राहुल को राफेल पर अपनी गलतफहमी दूर करने के लिए एंटोनी से चर्चा करनी चाहिए : सीतारमन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमन ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को सलाह दी है कि राफेल लड़ाकू विमान सौदे के बारे में हुई खरीद प्रक्रिया पर उन्हें (राहुल) यूपीए कार्यकाल में पूर्व रक्षा मंत्री रहे ए के एंटोनी से संपर्क कर चर्चा करनी चाहिए, ताकि इस बारे में उनकी गलतफहमी दूर हो सके।
राहुल गांधी द्वारा मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में विवादास्पद राफेल सौदे को बार-बार उठाकर मुख्य मुद्दा बनाये जाने को लेकर पूछे गये एक सवाल के जवाब में सीतारमन ने यहां संवाददाताओं को बताया, ‘वह (राहुल) पूर्व रक्षा मंत्री ए के एंटोनी के साथ बैठकर बात कर लें तो राफेल लड़ाकू विमान सौदे पर उनकी सभी गलतफहमी दूर हो जाएगी।’ उन्होंने कहा, ‘लेकिन उनका इरादा इसे समझने का नहीं है।
उनका इरादा राफेल सौदे पर लोगों को गुमराह करने का है। इसलिए वह जहां कहीं जाते हैं, लोगों को गुमराह करने के लिए इसे उठाते हैं।’’ सीतारमन ने कहा, ‘‘राहुल के कहने पर जनता गुमराह नहीं होगी। हमने बिना दलाली के राफेल सौदा किया है। इससे पहले रक्षा सौदों में रक्षा मंत्रालय में कभी ऐसी पारदर्शिता नहीं थी।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसे अच्छी तरह से जानती है, लेकिन फिर भी वह लोगों को गुमराह करने के लिए इसे उठा रही है।
एक अन्य सवाल के जवाब में सीतारमन ने कहा कि उच्चततम न्यायालय वर्तमान में राफेल सौदे की सुनवाई कर रहा है, इसलिए इस पर इससे ज्यादा टिप्पणी करना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने राफेल सौदे पर अपना साफ-सुथरा एवं सही-सही जवाब दे दिया है और आगे भी ऐसा ही सही-सही जवाब देती रहेगी। सीतारमन ने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है। इसलिए राहुल राष्ट्रीय मुद्दे को प्रदेश में उठा रहे हैं। हालांकि, उन्होंने तुरंत यह भी कहा कि राफेल सौदा राष्ट्रीय मुद्दा भी नहीं है।
'मुझे हिंदी समझ में आती है'
भोपाल में पत्रकार वार्ता करते समय एक रिपोर्टर के सवाल पर रक्षामंत्री आहत हो गईं और उन्होंने कहा कि उन्हें हिंदी समझ में आती है। दरअसल एक रिपोर्टर ने उनसे सवाल पूछ लिया कि एनडीए सरकार सर्जिकल स्ट्राइक के दो साल बाद इसे लेकर बीन क्यों बजा रही है। इस पर रक्षामंत्री ने कहा, 'मुझे आपके सवाल ने काफी आहत किया है... आपने काफी व्यंग्यात्मक लहजे में यह सवाल पूछा है। जो सवाल आपने पूछा... बीन बजाना... मुझे हिंदी समझ में आती है।'
राफेल मुद्दे पर कांग्रेस व राहुल गांधी कन्फ्यूज
ग्वालियर में संक्षिप्त प्रवास के दौरान पत्रकारों से वार्ता के दौरान रक्षामंत्री ने कहा कि कांग्रेस राफेल का सहारा लेकर अन्य समस्याओं और चर्चाओं से बच रही है। उन्होंने राफेल मामले में कहा कि भाजपा की नरेंद्र मोदी सरकार कांग्रेस के समय में बनाए गए करार के लगभग 99 प्रतिशत बिंदुओं में से कोई भी बदलाव नहीं किया है।
पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी भी बहुत कुछ समझा चुके हैं, लेकिन पता नहीं क्यों कांग्रेस और राहुल पूरे मामले में हमेशा कन्फ्यूज ही हैं। कम्युनिस्ट नेता सीताराम येचुरी ने राफेल मुद्दे पर सरकार को पाक साफ बताया के बारे में पूछे जाने पर रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमन ने कहा कि फिर इस मुद्दे पर चर्चा की क्या जरूरत।
मध्यप्रदेश के चुनावों में एंटी इन्कम्बैसी के सवाल पर रक्षामंत्री ने कहा कि भाजपा हर चुनाव में विकास कार्यों को जनता के पास तक पहुंचाने का प्रयास करती हैं। इसीलिए सभी नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।