राहुल गांधी का सवाल: किसानों की हत्या, महंगाई, बेरोजगारी पर पीएम क्यों हैं मौन? लद्दाख में चीनी सेना को लेकर भी किया ट्वीट
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को फिर ट्वीट कर पीएम मोदी पर निशाना साधा। इस बार उन्होंने महंगाई, लखीमपुर कांड व चीनी सेना के जमावड़े को लेकर केंद्र को घेरा है।
विस्तार
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि पीएम किसानों की हत्या पर चुप्पी क्यों साधी हुई है? रविवार को उन्होंने ट्वीट कर पूर्वी लद्दाख में चीनी सेना की गतिविधियों को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
राहुल गांधी ने रविवार को ट्वीट किया, 'पीएम ने बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की हत्या और भाजपा के कार्यकर्ताओं पर खड़े हुए सवालों के मामले में चुप्पी साध रखी है, लेकिन कैमरा के सामने मित्रों की आलोचना पर सवाल करने के मामले में वह काफी मुखर हैं। बढ़ती महंगाई, तेल के दाम, बेरोजगारी, किसान की हत्या पर प्रधानमंत्री खामोश हैं।'
एक अन्य ट्वीट में राहुल ने चीन सेना के लद्दाख में जमावड़े को लेकर एक मीडिया रिपोर्ट का जिक्र करते हुए केंद्र पर तंज किया। इस मीडिया रिपोर्ट में सेना प्रमुख के हवाले से यह दावा किया गया है कि चीनी सेना लद्दाख में टिकने के लिए आई है। राहुल गांधी ने ट्वीट में लिखा, 'चीन यहां रहने के लिए। कहा पे? हमारी जमीन पर।'
“China here to stay.”
Where?
On our land. pic.twitter.com/15iMbbh4v6— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 10, 2021
आठ घंटे चली 13 वें दौर की सैन्य कमांडर स्तर की वार्ता
इस बीच, रविवार को करीब दो महीने के बाद भारत और चीन के सैन्य कमांडरों के बीच 13वें दौर वार्ता हुई। इस वार्ता में भारत ने पूर्वी लद्दाख में विवाद के बचे इलाकों से सैन्य टुकड़ियों को वापस कर जल्द से जल्द पूर्व स्थिति बहाल करने पर जोर दिया। बातचीत करीब 8 घंटे तक चली। पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के चीनी हिस्से में मोल्दो बॉर्डर प्वाइंट पर ये बातचीत रविवार सुबह 10.30 बजे शुरू हुई और शाम 7 बजे तक चलती रही।
ले. जनरल मेनन ने किया नेतृत्व
सैन्य सूत्रों के अनुसार वार्ता का मुख्य जोर पेट्रोलिंग प्वाइंट 15 (पीपी-15) से सैन्य टुकड़ियों की वापसी पर केंद्रित रहा। बातचीत के बारे में कोई भी आधिकारिक बयान नहीं जारी किया गया है। भारत की ओर से वार्ता की अगुआई लेफ्टिनेंट जनरल पीजीके मेनन ने की, जो लेह स्थित 14वें कोर के कमांडर हैं। भारत लगातार इस बात पर जोर देता रहा है कि पूर्वी लद्दाख के देपसांग, हॉट स्प्रिंग और गोगरा के मुद्दों का सुलझना दोनों देशों के रिश्तों में सुधार के लिए जरूरी है। सेना के सूत्रों के अनुसार भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने बातचीत के दौरान देश का ये रुख पूरी दृढ़ता से चीन के सामने रखा है।