सीमा पर युद्ध जैसे हालात, पीएम ने बुलाई बैठक, डोभाल के साथ रॉ चीफ भी रहे मौजूद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीमा पर लगातार बिगड़ रहे हालातों और पाकिस्तान की ओर से की जा रही फायरिंग पर विचार करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आपात बैठक बुलाई। इसमें सुरक्षा से जुड़े हालात की समीक्षा की गई।
मीटिंग में गृहमंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और रक्षामंत्री मनोहर परिकर शामिल हुए।
सूत्रों के अनुसार इस बैठक में आतंकियों की घुसपैठ की कोशिशों को बेहतर ढंग से नाकाम करने और पाकिस्तान को समुचित जवाब देने को लेकर रणनीति बनी।
पाक गोलाबारी में आठ नागरिकों की हुई मौत
बता दें कि जम्मू कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय बार्डर पर पाकिस्तान की ओर से की जा रही फायरिंग में कल आठ से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। जबकि काफी संख्या में लोगों के मकानों को भी नुकसान पहुंचा था। हालांकि बीएसएफ पाकिस्तानी हरकत का मुंह तोड़ जवाब दे रही है।
भारत की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के पांच से ज्यादा सैनिक मारे गए और 14 के करीब उनकी पोस्ट तबाह हो गई। सूत्रों के मुताबिक, सैन्य टकराव की वजह से आम लोगों को हो रहे नुकसान पर मोदी सरकार बेहद चिंतित है।
वहीं, यह भी पता चला है कि घाटी में स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों को निशाना बनाए जाने को लेकर भी मीटिंग में चर्चा हुई। उल्लेखनीय है कि जहां अलगाववादी नेता घाटी में स्कूलों के खुलने नहीं दे रहे, वहीं कुछ लोगों ने कई शिक्षण संस्थानों में तोड़फोड़ और आगजनी की है। शोपियां में एक प्रिंसिपल के घर पर भी आगजनी की गई। पीएम ने अपनी बैठक में इन सब मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया।
पाक ने साधा भारत पर निशाना
उधर, सीजफायर तोड़ने को लेकर पाकिस्तान, भारत पर ही दोष मढ़ रहा है। पाकिस्तान ने भारतीय उप उच्चायुक्त को तलब किया और विरोध दर्ज कराया। एक सप्ताह में भारतीय उप उच्चायुक्त को चौथी बार तलब किया गया है।
पाकिस्तानी विदेश विभाग ने एक बयान में कहा, ‘महानिदेशक (दक्षिण एशिया और दक्षेस) मोहम्मद फैसल ने भारतीय उप उच्चायुक्त जेपी सिंह को तलब किया और 31 अक्टूबर को निकिआल और जनद्रोत सेक्टरों में भारतीय सुरक्षाबलों की ओर से किए गए संघर्ष विराम के अकारण उल्लंघन की कड़ी निंदा की।’
बयान में कहा गया है कि भारतीय सुरक्षा बलों की गोलीबारी में एक महिला सहित छह नागरिक मारे गए और आठ घायल हो गए हैं।