राहुल गांधी को सूरत की अदालत ने भेजा समन, 16 जुलाई को पेश होने का आदेश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकसभा चुनाव में जबरदस्त हार का सामना करने के बाद से पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। एक ओर तो उनके कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद से पार्टी के अंदर चल रहे विवाद समाप्त होने का नाम नहीं ले रहे हैं तो दूसरी ओर कानूनी पचड़े भी राहुल का पीछा छोड़ने का नाम नहीं ले रहे हैं।
गुजरात में सूरत की एक अदालत ने आज राहुल गांधी को समन भेजकर 16 जुलाई को पेश होने का आदेश दिया है। अदालत ने यह समन समस्त गुजराती मोढ़ मोदी समाज द्वारा दर्ज कराए गए एक मामले में भेजा है। समस्त गुजराती मोढ़ मोदी समाज ने राहुल गांधी के एक आपत्तिजनक बयान को लेकर केस दर्ज कराया था। बयान में राहुल गांधी ने कहा था, 'सभी चोरों के नाम में मोदी क्यों लगा होता है।'
Gujarat: Rahul Gandhi has been summoned by a Surat court to appear before it on July 16 in connection with a case registered by Samast Gujarati Modh Modi Samaj over Gandhi's comment "Why do all thieves have Modi in their names". (File pic) pic.twitter.com/bs7tMG6DbW
— ANI (@ANI) July 9, 2019
दरअसल, राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए 'मोदी' उपनाम को लेकर टिप्पणी की थी। 13 अप्रैल को कोलार में अपने भाषण के दौरान राहुल ने कहा था कि सभी चोरों के नाम में मोदी लगा है, नीरव मोदी हों, ललित मोदी हों, या नरेंद्र मोदी हों, ऐसा क्यों? हमें नहीं पता और कितने मोदी सामने आएंगे।
इसी मामले में बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराया था। सुशील कुमार मोदी ने कहा था कि राहुल ने मोदी उपनाम वाले सभी लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। इस मामले में राहुल पटना की एक अदालत के सामने पेश हुए थे। यहां उन्हें 10 हजार रुपये के निजी मुचलके पर जमानत मिली थी।