफर के अनुभव को और सहज बनाने में मदद करेंगे।
नए डिज़ाइन के कोच में सीटों को पहले से ज्यादा आरामदायक बनाया गया है। इसके साथ ही कोच के अंदर की लाइटिंग, वेंटिलेशन और साफ सफाई पर खास ध्यान दिया गया है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुरक्षा फीचर्स भी जोड़े जा रहे हैं, ताकि आपात स्थिति में बेहतर तरीके से निपटा जा सके। शौचालय में भी बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। इन्हें अधिक स्वच्छ, टिकाऊ और उपयोग में आसान बनाया जा रहा है। पानी की बचत और बेहतर सफाई व्यवस्था के लिए नई तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को साफ-सफाई के मामले में बेहतर अनुभव मिल सके। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस सैंपल कोच के सफल परीक्षण के बाद चरणबद्ध तरीके से अन्य ट्रेनों में भी ऐसे कोच लगाए जाएंगे। इससे देशभर में रेल यात्रा की गुणवत्ता में सुधार आने की उम्मीद है।
रेलवे के मुताबिक, अमृत भारत एक्सप्रेस के कोचों को खास डिजाइन के साथ तैयार किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को सिर्फ आराम ही नहीं बल्कि आधुनिक और प्रीमियम यात्रा का अनुभव भी मिल सके। कोच के इंटीरियर को पूरी तरह नया रूप दिया गया है। फर्श पर पीवीसी फ्लोरिंग लगाई गई है, जबकि सीट और बर्थ पर नई रेक्सीन का इस्तेमाल किया गया है। इसके साथ ही फोल्डेबल स्नैक टेबल, खिड़कियों के परदे और अत्याधुनिक शौचालय जैसी सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं। इन सभी बदलावों में एक समान रंग संयोजन रखा गया है, जिससे कोच का अंदरूनी हिस्सा आकर्षक नजर आता है। साथ ही इस एकरूपता से यात्रियों को सफर के दौरान सुकूनभरा और बेहतर माहौल मिलने की उम्मीद है।
क्या खास है इन नए कोच में?
रेलवे के अनुसार, इन कोचों के डिजाइन में केवल आकर्षक लुक पर ही नहीं, बल्कि सुरक्षा और मजबूती पर भी खास ध्यान दिया गया है। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हर पहलू को ध्यान में रखकर बदलाव किए गए हैं। कोच में इस्तेमाल की गई सभी सामग्री उच्च स्तर के HL-3 फायर सेफ्टी मानकों के अनुरूप है। इससे किसी भी आपात स्थिति में आग लगने के खतरे को कम करने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा कोचों को इस तरह तैयार किया गया है कि उनका रखरखाव आसान रहे और वे लंबे समय तक टिकाऊ बने रहें। रेलवे का उद्देश्य है कि कम मेंटेनेंस लागत में यात्रियों को बेहतर और निरंतर सेवा मिल सके। इसी को ध्यान में रखते हुए डिजाइन में मॉड्यूलर अप्रोच अपनाई गई है। इससे जरूरत पड़ने पर कोच के किसी भी हिस्से को आसानी से बदला या मरम्मत किया जा सकता है, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.