फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   PM modi 21 foreign trips since 2019 spent 22.76 crores read big news

India News: पीएम मोदी ने 2019 से अब तक कीं 21 विदेश यात्राएं, इस बार भारत से हज करेंगे एक लाख से ज्यादा लोग

Fri, 03 Feb 2023 06:10 AM IST
Jeet Kumar एजेंसी, नई दिल्ली।
एजेंसी, नई दिल्ली। Published by: Jeet Kumar Updated Fri, 03 Feb 2023 06:10 AM IST
सार

पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने इस अवधि में सात और मौजूदा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक बार विदेश यात्रा की। इन पर  6.24 करोड़ रुपए खर्च हुए। विदेश मंत्री एस जयशंकर 86 बार विदेश यात्रा पर गए, इन पर 20.87 करोड़ रुपए खर्च आया। 

विज्ञापन
PM modi 21 foreign trips since 2019 spent 22.76 crores read big news
पीएम मोदी(फाइल फोटो) - फोटो : पीटीआई

विस्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साल 2019 से अब तक 21 बार विदेश यात्राएं की, इन पर 22.76 हजार करोड़ रुपए खर्च हुए। राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित जवाब में केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने इस अवधि में तीन बार जापान और दो-दो बार अमेरिका व यूएई की यात्राएं कीं।

विज्ञापन


पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने इस अवधि में सात और मौजूदा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक बार विदेश यात्रा की। इन पर  6.24 करोड़ रुपए खर्च हुए। विदेश मंत्री एस जयशंकर 86 बार विदेश यात्रा पर गए, इन पर 20.87 करोड़ रुपए खर्च आया। 
विज्ञापन


इस बार भारत से हज यात्रा पर जाएंगे 1,75,025 लोग
साल 2023 में भारत के लिए हज कोटा 1,75,025 तय हुआ है। सऊदी अरब और भारत के बीच द्विपक्षीय समझौते के तहत इसे तय किया गया। अल्पसंख्यक मामलों की केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित जवाब में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंत्रालय ने हज प्रबंधन को लेकर राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की हज समितियों और अन्य संबंधित भागीदारों के साथ आपसी बातचीत के कई सत्र आयोजित किए थे। इनमें केंद्र सरकार से पुराना हज कोटा बहाल करने के निवेदन किए गए थे। इस बार बड़ी संख्या में लोग हज पर जा पाएंगे। 
विज्ञापन
विज्ञापन


तीन साल में 7.81 करोड़ ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन
पिछले तीन साल में जल जीवन मिशन के जरिए गांवों में रहने वाले 7.81 करोड़ परिवारों को नल कनेक्शन के जरिए पेयजल मुहैया करवाया गया है। केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने लोकसभा में बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। गांवों में 19.36 करोड़ परिवार रहते हैं, इनमें से 11.06 करोड़ परिवारों को 31 जनवरी 2023 तक नल से पेयजल मिलने लगा है। यह कुल परिवारों का 57.12% है। 

निर्माणाधीन 39 पनबिजली परियोजनाओं में से इस समय 9 में काम रुका : ऊर्जा मंत्री
देश में 25 मेगावाट से अधिक क्षमता की निर्माणाधीन 39 पनबिजली परियोजनाओं में से 9 में इस वक्त काम रुका हुआ है। इन  परियोजनाओं की कुल क्षमता 14623.5 मेगावाट है। लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित जवाब में ऊर्जा मंत्री आरके सिंह ने बताया कि सरकार काम शुरू करवाने के लिए जरूरी कदम उठा रही है। देश में 46850.15 मेगावाट की कुल 211 परियोजनाएं बिजली उत्पादन कर रही हैं। हिमालय बेल्ट के विभिन्न राज्यों में 11,137.50 मेगावाट उत्पादन क्षमता की 30 बड़ी परियोजनाओं का निर्माण होना है। 

कनाडा में भारतीयों की सुरक्षा प्राथमिकता
विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में कहा कि कनाडा में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और भलाई सरकार की प्राथमिकता है। मुरलीधरन ने कहा कि भारतीय समुदाय को प्रभावित करने वाली अप्रिय घटनाओं को भारत नियमित रूप से कनाडा के सामने उठाता है और उचित जांच के बाद दोषियों को सजा दिलाने का अनुरोध करता है। 

शांति मिशन में अब तक 143 शहीद
स्थापना के बाद से संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के तहत अफ्रीका में ड्यूटी के दौरान कुल 143 भारतीय सैनिकों की मौत हुई है। राज्यसभा में एक प्रश्न के उत्तर में विदेश राज्यमंत्री वी मुरलीधरन ने कहा कि दुनिया भर में शांति अभियानों में शहीद होने वाली महिला सैनिकों की संख्या 35 है। एक अन्य जवाब में उन्होंने कहा कि भारत ने जनवरी, 2022 में श्रीलंका को 40 करोड़ डॉलर की सहायता दी है।

नमामि गंगे में सफाई के 232 प्रोजेक्ट पूरे
गंगा नदी को स्वच्छ रखने के लिए बनी परियोजना नमामि गंगे का अनुपालन उत्तराखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल में बेहद प्रभावी है। केंद्रीय जलशक्ति राज्यमंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने लोकसभा में कहा कि हाल में परियोजना तेजी से आगे भी बढ़ी है। कुल 409 प्रोजेक्ट नेशनल मिशन क्लीन गंगा मिशन में शुरू हुए, जिनमें से 232 पूरे हो चुके हैं। उत्तराखंड से जितना गंदा पानी निकल रहा है, उससे ज्यादा सीवेज ट्रीटमेंट क्षमता राज्य ने हासिल की है। बिहार ने भी यह क्षमता 10 गुना बढ़ाई है। 

एनजीटी ने मसूरी पर विशेष अध्ययन के लिए नौ सदस्यीय समिति बनाई
नई दिल्ली। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने जोशीमठ आपदा पर स्वत: संज्ञान याचिका पर सुनवाई के दौरान मसूरी का विशिष्ट अध्ययन करने के लिए उत्तराखंड के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में नौ सदस्यीय समिति का गठन किया है। एनजीटी ने इस मामले में 30 अप्रैल तक समिति को रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। पर्यावरणीय क्षति को रोकने के लिए उपचारात्मक उपाय सुझाने के लिए यह समिति बनाई गई है। न्यायमूर्ति एके गोयल की अध्यक्षता वाली पीठ अगली सुनवाई 16 मई को करेगी। 

एम सुब्बारायुडु नामीबिया में भारत के उच्चायुक्त नियुक्त
एम सुब्बारायुडु को नामीबिया में भारत का अगला उच्चायुक्त नियुक्त किया गया है। सुब्बारायुडु वर्तमान में पेरू में भारत के राजदूत के रूप में कार्यरत हैं। उनके जल्द ही कार्यभार संभालने की उम्मीद है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, वह 1994 में भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) में शामिल हुए थे। 

महाराष्ट्र : विषाक्त भोजन खाने से बीमार पड़े 137 श्रद्धालु
मुंबई से करीब 360 किमी दूर महाराष्ट्र में मंदिरों के शहर कहे जाने वाले पंढरपुर में विषाक्त भोजन के कारण कुल 137 वारकरी (भगवान विठ्ठल के उपासक) बीमार पड़ गए। अधिकारियों ने कहा कि सभी श्रद्धालुओं की हालत स्थिर है। सोलापुर जिले के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, बुधवार को माघी एकादशी के अवसर पर एक स्थानीय मठ में कई श्रद्धालुओं ने वरई (समा) चावल का सेवन किया था। इसके बाद 137 उपासकों को उल्टी और मतली की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया। 


एअर इंडिया ने दिल्ली-मिलान के बीच सीधी उड़ान सेवा बहाल की
टाटा समूह की एयरलाइन एअर इंडिया ने नई दिल्ली से मिलान के लिए अपनी सीधी उड़ान सेवाओं को एक फरवरी से बहाल कर दिया है। कोरोना महामारी की वजह से इन सेवाओं को मार्च, 2020 में बंद कर दिया गया था। एयरलाइन ने कहा कि नई दिल्ली से विएना और कोपेनहेगन के लिए उड़ानों की घोषणा वह पहले ही कर चुकी है। अब मिलान के लिए उड़ान शुरू होने से यूरोप में एयरलाइन की उपस्थिति काफी मजबूत हो जाएगी।
 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed