{"_id":"62a474f921d2db09970c6203","slug":"presidential-election-around-the-corner-west-bengal-cm-mamata-banerjee-reached-out-to-the-opposition-cms-leaders-to-participate-in-a-joint-meeting-at-constitution-club-delhi-on-june-15-tmc","type":"story","status":"publish","title_hn":"Presidential Election: विपक्ष के मुख्यमंत्रियों और नेताओं के साथ अहम बैठक करेंगी ममता बनर्जी, सोनिया गांधी ने किया संपर्क","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Presidential Election: विपक्ष के मुख्यमंत्रियों और नेताओं के साथ अहम बैठक करेंगी ममता बनर्जी, सोनिया गांधी ने किया संपर्क
Sat, 11 Jun 2022 10:42 PM IST
अभिषेक दीक्षित
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता
Published by: अभिषेक दीक्षित
Updated Sat, 11 Jun 2022 10:42 PM IST
सार
इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राकांपा प्रमुख शरद पवार, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और अन्य विपक्षी नेताओं से संपर्क किया। यह बातचीत आगामी राष्ट्रपति चुनावों को लेकर हुई।
विज्ञापन
ममता बनर्जी
- फोटो : ANI
विस्तार
राष्ट्रपति चुनाव के नजदीक आते ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रणनीति बनाना शुरू कर दी है। इसके मद्देनजर बंगाल की मुख्यमंत्री 15 जून को दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में विपक्ष के मुख्यमंत्री और नेताओं के साथ एक संयुक्त बैठक में भाग लेंगी। इसके लिए ममता ने 22 नेताओं को चिट्ठी भी लिखी है।
विज्ञापन
इनमें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, केरल के सीएम पिनरई विजयन, ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, तेलंगाना सीएम के चंद्रशेखर, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पंजाब के सीएम भगवंत मान शामिल हैं। ममता बनर्जी ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी खत लिखा है।
विज्ञापन
ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने एक बयान में कहा कि आगामी राष्ट्रपति चुनाव के मद्देनजर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने विभाजनकारी ताकतों के खिलाफ मजबूत और प्रभावी विपक्ष की पहल के साथ एक संयुक्त बैठक में भाग लेने के लिए विपक्षी दलों के मुख्यमंत्रियों और नेताओं से संपर्क किया है। उन्होंने सभी प्रगतिशील विपक्षी ताकतों से राष्ट्रपति चुनाव के मद्देनजर 15 जून को दोपहर तीन बजे कॉन्स्टिट्यूशन क्लब, नई दिल्ली में बैठक करने और भविष्य के कदमों पर विचार करने के लिए बुलाया है।
विज्ञापन
इससे पहले निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को घोषणा की थी कि राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए मतदान 18 जुलाई को होगा। इस चुनाव में निर्वाचक मंडल के 4,809 सदस्य सांसद और विधायक शामिल हैं, जो कि रामनाथ कोविंद के उत्तराधिकारी का चुनाव करेंगे।
इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राकांपा प्रमुख शरद पवार, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और अन्य विपक्षी नेताओं से संपर्क किया। यह बातचीत आगामी राष्ट्रपति चुनावों को लेकर हुई। पार्टी की ओर से बताया गया कि कांग्रेस पार्टी ने राष्ट्रपति चुनाव के उम्मीदवार के लिए किसी विशेष नाम का सुझाव नहीं दिया है। हमें राष्ट्र के लिए अपने मतभेदों से ऊपर उठना होगा। कांग्रेस अन्य राजनीतिक दलों के साथ मिलकर इस चर्चा को आगे बढ़ाएगी।
कांस्टेबल की गोली से मारी गई युवती की मां से ममता ने फोन पर की बात
ममता बनर्जी ने बांग्लादेश डिप्टी हाईकमीशन के पास पुलिस कांस्टेबल की गोली से मारी गई युवती की मां से शनिवार को फोन पर बात की। ममता ने पीड़ित परिवार को मुआवजे और वित्तीय सहायता देने का वादा किया है। पुलिस कांस्टेबल चोदहप लेपचा ने शुक्रवार की दोपहर अचानक 15-20 राउंड फायर किए जिसमें एक युवती रीमा सिन्हा की मौत हुई और दो अन्य घायल हुए। बाद में कांस्टेबल ने खुद को भी गोली मार ली।
मृतका की मां ने बताया कि मुख्यमंत्री ने परिवार को पांच लाख मुआवजा, उनके बेटे को नौकरी व बीमार पति के इलाज के लिए वित्तीय मदद देने का वादा किया है। इसके अलावा ममता ने पति को एक दुकान खोलने में मदद का भी वादा किया है। उन्होंने फोन पर ममता से कहा, मेरी बेटी की जान लेने वाले की विचारधारा वालों को पुलिस में भर्ती न किया जाए। ऐसा जनता के लिए उचित नहीं और कल मेरी ही तरह कोई दूसरा अपनी औलाद को खो देगा।
धनखड़ ने हिंसा पर चिंता व्यक्त की
इससे पहले पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ भाजपा के दो निलंबित पदाधिकारियों की विवादास्पद टिप्पणी को लेकर हावड़ा जिले के कई हिस्सों में शनिवार को हुए विरोध प्रदर्शन के बाद कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को इस समस्या से सख्ती से निपटने और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।