प्रियंका का केंद्र और यूपी सरकार पर निशाना, पूछा- भाजपा सरकार के लोग सच से डरते क्यों हैं
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को केंद्र सरकार पर किसान आत्महत्या को लेकर आई रिपोर्ट के साथ छोड़छाड़ करने का आरोप लगाया। वहीं उत्तर प्रदेश के बिजली विभाग के कर्मचारियों के पीएफ का पैसा अटकने को लेकर भी भाजपा की प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।
केंद्र सरकार पर हमला करने के लिए उन्होंने एक मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि हाल ही में जारी हुई राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो की रिपोर्ट में किसान आत्महत्या को लेकर कई बदलाव किए गए हैं। पहली बार राज्यवार आकंड़े नहीं दिए गए।
कांग्रेस महासचिव ने ट्वीट में लिखा, 'भाजपा सरकार के लोग सच से इतना डरते क्यों हैं? भाजपा सरकार में किसान लगातार आत्महत्या कर रहे हैं। लेकिन भाजपा सरकार ने किसानों की समस्या सुलझाने की बजाय किसान आत्महत्या की रिपोर्ट से छेड़छाड़ करना और उसे दबाकर रखना ज्यादा सही समझा।'
प्रियंका ने यूपी सरकार पर हमला करते हुए पहले ट्वीट में लिखा, 'उप्र बिजली विभाग के कर्मचारियों ने साफ कह दिया है कि उन्हें डीएचएफएल पर जरा भी विश्वास नहीं है। उनके पीएफ के पैसे का हिसाब सरकार को देना होगा। भाजपा सरकार जिम्मेदारी लेने से इतना कतरा क्यों रही है? कर्मचारियों को घर में शादी, बच्चों की पढ़ाई और अन्य कामों के लिए पैसे चाहिए।'
उन्होंने दूसरे ट्वीट में लिखा, 'यूपी सरकार को हर एक कर्मचारी को समय पर पैसा दिलवाने की ज़िम्मेदारी स्वयं लेनी पड़ेगी। यही न्याय है।'
उन्होंने केंद्र सरकार को किसानों को सही कीमत, सुविधाएं और सम्मान देने, मजबूर न करने और मजबूत बनाने को कहा। अपने दूसरे ट्वीट में उन्होंने किसानों को कथित रूप से प्याज के सही दाम नहीं मिलने को लेकर सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि किसान को एक किलो प्याज के आठ रुपये मिल रहे हैं और बाजार में प्याज 100 रुपये किलो है।
प्रियंका ने लिखा, 'भाजपा सरकार ने किसानों की कैसी दुर्दशा कर रखी है? प्याज के बढ़ते दाम रोकने के लिए बाहर से प्याज आयात की जा रही है मगर हमारे किसान को मेहनत से उगाई प्याज का सही दाम ही नहीं मिलता। किसान को एक किलो प्याज के आठ रुपये मिल रहे हैं और बाजार में प्याज 100 रुपये किलो है। ये हो क्या रहा है?'
भाजपा सरकार ने किसानों की कैसी दुर्दशा कर रखी है? प्याज के बढ़ते दाम रोकने के लिए बाहर से प्याज आयात की जा रही है मगर हमारे किसान को मेहनत से उगाई प्याज का सही दाम ही नहीं मिलता।
किसान को एक किलो प्याज के 8 रू मिल रहे हैं और बाज़ार में प्याज 100 रु किलो है। ये हो क्या रहा है? pic.twitter.com/HIvv4JutcX — Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) November 10, 2019
कांग्रेस नेता ने अपने ट्वीट के साथ एक किसान का वीडियो साझा किया। जिसमें वह अपनी दुर्दशा को व्यक्त कर रहा है। उन्होंने आगे लिखा, 'किसानों को सही दाम दो, सुविधा दो, सम्मान दो। किसान को मजबूर नहीं मजबूत करो।'