मुंबई में गलत तरीके से रेलवे ट्रैक पार किया, तो 'यमराज' आपको उठा ले जाएगा
क्या आप भी फुटओवर ब्रिज की सीढ़ियां चढ़ने की बजाय पटरियों से गुजरते हुए ट्रैक पार करते हैं? अगर हां तो सावधान हो जाइए। रेलवे ने आपको रोकने के लिए अधिकारी नहीं बल्कि 'यमराज' को नियुक्त करने का फैसला किया है।
पश्चिम रेलवे ने मुंबई में अनोखी मुहिम शुरू की है। इसके मुताबिक यमराज का रूप धारण किए एक व्यक्ति गलत तरीके से ट्रैक पार करने वालों को अपने कंधों पर उठाकर ले जा रहा है। पश्चिम रेलवे ने इस अनूठे उपाय के जरिए सुरक्षा का संदेश देने की कोशिश की है।
रेल मंत्रालय ने ट्वीट कर लिखा है, 'अनाधिकृत रूप से पटरी पार ना करें, यह जानलेवा हो सकता है। अगर आप अनाधिकृत तरीके से पटरी को पार करते हैं तो सामने यमराज खड़े हैं। मुंबई में पश्चिम रेलवे द्वारा आरपीएफ के साथ मिलकर 'यमराज' के कैरेक्टर के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है।'
अनाधिकृत रूप से पटरी पार ना करें, यह जानलेवा हो सकता है ।
— Ministry of Railways (@RailMinIndia) November 7, 2019
अगर आप अनाधिकृत तरीक़े से पटरी को पार करते हैं तो सामने यमराज खड़े हैं ।
मुंबई में पश्चिम रेलवे द्वारा आरपीएफ के साथ मिलकर 'यमराज' के कैरेक्टर के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। pic.twitter.com/UM5O5OYQIR
सोशल मीडिया पर इस नई मुहिम को काफी पसंद किया जा रहा है। रेलवे के इस ट्वीट को अब तक करीब चार हजार लोग लाइक कर चुके हैं और 900 के आसपास लोग इसे रीट्वीट भी कर चुके हैं।