{"_id":"6aab5719fe7b6b27880ee0bc","slug":"pm-modi-has-called-special-cabinet-meeting-for-next-week-all-ministers-have-been-ordered-to-stay-in-delhi-2026-09-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"प्रधानमंत्री ने अगले हफ्ते बुलाई कैबिनेट बैठक: सभी मंत्रियों को दिल्ली में रहने का आदेश; सरकार की तैयारी क्या?","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
प्रधानमंत्री ने अगले हफ्ते बुलाई कैबिनेट बैठक: सभी मंत्रियों को दिल्ली में रहने का आदेश; सरकार की तैयारी क्या?
Thu, 17 Sep 2026 08:29 AM IST
प्रशांत तिवारी
पीटीआई, नई दिल्ली
पीटीआई, नई दिल्ली
Published by: प्रशांत तिवारी
Updated Thu, 17 Sep 2026 08:29 AM IST
सार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23-24 सितंबर को केंद्रीय मंत्रियों के साथ ‘चिंतन बैठक’ करेंगे, जिसमें सुधारों, सरकारी योजनाओं, नीतियों, मंत्रालयों के बीच तालमेल और आगे की रणनीति पर चर्चा होगी। इसके लिए केंद्रीय मंत्रियों को अगले हफ्ते दिल्ली में रहने का निर्देश दिया गया है।
विज्ञापन
पीएम मोदी
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले हफ्ते केंद्रीय मंत्रियों के साथ दो दिवसीय 'चिंतन बैठक' करेंगे। 23 और 24 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाली इस बैठक में सरकार के कामकाज, नीतियों और सुधारों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर मंथन होगा। सूत्रों के मुताबिक, सभी केंद्रीय कैबिनेट मंत्रियों को अगले हफ्ते दिल्ली में मौजूद रहने को कहा गया है। बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री शामिल होंगे या नहीं, इसे लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है।
विज्ञापन
सुधारों पर मंत्रियों की होगी प्रेजेंटेशन
बैठक में कुछ मंत्री अपने-अपने मंत्रालयों में किए गए काम और अलग-अलग क्षेत्रों में सुधारों को लेकर उठाए गए कदमों पर प्रेजेंटेशन दे सकते हैं। इस दौरान यह चर्चा भी हो सकती है कि सरकारी नीतियों को ज्यादा असरदार कैसे बनाया जाए और उनका फायदा आम लोगों तक तेजी से कैसे पहुंचाया जाए। प्रधानमंत्री मोदी पहले भी मंत्रियों से कह चुके हैं कि लोगों की समस्याओं का समाधान करना और उनका जीवन आसान बनाना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
विज्ञापन
योजनाओं की प्रगति से लेकर सरकारी सेवाओं तक पर नजर
'चिंतन बैठक' में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति और उनके जमीन पर क्रियान्वयन की भी समीक्षा हो सकती है। चर्चा इस बात पर होगी कि योजनाओं का लाभ लोगों तक किस तरह और बेहतर तरीके से पहुंचाया जाए। इसके अलावा सरकारी सेवाओं को ज्यादा प्रभावी बनाने और अलग-अलग मंत्रालयों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने के तरीकों पर भी मंथन होने की संभावना है।
विज्ञापन
आगे की रणनीति और सरकार के रोडमैप पर भी फोकस
दो दिन चलने वाली इस बैठक में समय प्रबंधन, मंत्रालयों के बीच समन्वय और नीतियां बनाने की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने जैसे मुद्दे भी उठ सकते हैं। अब तक किए गए काम की समीक्षा के साथ आगे की प्राथमिकताओं और सरकार के अगले रोडमैप पर भी चर्चा होने की संभावना है। माना जा रहा है कि बैठक का बड़ा फोकस शासन व्यवस्था को और प्रभावी बनाने, सुधारों को गति देने और सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक बेहतर तरीके से पहुंचाने पर रहेगा।
ये भी पढ़ें: मराठा आरक्षण: आंदोलन कर रहे मनोज जारांगे ने 20 दिन बाद खत्म किया अनशन, महाराष्ट्र सरकार को कितनी मोहलत दी?
पिछले हफ्ते राज्य मंत्रियों के साथ हुई थी लंबी बैठक
बता दें कि पीएम मोदी ने अपनी सरकार के राज्य मंत्रियों के साथ भी लंबी बैठक की थी। इस दौरान मंत्रालयों के कामकाज और अब तक की प्रगति की समीक्षा की गई थी। इससे पहले हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में भी अलग-अलग मंत्रालयों की उपलब्धियों पर चर्चा हुई थी। काम की रफ्तार, फाइलों के निपटारे और अदालतों में लंबित सरकारी मामलों जैसे मुद्दों को ध्यान में रखते हुए मंत्रालयों की रैंकिंग भी की गई थी। यह 'चिंतन बैठक' ऐसे वक्त हो रही है, जब मोदी मंत्रिपरिषद में फेरबदल की अटकलें तेज हैं। इसके अलावा मोदी सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को पारित कराने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने के विकल्प पर भी विचार कर रही है।