PM Modi का नया वीडियो संदेश: 'मुझे और मेरी माता को गालियां दी गईं, लेकिन गुमराह बच्चों को माफ करना चाहता हूं'
PM Modi New Instagram Video: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए इंस्टाग्राम वीडियो संदेश में कहा कि प्रदर्शन के दौरान उन्हें और उनकी मां को गालियां दी गईं। उन्होंने लोगों से मिलकर भारत के लिए काम करने और भटके लोगों को सही राह दिखाने की अपील की। प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले नौ दिनों में इंस्टाग्राम पर अपना पांचवां वीडियो संदेश साझा किया।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार देर रात इंस्टाग्राम लाइव के जरिए देशवासियों, खासकर युवाओं और जेन-जी को संबोधित किया। जंतर-मंतर की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें और उनकी दिवंगत मां को अपशब्द कहे गए, लेकिन वह उन बच्चों को सजा नहीं, बल्कि माफी और सही मार्गदर्शन देना चाहते हैं। उन्होंने समाज से भी अपील की कि गुमराह युवाओं को सही रास्ता दिखाने में साथ दें।
जंतर-मंतर की घटना पर क्या बोले पीएम मोदी?
रात करीब 11 बजे प्रसारित अपने वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि हाय फ्रेंड्स, आज तो मन करता है बस आपसे ही बातें करूं। जंतर-मंतर पर जो कुछ हुआ, उसे पूरे देश और दुनिया ने देखा। उन्होंने कहा कि कुछ शरारती बच्चों ने ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया, जो किसी भी सभ्य समाज के लिए स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्हें और उनकी स्वर्गीय माता को भी गालियां दी गईं, लेकिन वह इस घटना को अलग नजरिए से देखते हैं।
विज्ञापन विज्ञापन
'बचपन में गलतियां होती हैं, सुधार का मौका भी मिलता है'
प्रधानमंत्री ने कहा कि बचपन में गलतियां होना स्वाभाविक है और उसी उम्र में सुधार का अवसर भी मिलता है। उन्होंने माना कि समाज में इस घटना को लेकर आक्रोश है और यह सांस्कृतिक झटका भी है कि हमारी बेटियां इस तरह की भाषा कैसे बोल सकती हैं। इसके बावजूद उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों को समाज से अलग करने के बजाय उन्हें सही दिशा दिखाने की जरूरत है।
पीएम मोदी ने कहा कि गुमराह बच्चों को अदालतों के चक्कर कटवाने या समाज में प्रताड़ित करने से परिस्थितियां नहीं बदलेंगी। उन्होंने कहा कि वह उन्हें माफ करना चाहते हैं और समाज से भी इस भावना को स्वीकार करने की अपील की। उन्होंने अपनी बात समझाते हुए कहा कि जैसे कभी-कभी दांतों के बीच जीभ आ जाती है और चोट लग जाती है, लेकिन हम दांत नहीं तोड़ते क्योंकि दोनों हमारे अपने हैं। उसी तरह ये बच्चे भी हमारे हैं और उन्हें सही रास्ता दिखाना समाज की जिम्मेदारी है।
युवाओं से किया देश के लिए साथ चलने का आह्वान
प्रधानमंत्री ने युवाओं से अपनी गलतियों से सीखने और देश की प्रगति में भागीदार बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और युवाओं का भविष्य भी उज्ज्वल है। उन्होंने कहा कि उनका सपना है कि हर युवा आगे बढ़े और देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाए।
सोशल मीडिया पर सबसे आगे पीएम मोदी
शुक्रवार रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर नया वीडियो संदेश साझा किया। वीडियो जारी होने के महज 30 मिनट के भीतर इसे 13 लाख (1.3 मिलियन) से अधिक लाइक्स मिल गए।
पीएम के वीडियो संदेश में क्या?
बीते नौ दिनों में प्रधानमंत्री मोदी का इंस्टाग्राम पर साझा किया गया यह पांचवां वीडियो संदेश है। उन्होंने इन वीडियो संदेशों में पेपर लीक के खिलाफ सख्त कानून, परीक्षा कराने वाली एजेंसी- एनटीए में सुधार के लिए टास्क फोर्स के गठन जैसे अहम फैसलों पर चर्चा की है।
नौ दिनों में पीएम मोदी के बड़े संदेश
30 जुलाई: बोले- पेपर लीक की चुनौती से हर राज्य और केंद्र सरकार जूझ रही
लोकसभा और राज्यसभा से पेपर लीक से संबंधित संशोधन विधेयक पारित होने के बाद 30 जुलाई की रात करीब 10:40 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंस्टाग्राम पर वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि कई दशकों से केंद्र और राज्य सरकारें पेपर लीक जैसी समस्या का सामना कर रही हैं, जिससे छात्रों के भविष्य पर गंभीर असर पड़ता है। यहां पढ़ें पूरी खबर...
26 जुलाई: कहा- पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून लाएंगे
26 जुलाई को जारी वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने परीक्षा सुधारों के लिए गठित हाई-पावर टास्क फोर्स का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि छह सदस्यीय इस समिति की अध्यक्षता इंफोसिस के सह-संस्थापक नंदन नीलेकणी करेंगे। पढ़ें पूरी खबर...
24 जुलाई: सकारात्मक सुझावों के लिए जताया आभार
24 जुलाई को साझा किए गए वीडियो में प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछली रात पोस्ट किए गए उनके वीडियो पर लोगों ने जिस तरह प्रतिक्रिया दी और सकारात्मक सुझाव दिए, उसके लिए वह सभी का धन्यवाद करते हैं। पढ़ें पूरी खबर...
23 जुलाई: आधी रात को पेपर लीक संशोधन विधेयक का किया जिक्र
23 जुलाई को आधी रात जारी वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि पेपर लीक कोई सामान्य मुद्दा नहीं, बल्कि लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने बताया कि इस समस्या से निपटने के लिए पिछले ढाई महीनों में सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। पढ़ें खबर...