Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   PM Modi on two day Philippines visit he will participate in ASEAN-India Summit focus on maritime cooperation

पीएम मोदी आज से दो दिवसीय फिलीपींस दौरे पर: आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में लेंगे हिस्सा; इन मुद्दों पर रहेगा जोर

Mon, 16 Nov 2026 08:12 AM IST
प्रशांत तिवारी आईएनएएस, नई दिल्ली।
आईएनएएस, नई दिल्ली। Published by: प्रशांत तिवारी Updated Mon, 16 Nov 2026 08:12 AM IST
सार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को फिलीपींस की यात्रा पर जाएंगे, जहां वे 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। बैठक में भारत-आसियान व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति, 2026-2030 की कार्ययोजना, समुद्री सहयोग और हिंद-प्रशांत क्षेत्र की चुनौतियों पर चर्चा होगी।

विज्ञापन
PM Modi on two day Philippines visit he will participate in ASEAN-India Summit focus on maritime cooperation
पीएम मोदी - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को फिलीपींस की यात्रा पर जाएंगे। इस दौरान वे 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और आसियान के नेतृत्व वाले 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत-आसियान संबंध देश की 'एक्ट ईस्ट पॉलिसी' और हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए भारत के दृष्टिकोण का प्रमुख आधार हैं। इस यात्रा से दोनों पक्षों के बीच रणनीतिक और कूटनीतिक संबंधों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

विज्ञापन

2026 में समुद्री सहयोग पर विशेष जोर
भारत और आसियान वर्ष 2026 को 'आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष' के रूप में मना रहे हैं। वहीं, 2027 में दोनों पक्षों के बीच संवाद संबंधों के 35 वर्ष और व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच वर्ष पूरे होंगे। शिखर सम्मेलन में दोनों पक्ष अपनी व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा करेंगे। साथ ही, आसियान-भारत कार्य योजना 2026-2030 के क्रियान्वयन और भविष्य में सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी।

विज्ञापन

राष्ट्रपति मार्कोस देंगे रात्रिभोज, कई नेताओं से होगी मुलाकात
मनीला में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम की शुरुआत फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर की ओर से आयोजित रात्रिभोज से होगी। इसके अगले दिन आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन आयोजित होंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री विभिन्न देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। इन मुलाकातों में आपसी संबंधों, क्षेत्रीय सहयोग और साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर बातचीत होने की संभावना है।

विज्ञापन
विज्ञापन


आसियान देशों के साथ रिश्ते भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी का केंद्र: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को फिलीपींस दौरे पर रवाना होने से पहले कहा कि आसियान देशों के साथ भारत के संबंध उसकी एक्ट ईस्ट पॉलिसी के केंद्र में हैं और महासागर विजन में भी इनकी अहम भूमिका है। भारत और आसियान देशों के संबंध सदियों पुराने सभ्यतागत आदान-प्रदान पर आधारित हैं और अब व्यापार, कनेक्टिविटी, समुद्री सुरक्षा, टेक्नोलॉजी तथा लोगों के बीच आपसी संपर्क जैसे क्षेत्रों में एक मजबूत साझेदारी के रूप में विकसित हुए हैं। आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में वह अन्य नेताओं के साथ व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति को आगे बढ़ाने और विकास, कनेक्टिविटी तथा समृद्धि के साझा लक्ष्यों को नई गति देने पर चर्चा करेंगे। वहीं, ईस्ट एशिया समिट क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर विचार-विमर्श का महत्वपूर्ण मंच होगा, जहां हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सहयोग मजबूत करने पर चर्चा की जाएगी। प्रधानमंत्री फिलीपींस में भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय का योगदान दोनों देशों के बीच मित्रता के रिश्तों को मजबूत करता है। मोदी ने विश्वास जताया कि उनकी यह यात्रा आसियान के साथ भारत की साझेदारी को नई ऊर्जा देगी और शांतिपूर्ण, समृद्ध तथा मजबूत हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करेगी।

122 अरब डॉलर का है भारत-आसियान व्यापार
विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) रुद्रेंद्र टंडन ने विशेष मीडिया ब्रीफिंग में बताया कि आसियान भारत के प्रमुख व्यापारिक साझेदारों में शामिल है। पूरे आसियान क्षेत्र के साथ भारत का व्यापार लगभग 122 अरब डॉलर का है। उन्होंने कहा कि हिंद महासागर से जुड़े देश के रूप में भारत के लिए दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ मजबूत रणनीतिक संबंध बेहद महत्वपूर्ण हैं। ऐसे संबंध तेजी से बदलते भू-राजनीतिक हालात का सामना करने और पूरे एशिया में शांति एवं स्थिरता बनाए रखने में मददगार साबित होंगे।



ये भी पढ़ें: जम्मू: बर्फीले पहाड़ों पर अब नहीं फिसलेंगे जवानों के पैर, मिलेंगे खास जूते; ऑपरेशन में भी होगी आसानी

'नेविगेटिंग द फ्यूचर' होगी शिखर सम्मेलन की थीम
इस साल आसियान शिखर सम्मेलन और उससे जुड़ी प्रक्रियाओं की थीम 'नेविगेटिंग द फ्यूचर' यानी भविष्य की राह तय करना है। टंडन के मुताबिक, पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन आसियान के नेतृत्व में आठ नेताओं का एक विशिष्ट मंच है, जहां क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होती है। इस वर्ष फिलीपींस इसकी अध्यक्षता कर रहा है। सम्मेलन में नेता बदलते वैश्विक और क्षेत्रीय हालात के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने, चुनौतियों से निपटने और एशिया में स्थिरता सुनिश्चित करने के उपायों पर विचार करेंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed