कोलकाता की एक इमारत में आग : अब तक नौ लोगों की मौत, राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने जताया शोक
- कोलकाता में एक इमारत की 13वीं मंजिल पर लगी आग
- इमारत में पूर्वी रेलवे का कार्यालय, टिकट बुकिंग प्रभावित
- मरने वाले के परिवार वालों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक मदद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोलकाता की स्ट्रैंड रोड पर एक इमारत की 13वीं मंजिल पर सोमवार शाम को आग लगने से हड़कंप मच गया। इस हादसे में अब तक नौ लोगों की मौत हो गई है, जिसमें चार दमकल के कर्मचारी हैं। इस इमारत में ईस्टर्न रेलवे का कार्यालय भी है, इस हादसे में मरने वाले दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। हालांकि अब आग पर काबू पा लिया गया है।
वहीं आग में झुलसे लोगों के परिवारजनों के लिए राज्य सरकार ने 10-10 लाख रुपये के मुआवजे का एलान किया है। कोलकाता हादसे को लेकर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट कर दुख प्रकट किया है। राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट किया कि कोलकाता की एक इमारत में जो आग लगी है, उसके लिए शब्द नहीं है। मृतकों के परिवार वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं है। घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करते हैं।
इधर प्रधानमंत्री मोदी ने हादसे को लेकर दुख जताया है और ट्वीट किया है कि कोलकाता की इमारत में लगी आग में मरने वालों की खबर सुनकर दुखी हूं। मृतकों के परिजनों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। पीएम मोदी ने आगे लिखा कि हादसे में घायल लोगों के जल्द ठीक होने की कामना करते हैं।
वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी ट्वीट कर इस हादसे के प्रति शोक प्रकट किया है। उन्होंने लिखा कि कोलकाता में आग लगने की दुर्घटना के कारण लोगों की जान जाने से मन व्यथित है। इस दुख की घड़ी में, जिन्होंने अपनी जान गंवाई , उनके परिवारों के साथ मेरी गहरी संवेदना है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। भाजपा शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव मदद करेगी।
उधर, इस हादसे को लेकर रेल मंत्रालय के एडीजी (जन संपर्क) डीजे नारायण ने कहा, 'तीन रेलवे अधिकारियों समेत नौ लोगों की मौत से हम बहुत दुखी हैं। नियमों के अनुसार मामले की जांच के लिए वरिष्ठ मुख्य सुरक्षा अधिकारी की अगुवाई में उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है। ये समिति तीन सप्ताह के अंदर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।' उन्होंने बताया कि रेलवे की आरक्षण व्यवस्था पर कोई असर नहीं पड़ा है, सभी पीआरएस काउंटर चल रहे हैं।
बता दें कि इस इमारत में ईस्टर्न रेलवे का कार्यालय भी था, जिसकी वजह से पूर्वी भारत में टिकट बुकिंग की सेवा प्रभावित हुई है। आग के कारण पैसेंजर रिजर्वेशन सर्विस (पीआरएस) का सर्वर ठप हो गया है। सर्वर ठप होने की वजह से पूर्वी भारत में कंप्यूटराइज टिकट बुकिंग प्रभावित हुई है।
रेल मंत्री पीयूष गोयल ने इस घटना पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि इस हादसे में चार दमकल कर्मचारी, दो रेलवे अधिकारी, एक एएसआई समेत नौ लोगों की मौत हो गई है। रेल मंत्री ने रेलवे की तरफ से राज्य सरकार को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया है। पीयूष गोयल ने ट्वीट कर जानकारी दी कि आग की वजह जानने के लिए रेलवे के चार अधिकारियों के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय कमिटी का गठन किया गया है।
Sincere condolences to the families of the 9 brave deceased including the 4 firefighters, 2 Railways personnel & a police ASI who have been fighting the fire at the Eastern Railways Strand road office in Kolkata.
— Piyush Goyal (@PiyushGoyal) March 8, 2021
इसके अलावा प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर बताया कि पीएम मोदी ने इस हादसे में मरने वाले लोगों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये देने का एलान किया है। इधर पूर्वी रेलवे ने भी जानकारी दी कि अभी तक आग लगने का कारण साफ नहीं हो पाया है। रेलवे ने इस हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।