कचहरी से भागा कैदी, सिपाहियों ने दौड़ाकर पकड़ा
- पत्नी की हत्या के आरोप में तीन साल से जेल में है बंद
- कोर्ट से लाकअप ले जाते समय हाथ छुड़ाकर भागा था
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कचहरी में पेशी पर आया बंदी सिपाही का हाथ झटककर भाग निकला। हालांकि घेराबंदी कर पुलिसकर्मियों ने उसे दबोच लिया। फरार होने की योजना में शामिल उसके साथी को पकड़कर पुलिस पूछताछ कर रही है। बड़हलगंज का रहने वाला बंदी पत्नी की हत्या के मामले में तीन साल से जेल में है। सोमवार को उसकी पेशी थी। बंदी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने दोपहर बाद कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
बड़हलगंज के छपिया उमराव गांव का रहने वाले बिट्टू यादव (28) ने वर्ष 2013 में दहेज के लिए पत्नी की हत्या कर दी थी। लड़की के पिता मऊ, मिश्रौली के मलपुर निवासी राम नारायन की तहरीर पर पुलिस ने बिट्टू, उसके पिता वकील यादव, मां कलावती और भाई राधेश्याम के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने और गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
बिट्टू को तीन साल से जमानत नहीं मिली है। हत्या के मामले में गवाही चल रही है, जल्द ही सजा होने वाली है। सोमवार को एडीजे तृतीय के कोर्ट में बिट्टू की पेशी थी। कोर्ट में पेशी के बाद दोपहर 12:30 बजे कचहरी लॉकअप ले जाते समय वह सिपाही का झटककर कुछ दूरी पर खड़े अपने साथी के साथ भाग निकला।
पहले से बनाई थी फरारी की योजना
सिपाही के शोर मचाने पर बंदी सुरक्षा में आए अन्य पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर बिट्टू और उसके साथी को पकड़ लिया। सिपाही की तहरीर पर बिट्टू पर पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश करने का केस कैंट थाने में दर्ज कर दोपहर बाद कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। हिरासत में लिए गए उसके साथी से कैंट पुलिस पूछताछ कर रही है।
पेशी से लौटते समय फरार होने की योजना बिट्टू ने पहले से बनाई थी। उसका साथी पेशी के दौरान कचहरी में पहले से मौजूद था। कोर्ट से लौटते समय सिपाही का हाथ झटककर भागने के दौरान उसने बिट्टू की मदद भी की।
इसके अलावा जेल से वह दो शर्ट पहनकर आया था। ऊपर सफेद शर्ट और नीचे चेकदार हरे रंग की ताकि फरार होने के बाद वह सफेद शर्ट निकालकर फेंक दे और पहचान में न आए।