Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Rahul Gandhi in Chicago Question India Foreign Policy Say Pakistan Mediating US-Iran Talks India Side Player

शिकागो: राहुल गांधी ने भारत की विदेश नीति पर उठाए सवाल, बोले- अमेरिका-ईरान बातचीत में PAK की भूमिका से हैरान

Fri, 20 Nov 2026 12:47 AM IST
हिमांशु सिंह चंदेल वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, शिकागो
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, शिकागो Published by: हिमांशु सिंह चंदेल Updated Fri, 20 Nov 2026 12:47 AM IST
सार

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शिकागो में भारत की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि पाकिस्तान अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में भूमिका निभा रहा है, जबकि भारत वैश्विक कूटनीति में पीछे नजर आ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की ट्रंप और पुतिन से व्यक्तिगत दोस्ती पर भी निशाना साधा। आखिर पाकिस्तान को यह भूमिका कैसे मिली? क्या भारत का अंतरराष्ट्रीय प्रभाव कमजोर हो रहा है? आइए, विस्तार से जानते हैं कि राहुल गांधी ने क्या-कुछ कहा...
 

विज्ञापन
Rahul Gandhi in Chicago Question India Foreign Policy Say Pakistan Mediating US-Iran Talks India Side Player
राहुल गांधी ने विदेश नीति पर मोदी सरकार को घेरा - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका के शिकागो में भारत की विदेश नीति को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में भूमिका निभा रहा है, जबकि भारत इस पूरे घटनाक्रम में कहीं नजर नहीं आ रहा है। राहुल ने भारत को वैश्विक कूटनीति में 'साइड प्लेयर' यानी किनारे खड़ा खिलाड़ी बताया। उन्होंने कहा कि भारत जैसे बड़े देश को दुनिया के अहम मुद्दों पर अपनी बात रखनी चाहिए और अंतरराष्ट्रीय फैसलों को प्रभावित करने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
विज्ञापन


पाकिस्तान अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत करा रहा है, भारत पीछे क्यों है?
शिकागो यूनिवर्सिटी में बुधवार को छात्रों के साथ बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि भारत का आकार और उसकी वैश्विक स्थिति उसे अंतरराष्ट्रीय मामलों में महत्वपूर्ण आवाज देते हैं। इसके बावजूद भारत दुनिया की बड़ी चर्चाओं में सक्रिय भूमिका नहीं निभा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत के अमेरिका, ईरान और रूस के साथ संबंध हैं, लेकिन इन रिश्तों को कूटनीतिक प्रभाव में नहीं बदला जा रहा है। राहुल ने कहा कि वह यह देखकर हैरान हैं कि पाकिस्तान ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत करा रहा है और भारत केवल देख रहा है। उन्होंने आजादी के बाद गुटनिरपेक्ष आंदोलन में भारत की भूमिका का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, उस समय भारत की अंतरराष्ट्रीय मामलों में मजबूत पहचान थी और अब देश को फिर से वही स्थान हासिल करना चाहिए।
विज्ञापन


क्या पाकिस्तान की मध्यस्थता को लेकर पहले भी उठे थे सवाल?
पाकिस्तान की ओर से अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में भूमिका निभाने का मुद्दा पहले भी भारत में राजनीतिक बहस का विषय रहा है। मार्च 2025 में पश्चिम एशिया संकट पर हुई सर्वदलीय बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा था कि भारत वैश्विक राजनीति में किसी दलाल देश की भूमिका नहीं निभा सकता। उस समय विपक्ष ने वाशिंगटन और तेहरान के बीच बातचीत में पाकिस्तान की भूमिका को लेकर चिंता जताई थी। अब राहुल गांधी ने इसी मुद्दे को उठाकर मोदी सरकार की विदेश नीति पर सवाल खड़े किए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


मोदी की ट्रंप और पुतिन से दोस्ती पर राहुल ने क्या कहा?
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति में व्यक्तिगत संबंधों को महत्व देने के तरीके पर भी निशाना साधा। उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मोदी की दोस्ती का जिक्र किया। राहुल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय राजनीति केवल नेताओं की व्यक्तिगत दोस्ती से नहीं चलती। हर देश का नेता अपनी आर्थिक व्यवस्था और राजनीतिक ढांचे के हिसाब से फैसले लेता है। वह केवल इस आधार पर निर्णय नहीं करता कि दूसरे देश के नेता से उसकी दोस्ती कैसी है। राहुल ने स्पष्ट किया कि उन्हें नेताओं की दोस्ती से कोई परेशानी नहीं है, लेकिन भारत को यह समझना चाहिए कि दुनिया में क्या हो रहा है और उसमें उसकी वास्तविक स्थिति क्या है।

भविष्य की वैश्विक व्यवस्था में भारत की क्या भूमिका होगी?
राहुल गांधी ने दुनिया की बदलती राजनीतिक और सुरक्षा व्यवस्था पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद बनी अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था में पश्चिमी देशों का दबदबा रहा है। हालांकि, आने वाले समय में वैश्विक व्यवस्था किसी एक देश या सभ्यता के नियंत्रण में नहीं रहेगी। इसमें कई देशों और सभ्यताओं की भूमिका होगी। राहुल के मुताबिक, अमेरिका, चीन, भारत, मध्य पूर्व और रूस आने वाली वैश्विक व्यवस्था को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत को इस बदलाव को समझना होगा और अंतरराष्ट्रीय मामलों में अपनी सक्रिय भागीदारी बढ़ानी होगी।

पाकिस्तान से बातचीत के लिए राहुल गांधी ने क्या शर्त रखी?
भारत और पाकिस्तान के संबंधों को लेकर भी राहुल गांधी से सवाल पूछा गया। बातचीत के दौरान एक पाकिस्तानी प्रतिभागी ने पूछा कि क्या दोनों देश आपसी आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर साथ काम कर सकते हैं। इस पर राहुल ने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत की गुंजाइश है, लेकिन पाकिस्तान को भारत में आतंकवाद का समर्थन और उसे बढ़ावा देना बंद करना होगा। उन्होंने कहा कि जब तक भारत के निर्दोष नागरिकों की हत्या होती रहेगी, तब तक पाकिस्तान के साथ बातचीत करना संभव नहीं है। राहुल ने साफ कहा कि आतंकवाद को समर्थन मिलना बंद होने पर ही दोनों देशों के बीच बातचीत शुरू हो सकती है।


अमेरिका में पाकिस्तान के दूतावास के तहत कैसे काम करता है ईरान?
अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में ईरान का हित अनुभाग पाकिस्तान के दूतावास के तहत काम करता है। वर्ष 1979 की इस्लामी क्रांति के बाद अमेरिका और ईरान के राजनयिक संबंध टूट गए थे। इसके बाद 1992 से यह व्यवस्था जारी है। अमेरिका में ईरान की यही एकमात्र आधिकारिक राजनयिक मौजूदगी है। इस व्यवस्था के तहत पाकिस्तान ईरान को राजनयिक संरक्षण देता है, जबकि ईरान अपने कर्मचारियों और वाणिज्य दूतावास से जुड़ी सेवाओं का संचालन करता है। उत्तरी अमेरिका में रहने वाले करीब 15 लाख ईरानियों के लिए भी यह व्यवस्था महत्वपूर्ण है। इस संपर्क के कारण पाकिस्तान की वाशिंगटन में ईरानी अधिकारियों तक सीधी पहुंच बनी रहती है। अमेरिका, इस्राइल और ईरान के बीच तनाव के दौरान यह व्यवस्था पाकिस्तान को मध्यस्थता की भूमिका निभाने का अवसर देती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed