पीएम मोदी बोले- मुसलमानों को वोट बैंक की मंडी न समझें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दलितों-मुसलमानों के उत्पीड़न की कथित बढ़ती घटनाओं पर हो रही सियासत के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि मुसलमान वोट की मंडी का माल नहीं है। राष्ट्रीय परिषद की बैठक के अंतिम दिन मार्गदर्शन भाषण में प्रधानमंत्री ने राजनीति में आई गिरावट और पार्टी के खिलाफ बनाए जा रहे माहौल का हवाला देते हुए कहा कि हालत यह है कि अब देशभक्ति को भी कोसा जा रहा है।
इसी दौरान उन्होंने जनसंघ के अध्यक्ष रहे दीनदयाल उपाध्याय के एक बयान का हवाला देते हुए कहा कि मुसलमानों को न पुरस्कृत करें और न ही उन्हें तिरस्कृत करें। उनका परिष्कार करें। उन्हें न वोट की मंडी का माल और न ही घृणा की वस्तु समझें, उन्हें अपना समझें। इससे पहले पीएम मोदी ने दलित उत्पीड़न की बढ़ती घटनाओं के बीच कहा था कि लोग चाहें तो उन्हें गोली मार दें, मगर दलितों का उत्पीड़न न करें।
दीनदयाल जन्म शताब्दी समारोह का उद्घाटन करने के बाद उनके सिद्घांतों, इच्छाओं और चिंताओं को साझा करते हुए पीएम मोदी ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को अंत्योदय की सीख दी। उन्होंने कहा कि अन्य दलों की तरह भाजपा का लक्ष्य सत्ता या सिंहासन नहीं है। सत्ता की राजनीति के साथ लेना-देना की राजनीति पार्टी की विचारधारा नहीं है। पार्टी यहां गरीबों की सेवा के लिए जीवन खपाने के लिए है।
देश के सपने भी जवान होने चाहिए
सौभाग्य की बात है कि इसके करोड़ों कार्यकर्ता बिना किसी स्वार्थ के इस विशेष प्रयोजन को हासिल करने के लिए ही पार्टी से जुड़े हैं। राजनीतिक जीवन में आई गिरावट पर चिंता जाहिर करते हुए पीएम ने कहा कि इससे प्रजातंत्र कमजोर होगा।
चुनाव सुधार की वकालत करते हुए उन्होंने कहा कि जरूरत आचार और विचार में समानता लाने और इसकेजरिए राजनीति की प्रतिष्ठा को बहाल करने की है। इस दौरान देश की आबादी में नौजवानों की बड़ी संख्या की ओर इशारा करते कहा कि देश जवानी से लबालब भरा है। ऐसे में देश के सपने भी जवान होने चाहिए।
भाजपा को दरिद्रनारायण पार्टी बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सबका साथ सबका विकास ही पार्टी और सरकार का मुख्य एजेंडा है। विकास का लाभ वंचितों तक पहुंचाने के लिए इस यात्रा की शुरुआत पीछे वालों से करनी होगी। पीएम ने कहा कि समानता तभी आएगी जब संपन्न लोग विपन्न लोगों की ओर मदद का मजबूत हाथ बढ़ाएंगे।