राहुल गांधी ने किया भारत बंद का समर्थन, मोदी सरकार पर साधा निशाना
वायनाड से सांसद और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को विभिन्न श्रमिक संगठनों की ओर से बुलाए गए 'भारत बंद' का समर्थन करते हुए नरेंद्र मोदी सरकार पर सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों (पीएसयू) को कमजोर करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बंद बुलाने वाले कामगारों को मैं सलाम करता हूं।
राहुल ने ट्वीट कर कहा, 'मोदी-शाह सरकार की जनविरोधी, श्रमिक विरोधी नीतियों ने भयावह बेरोजगारी पैदा की है और सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों को कमजोर किया जा रहा है, ताकि इन्हें मोदी के पूंजीपति मित्रों को बेचने को सही ठहराया जा सके। आज 25 करोड़ कामगारों ने इसके विरोध में भारत बंद बुलाया है। मैं उन्हें सलाम करता हूं।'
The Modi-Shah Govt’s anti people, anti labour policies have created catastrophic unemployment & are weakening our PSUs to justify their sale to Modi’s crony capitalist friends.
Today, over 25 crore 🇮🇳workers have called for #BharatBandh2020 in protest.
I salute them. — Rahul Gandhi (@RahulGandhi) January 8, 2020
बता दें कि मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ 10 मजदूर संगठनों ने बुधवार को भारत बंद के रूप में राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इनका दावा है कि भारत बंद में 25 करोड़ लोग शामिल होंगे। इसके कारण देश के विभिन्न स्थानों जिसमें पश्चिम बंगाल और ओडिशा भी शामिल हैं, वहां रेल सेवा प्रभावित हुई हैं।
जिन दस मजदूर संगठनों ने बंद बुलाया है उनमें सेंटर ऑफ ट्रेड यूनियंस, इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस सहित अन्य शामिल हैं। इन्होंने 12-सूत्री मांग के साथ हड़ताल का आह्वान किया है। हालांकि मजदूर संगठन भारतीय मजदूर संघ इस हड़ताल में हिस्सा नहीं ले रहा है।