Big News: पीएनबी-कोटक महिंद्रा बैंक बढ़ाया एफडी पर ब्याज, लंपी के डर से नहीं लगेगा पुष्कर पशु मेला, पढ़ें खास
पीएनबी ने ब्याज दर में 0.50 फीसदी इजाफा किया है। इसके तहत 6 माह के जमा पर 4.50% की जगह 5% ब्याज मिलेगा। वहीं राजस्थान के अजमेर जिले के मशहूर पुष्कर महोत्सव में इस साल मवेशियों में लंपी रोग के चलते पशु मेला नहीं लगेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) और कोटक महिंद्रा बैंक ने फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) पर ब्याज बढ़ा दिया है। दोनों बैंकों की नई दरें 19 अक्तूबर से लागू हैं। पीएनबी ने ब्याज दर में 0.50 फीसदी इजाफा किया है। इसके तहत 6 माह के जमा पर 4.50% की जगह 5% ब्याज मिलेगा। एक साल से 404 दिन के जमा पर 5.70% ब्याज मिलेगा।
लंपी का डर, पुष्कर महोत्सव में इस साल नहीं लगेगा पशु मेला
राजस्थान के अजमेर जिले के मशहूर पुष्कर महोत्सव में इस साल मवेशियों में लंपी रोग के चलते पशु मेला नहीं लगेगा। राजधानी जयपुर से करीब 150 किलोमीटर दूर पुष्कर शहर में कार्तिक के महीने में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस मेले में मवेशियों का व्यापार खासा आकर्षण का केंद्र होता है। एक अधिकारी ने बताया कि लंपी रोग के चलते इस साल पशु मेला नहीं लगाने का फैसला लिया है। हालांकि, मेले में अन्य धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियां एक नवंबर से सात नवंबर तक होंगी।
नेस्ले का मुनाफा बढ़ा
नेस्ले का तीसरी तिमाही में मुनाफा 8.25% बढ़कर 668 करोड़ रहा। इसकी बिक्री 18 फीसदी बढ़कर 4,591 करोड़ रही। कुल खर्च 20.55 फीसदी बढ़कर 3,715 करोड़ रहा। कंपनी ने 205 करोड़का निर्यात किया, जो एक साल पहले की तुलना में 15.68 फीसदी अधिक है।
जीएसटी परिषद की 48वीं बैठक नवंबर में
जीएसटी परिषद की 48वीं बैठक नवंबर के पहले पखवाड़े में मदुरै में हो सकती है। इसमें जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण की स्थापना पर मंत्रियों की समिति की रिपोर्ट के साथ कसीनो और ऑनलाइन गेमिंग पर कर लगाने के प्रस्ताव पर चर्चा हो सकती है।
कोटक महिंद्रा बैंक ने 2 करोड़ से कम जमा पर चुनिंदा अवधि के लिए ब्याज दर बढ़ा दी है। 121-179 दिन के जमा पर 3.75% के बजाय 4% ब्याज मिलेगा। 23 माह की अवधि पर 6.20% ब्याज मिलेगा।
बैंक ऑफ इंडिया ने सस्ता किया कार और होम लोन
बैंक ऑफ इंडिया ने कर्ज 0.25% सस्ता किया है। इस संशोधन के साथ बैंक अब अपने ग्राहकों को 8.30% ब्याज पर कार और होम लोन देगा। बैंक ने कहा, ई-वाहन की खरीद पर वह 100% कर्ज देगा। होम लोन पर प्रति लाख 755 रुपये की किस्त होगी।
सितंबर में एक करोड़ लोगों ने की हवाई यात्रा
सितंबर में देश में कुल एक करोड़ से ज्यादा यात्रियों ने हवाई यात्रा की। एक साल पहले इसी महीने की तुलना में यह 64.61 फीसदी अधिक है। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने कहा कि इसमें अकासा एयरलाइंस का आंकड़ा शामिल नहीं है।
57 फीसदी के साथ इंडिगो की बाजार हिस्सेदारी सबसे अधिक थी। इससे 59.72 लाख ने यात्रा की। टाटा समूह की तीनों कंपनियों का बाजार हिस्सा 24.7% रहा।
दुनियाभर की महिला विदेश मंत्री ईरान पर बनाएंगी दबाव
ईरान में हिजाब और नैतिकता पुलिस को लेकर चल रहे टकराव पर पूरी दुनिया में प्रतिक्रिया देखी जा रही है। अब दुनियाभर की महिला विदेश मंत्रियों ने इस पर चर्चा करने की बात कही है। इस चर्चा के आयोजन का जिम्मा संभाला है कनाडा की महिला विदेश मंत्री ने। कनाडा की विदेश मंत्री मेलानी जोली ने बुधवार को एक बयान में कहा कि दुनियाभर की महिला विदेश मंत्री इस सप्ताह कनाडा द्वारा आयोजित एक ऑनलाइन बैठक के दौरान ईरान में चल रहे विरोध प्रदर्शनों पर चर्चा करेंगी।
पिछले महीने तेहरान की नैतिकता पुलिस की हिरासत में ईरानी युवती महशा अमिनी की मौत से भड़की अशांति के बीच जोली और उनके समकक्ष गुरुवार को मिलेंगे। फिलहाल ईरान में जिस तरह के हालात बने हुए हैं वो 1979 की क्रांति के बाद से इस्लामिक गणराज्य के लिए सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। जोली ने कहा कि मेरे समकक्ष और मैं एक स्पष्ट संदेश भेजने के लिए इकट्ठा होंगे कि ईरानी शासन को ईरानी लोगों के खिलाफ सभी प्रकार की हिंसा और उत्पीड़न को बंद करना चाहिए।
अहमदाबाद मेट्रो चरण-II के लिए समझौते पर हुए हस्ताक्षर
अहमदाबाद मेट्रो चरण-II के लिए फ्रांसीसी विकास एजेंसी के बीच बुधवार को 1700 करोड़ रुपये से अधिक का समझौता हुआ है। फ्रांसीसी प्रतिनिधि ने कहा कि अहमदाबाद मेट्रो चरण- II समझौते पर हस्ताक्षर करने पर गर्व है। दूसरे चरण जो कि एक महत्वपूर्ण गतिशील परियोजना है इससे गांधीनगर की ओर मेट्रो का विस्तार होगा।