{"_id":"621cb5300465d5774a522ec7","slug":"political-strategist-prashant-kishor-meets-telangana-cm-k-chandrasekhar-rao-amid-rumours-of-tie-up","type":"story","status":"publish","title_hn":"तेलंगाना: नीतीश के बाद अब केसीआर से मिले प्रशांत किशोर, साथ काम करने की अटकलें","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
तेलंगाना: नीतीश के बाद अब केसीआर से मिले प्रशांत किशोर, साथ काम करने की अटकलें
Mon, 28 Feb 2022 05:12 PM IST
शिव शरण शुक्ला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हैदराबाद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हैदराबाद
Published by: शिव शरण शुक्ला
Updated Mon, 28 Feb 2022 05:12 PM IST
सार
टीआरएस के लिए प्रशांत किशोर की नियुक्ति को लेकर अभी न तो टीआरएस ने कुछ कहा है न ही केसीआर ने कोई जानकारी दी है। इसे प्रशांत किशोर की निजी मुलाकात ही बताया जा रहा है। लेकिन, दोनों की मुलाकात ने साथ काम करने की अटकलों को हवा दे दी है।
विज्ञापन
प्रशांत किशोर
- फोटो : PTI
विस्तार
दिग्गज चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव से मुलाकात की है। दोनों की इस मुलाकात के बाद तेलंगाना की राजनीतिक गलियारों में गर्मी बढ़ गई है। इससे पहले किशोर ने बिहार में नीतीश कुमार से भी मुलाकात की थी। गौरतलब है कि अगले साल तेलंगाना में विधानसभा चुनाव होना है और टीआरएस प्रमुख राव ममता बनर्जी और अन्य नेताओं के साथ भाजपा विरोधी मोर्चा बनाने में लगे हैं।
विज्ञापन
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, टीआरएस के लिए प्रशांत किशोर की नियुक्ति को लेकर अभी न तो टीआरएस ने कुछ कहा है न ही केसीआर ने कोई जानकारी दी है। इसे प्रशांत किशोर की निजी मुलाकात ही बताया जा रहा है। लेकिन, दोनों की मुलाकात ने साथ काम करने की अटकलों को हवा दे दी है। मुलाकात के दौरान दोनों के बीच भाजपा को हराने, उसके खिलाफ मोर्चा बनाने, विधानसभा चुनाव का दौर आदि विषयों पर चर्चा हुई।
विज्ञापन
गौरतलब है कि प्रशांत किशोर इन दिनों तेलंगाना के दौरे पर हैं। उनके इस दौरे को अगले साल होने वाले तेलंगाना विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने रविवार को जयशंकर भूपल्ली जिले में तेलंगाना सरकार की मुख्य परियोजना कालेश्वरम का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ अभिनेता से नेता बने प्रकाश राज भी मौजूद थे। किशोर के साथ उनकी तस्वीरें अब सोशल मीडिया में सामने आ रही हैं। जिसके बाद प्रकाश राज को टीआरएस में कोई बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने की अफवाहें उड़ रही हैं।
विज्ञापन
इससे पहले जब तेलंगाना के सीएम ने मुबंई में शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से मुलाकात की थी, तब भी प्रकाश राज वहां मौजूद थे।
भाजपा के खिलाफ तीसरा मोर्चा बनाए जाने की अफवाहों के बीच तेलंगाना राष्ट्र समिति के अध्यक्ष और तेलंगाना के सीएम के चंद्रशेखर राव ने पिछले दिनों महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे और शरद पवार से मुलाकात की थी। इससे पहले दिसंबर 2021 में उन्होंने तमिलनाडु के सीएम स्टालिन से भी मुलाकात की थी। वह ममता बनर्जी से भी मिलकर वार्ता कर चुके हैं।
राष्ट्रीय राजनीति में जाने को लेकर राव अपने मंसूबे पहले ही साफ कर चुके हैं। सिद्दिपेट जिले में एक जनसभा के दौरान उन्होंने कहा था कि वह राष्ट्रीय राजनीति में आगे बढ़ रहे हैं। अपने खून की आखिरी बूंद बहाकर भी वह देश की स्थिति को ठीक करेंगे।