PM Modi Speech: पीएम मोदी बोले- मानकर चलिए मुझपर भी जुल्म बढ़ने वाला है, हमें सतर्क रहना होगा
PM Modi Speech, Delhi BJP Headquarter Live News in Hindi : कहा ये जा रहा है कि पार्टी के अस्तित्व में आने के बाद से अब तक गुजरात में ये भाजपा की सबसे बड़ी जीत है। सबसे खास बात ये है कि इसकी कल्पना खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी। उन्होंने ही भाजपा नेताओं की बैठक में इस बार 150 से ज्यादा सीटें जीकर रिकॉर्ड बनाने की इच्छा जताई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गुजरात में भारतीय जनता पार्टी की बड़ी जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में स्थित भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे हैं। गौरतलब है कि गुजरात में भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा पार करते हुए प्रचंड जीत हासिल की है। कहा ये जा रहा है कि पार्टी के अस्तित्व में आने के बाद से अब तक गुजरात में ये भाजपा की सबसे बड़ी जीत है। सबसे खास बात ये है कि इसकी कल्पना खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी। उन्होंने ही भाजपा नेताओं की बैठक में इस बार 150 से ज्यादा सीटें जीतकर रिकॉर्ड बनाने की इच्छा जताई थी।
अपने संबोधन से पहले पीएम मोदी ने ट्वीट करके अपनी भावनाएं साझा की हैं। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, 'शुक्रिया गुजरात, अभूतपूर्व चुनाव परिणामों को देखकर मैं बहुत अधिक भावनाओं से अभिभूत हूं। लोगों ने विकास की राजनीति का आशीर्वाद दिया और साथ ही इच्छा व्यक्त की कि वे चाहते हैं कि यह गति और तेज गति से चलती रहे। मैं गुजरात की जन शक्ति को नमन करता हूं।'
उन्होंने एक दूसरे ट्वीट में लिखा कि ' गुजरात भाजपा के सभी मेहनती कार्यकर्ताओं को मैं कहना चाहता हूं कि आप में से हर कोई एक चैंपियन है! यह ऐतिहासिक जीत हमारे कार्यकर्ताओं की असाधारण मेहनत के बिना संभव नहीं होती, जो हमारी पार्टी की असली ताकत हैं।'
कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में भाजपा मुख्यालय पहुंच गए हैं। उनसे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृहमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्यालय पहुंच गए थे। मंच पर पीएम मोदी के साथ रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद हैं। जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करना भी शुरू कर दिया है। इस दौरान उन्होंने गुजरात की प्रचंड जीत पर कार्यकर्ताओं का शुक्रिया भी अदा किया। उन्होंने कहा कि आज बहुत ऐतिहासिक दिन है, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में हमें गुजरात में रिकॉर्ड तोड़ जीत हासिल हुई है। गुजरात की जनता, गुजरात के कार्यकर्ता और तमाम कार्यकर्ता जो हिमाचल प्रदेश और दिल्ली में कार्यरत रहे, उन्हें मैं तहे दिल से बहुत-बहुत बधाई देता हूं और अभिनंदन करता हूं।
इसके साथ ही भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना भी साधा। उन्होंने कांग्रेस पर जहां वंशवाद का आरोप लगाया। वहीं, आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि गुजरात का अपमान करने के लिए उन्हें गुजरात के लोगों के लिए माफी मांगनी चाहिए।
इस दौरान हिमाचल प्रदेश में भाजपा की हार को स्वीकार करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि वहां दोनों पार्टियों के बीच एक फीसदी से कम का ही अंतर रहा।
Victory celebrations at BJP headquarters in New Delhi. https://t.co/e8zKZzwVnf
— BJP (@BJP4India) December 8, 2022
इस दौरान हिमाचल प्रदेश में पार्टी की हार पर बोलते हुए पीएम ने कहा कि जहां भारतीय जनता पार्टी प्रत्यक्ष नहीं जीती, वहां भाजपा का वोट शेयर भाजपा के प्रति स्नेह का साक्षी है। मैं गुजरात, हिमाचल और दिल्ली की जनता का विनम्र भाव से आभार व्यक्त करता हूं। हिमाचल प्रदेश के चुनाव में एक प्रतिशत से भी कम अंतर से हार-जीत का फैसला हुआ है। इतने कम अंतर से हिमाचल प्रदेश में कभी नतीजे नहीं आए हैं। हिमाचल में हर 5 साल में सरकार बदली है लेकिन हर बार 5-7% के अंतर से सरकार बदली है। पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले 25 साल विकास की राजनीति के लिए हैं। भले ही हम हिमाचल में अपनी सरकार नहीं बना पाएं हैं। इसके बावजूद वहां के लिए भी हमारी जिम्मेदारी पहले जैसी ही रहेगी।
भाजपा को मिला जनसमर्थन नए भारत की आकांक्षाओं का प्रतिबिम्ब
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा के प्रति ये स्नेह देश के अलग अलग राज्यों के उपचुनाव में भी दिख रहा है। यूपी के रामपुर में भाजपा को जीत हासिल हुई है। बिहार के उपचुनावों में भाजपा का प्रदर्शन आने वाले दिनों का स्पष्ट संदेश दे रहा है। भाजपा को मिला जनसमर्थन नए भारत की आकांक्षाओं का प्रतिबिम्ब है। भाजपा को मिला जनसमर्थन भारत के युवाओं की ‘युवा सोच’ का प्रकटीकरण है। भाजपा को मिला जनसमर्थन गरीब, शोषित, वंचित, आदिवासियों के सशक्तिकरण के लिए मिला समर्थन है।
देश के हित में बड़े से बड़े और कड़े से कड़े फैसले लेने का दम भाजपा के पास
भाजपा पर युवाओं को भरोसा
गुजरात में तो जनता ने रिकॉर्ड तोड़ने में भी रिकॉर्ड कर दिया। गुजरात के इतिहास का सबसे प्रचंड जनादेश भाजपा को देकर प्रदेश के लोगों ने नया इतिहास बना दिया है। राज्य में जाति, वर्ग, समुदाय और हर तरह के विभाजन से ऊपर उठकर लोगों ने भाजपा को वोट दिया है। युवा तभी वोट देते हैं जब उन्हें भरोसा होता है और सरकार का काम प्रत्यक्ष नजर आता है। आज युवाओं ने जब भाजपा को भारी संख्या में वोट दिया है तो इसके पीछे का संदेश बहुत स्पष्ट है कि युवाओं ने हमारे काम को जांचा, परखा और उस पर भरोसा किया है। गुजरात के नतीजों ने सिद्ध किया है कि सामान्य मानवी में विकसित भारत के लिए कितनी प्रबल आकांक्षा है। इस जीत से संदेश साफ है कि जब देश के सामने कोई चुनौती होती है तो देश की जनता का भरोसा भाजपा पर होता है।
कार्यकर्ताओं पर भरोसा करके बनाते हैं अपनी रणनीति
पीएम मोदी ने कहा कि हम विचार पर भी बल देते हैं और व्यवस्था को भी सबल बनाते रहते हैं। भाजपा अपने कार्यकर्ताओं की अथाह संगठन शक्ति पर भरोसा करके ही अपनी रणनीति बनाती है और सफल भी होती है। भाजपा आज जहां भी पहुंची है ऐसे ही नहीं पहुंची है। जनसंघ के जमाने से तपस्या करते हुए परिवार के परिवार खपते रहे, तब जाकर ये दल बना है, तब जाकर हम यहां पहुंचे हैं। भाजपा के लिए लाखों समर्पित कार्यकर्ताओं ने अपना जीवन खपा दिया।
जब देश समृद्ध होगा तो सबकी समृद्धि तय
पीएम मोदी ने कहा कि देश का मतदाता आज इतना जागरूक है कि वह अपना हित और अहित जानता है। देश का मतदाता जानता है कि शॉर्टकट की राजनीति का कितना बड़ा नुकसान देश को उठाना होगा। कोई संशय नही कि देश समृद्ध होगा तो सबकी समृद्धि तय है।
चुनावी हथकंडों से किसी का भला नहीं हो सकता- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने एक कहावत कही है, 'आमदनी अठन्नी, खर्चा रुपया'। अगर यह हिसाब रहेगा तो क्या स्थिति होगी यह हम अपने आस-पास के देशों में देख रहे हैं। आज इसलिए देश सतर्क है। उन्होंने देश के अन्य राजनीतिक दलों को नसीहत देते हुए कहा कि देश के हर राजनीतिक दल को यह याद रखना होगा कि चुनावी हथकंडों से किसी का भला नहीं हो सकता। इस जनादेश में एक और संदेश है और वो यह कि समाज के बीच दूरियां बढ़ाकर, राष्ट्र के सामने नई चुनौतियां खड़ी करके, जो राजनीतिक दल तत्कालिक लाभ लेने के फिराक में रहते हैं, उन्हें देश की जनता, देश की युवा पीढ़ी देख भी रही हैं और समझ भी रही हैं।
जनजातीय समाज मान रहा भाजपा को अपनी आवाज
गुजरात में एससी/एसटी के लिए सुरक्षित सीटों पर भाजपा की बड़ी जीत पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि राज्य में में एससी/एसटी के लिए करीब 40 सीटें आरक्षित हैं, जिनमें से 34 सीटें भाजपा ने जीती हैं। आज जनजातीय समाज भाजपा को अपनी आवाज मान रहा है, उनका जबरदस्त समर्थन भाजपा को मिल रहा है। इस बदलाव को पूरे देश में महसूस किया जा रहा है। इस दौरान पीएम मोदी ने आदिवासी समुदाय के लिए भाजपा द्वारा किए गए कामों को भी गिनाया। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जिक्र करते हुए कहा कि आज देश की प्रथम महिला आदिवासी समुदाय से है।
आगे उन्होंने कहा कि मानकर चलिए मुझ पर भी जुल्म बढ़ने वाला है। हमें निरंतर इन जुल्मों के बीच आगे बढ़ना है। हमें अपनी सहनशक्ति और समझशक्ति को बढ़ाना है। हमें सेवाभाव का विस्तार भी करना है और सेवाभाव से ही जीतना है।