रियो में खराब प्रदर्शन से चिंतित पीएम मोदी ने बनाई टास्क फोर्स
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रियो ओलंपिक के दयनीय प्रदर्शन पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं देने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दर्द आखिरकार शुक्रवार को छलक पड़ा। पीएम मोदी ने घोषणा की है कि रियो की कहानी अब आगे न दोहराई जाए इसके लिए एक टास्क फोर्स गठित की जाएगी।
यह टास्क फोर्स अगले तीन ओलंपिक में भारतीय दल के अच्छे प्रदर्शन का एक्शन प्लान तैयार करेगी। टास्क फोर्स की जिम्मेदारी होगी कि किस तरह देश में खेलों का माहौल बनाकर बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही उच्चस्तरीय ट्रेनिंग और चयन की प्रक्रिया का इस्तेमाल कर खेल ढांचा सुधारने के कदम उठाए जाएंगे। भारतीय दल के रियो ओलंपिक में बेहतर प्रदर्शन को लेकर देश में एक अलग माहौल बनाया गया था।
खुद प्रधानमंत्री ने नई पहल करते हुए ओलंपिक खेलने जा रहे खिलाड़ियों को विदाई देकर उन्हें बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। पीएमओ ने अंतिम समय में खिलाड़ियों की आर्थिक मदद के लिए अपने खजाने के दरवाजे खोल दिए, लेकिन परिणाम सिर्फ दो पदकों के रूप में सामने आया। यही वजह है कि पीएमओ इसको लेकर कड़े कदम उठाने के मूड में है। जिसके चलते खुद पीएम ने अगले तीन ओलंपिक में बेहतर प्रदर्शन के लिए टास्क फोर्स गठित करने की घोषणा कर डाली है।
खेल मंत्रालय और साई मिलकर करेंगे काम
हालांकि अभी यह तय नहीं हो पाया है कि यह टास्क फोर्स किस तरह का होगा, लेकिन पीएमओ के दिशा निर्देशन में खेल मंत्रालय और साई इस पर मिलकर काम करेंगे। इसमें देश के टॉप खिलाड़ियों को शामिल किया जा सकता है।
यही नहीं पीएमओ ने खेल मंत्रालय को रियो के प्रदर्शन की कड़ाई से समीक्षा के आदेश दे रखे हैं। इसको लेकर खेल मंत्रालय और साई में काम भी शुरू हो चुका है।
सूत्र बताते हैं कि मंत्रालय और साई भी अब दबी जुबान में यह स्वीकार कर रहे हैं कि जिस तरह से टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम के तहत खिलाड़ियों को अंतिम क्षणों में मनमाने ढंग से पैसा दिया गया वह गलत था। पीएमओ के निर्देश पर साई ने खेल संघों और खिलाड़ियों के लिए नई गाइडलाइंस तैयार करने को भी कमर कस ली है।