PNB घोटाला: LOU के हिसाब से तय था कमीशन, कर्मचारी करते थे रकम का बंटवारा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
11400 करोड़ रुपये के पीएनबी घोटाले में गिरफ्तार आरोपियों ने सीबीआई की पूछताछ में कई खुलासे किए हैं। इन्होंने बताया कि हर लेटर ऑफ अंडरटेकिंग (एलओयू) जारी करने के बदले रिश्वत मिलती थी और यह राशि एलओयू की रकम के आधार पर तय होती थी। रिश्वत का बंटवारा इस प्रक्रिया में शामिल पीएनबी के सभी कर्मचारियों के बीच किया जाता था।
सीबीआई ने शनिवार को पीएनबी के पूर्व डिप्टी मैनेजर गोकुलनाथ शेट्टी, मनोज खराट और आरोपी नीरव मोदी की कंपनी के अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता हेमंत भट्ट को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के खुलासे के बाद सीबीआई इस घोटाले में पीएनबी के कुछ और कर्मचारियों तथा बाहरी लोगों के शामिल होने की आशंका जताई रही है। जांच एजेंसी तीनों को पीएनबी की ब्रैंडी हाउस शाखा में भी लेकर गई। यहां से कुछ और अहम दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
सूत्रों का कहना है कि शेट्टी ने अपने सेवानिवृत्त से पहले नीरव-चोकसी की कंपनी को एक साथ बहुत एलओयू जारी किए थे ताकि वे एक साल तक बिना किसी अड़चन के पैसा लेते रहे।
पासवर्ड भी बताए थे
आरोपियों ने खुलासा किया कि नीरव मोदी और मेहुल चोकसी के लोगों की पहुंच बैंक के कंप्यूटर सिस्टम तक थी। ये लोग घर से स्विफ्ट सिस्टम लॉगइन कर सकते थे। ये पांच स्तरीय पासवर्ड गोकुलनाथ शेट्टी ने नीरव मोदी के लोगों को दिए थे।
पुराने लोन चुकाने में किया इस्तेमाल
बैंकों से लिए गए पैसे का इस्तेमाल कारोबार में नहीं किया गया बल्कि इसका इस्तेमाल पुराने बैंक लोन चुकाने के लिए किया गया। कुछ रकम अन्य धंधे में भी लगाई गई।
इधर, मोदी-चोकसी के 47 ठिकानों पर छापेमारी
प्रवर्तन निदेशालय ने रविवार को नीरव मोदी और मेहुल चोकसी के देशभर में 47 जगहों पर छापेमारी की। इनमें गीतांजलि के दिल्ली में पांच और चंडीगढ़ स्थित एक शोरूम भी शामिल है। यहां से ईडी ने सोने और हीरे के जेवरात जब्त किए। इसके अलावा शनिवार रात को रायपुर स्थित शोरूम भी छापेमारी की। इस बीच, सीबीआई भी गीतांजलि ग्रुप की 18 सहायक कंपनियों की बैलेंस शीट जांचने में जुट गई है।
नीरव-राहुल में करीबी रिश्ते
भाजपा महासचिव राम माधव ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पीएनबी घोटाले के मुख्य आरोपी नीरव मोदी के बीच करीबी रिश्ते होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि इस रहस्य की परतें धीरे-धीरे खुलेंगी और जब सच्चाई सामने आएगी तो कांग्रेस को जवाब देना भारी पड़ जाएगा। इससे पहले रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी की पत्नी और बेटे के नीरव मोदी से संबंधों का खुलासा किया था।
बैंकिंग प्रणाली पर श्वेत पत्र लाए केंद्र
कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने आरोप लगाया कि पिछले पांच साल के दौरान बैंकों को धोखाधड़ी के चलते 61000 करोड़ रुपये की चपत लग चुकी है। यह आंकड़ा रिजर्व बैंक का है। अब तो रोज एक नया बैंक घोटाला सामने आ रहा है और आरोपियों के भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से करीबी भी पता चल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार बैंकिंग प्रणाली पर श्वेत पत्र लाना चाहिए ताकि लोगों को सच्चाई का पता चल सके।