पीएम केयर्स फंड: रिलायंस ने दिए 500 करोड़ तो हीरो ग्रुप ने 100 करोड़ का योगदान दिया
कोरोना वायरस से लड़ाई के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गठित पीएम केयर्स फंड के गठन के बाद से ही इसमें दान दिए जाने का सिलसिला तेज है। आज कई कंपनियों व खेल जगत की ओर से भारी-भरकम रकम के योगदान की खबर सामने आई। रिलायंस इंडस्ट्रीज से लेकर हीरो ग्रुप, एचएएल और पतंजलि जैसी कंपनियों ने करोड़ों रुपये का सहयोग देने का एलान किया।
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने 500 करोड़ देने की घोषणा की
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने पीएम केयर्स फंड में 500 करोड़ देने की घोषणा की। इसके अलावा रिलायंस पांच-पांच करोड़ रुपये महाराष्ट्र और गुजरात मुख्यमंत्री राहत कोष में भी देगी। पांच लाख लोगों को अगले 10 दिनों तक खाना भी मुहैया कराया जाएगा। इससे पहले रिलायंस फाउंडेशन ने 100 बिस्तरों का पहला कोविड-19 अस्पताल मात्र दो हफ्तों में तैयार किया था। रिलायंस एक लाख मास्क और हजारों की संख्या में पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट भी तैयार कर रहा है ताकि देश के स्वास्थ्यकर्मियों का ख्याल रखा जा सके। रिलायंस इमरजेंसी वाहनों में फ्री ईंधन और डबल डेटा पहले से ही उपलब्ध करा रहा है।
एचएएल देगा 26 करोड़ रुपये
वहीं, आज हिंदुस्तान एयरोनॉटिकल्स लिमिटेड ने भी पीएम केयर्स फंड में कुल 26.25 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। एचएएल ने अपने सीएसआर फंड से 20 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। इसके अलावा कंपनी के कर्मचारियों ने अपना एक दिन का वेतन 6.25 करोड़ रुपये भी फंड में देने की बात कही है। इस तरह कंपनी कुल 26.25 करोड़ रुपये पीएम केयर्स फंड में देगी। एचएएल के सीएमडी आर माधवन ने कहा कि कोरोना वायरस महामारी से लड़ने की सरकार की कोशिशों में ये हमारी तरफ से एक छोटा योगदान है।
बाबा रामदेव देंगे 25 करोड़ रुपये
इसके अलावा बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि ने भी पीएम केयर्स फंड में 25 करोड़ रुपये देने का एलान किया है।
Patanjali to contribute Rs 25 crores to Prime Minister Narendra Modi ji’s initiative #PMCARES Fund: Yoga Guru Ramdev. #COVID19 pic.twitter.com/RWN6bFsZMh
— ANI (@ANI) March 30, 2020
हीरो ग्रुप देगा 100 करोड़
वहीं, हीरो ग्रुप ने कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई मेें 100 करोड़ रुपये देने का एलान किया है। इसमें से 50 करोड़ रुपये पीएम केयर्स फंड में दिए जाएंगे। जबकि बाकी 50 करोड़ रुपये दूसरे राहत कार्यों में लगाए जाएंगे।
खेल जगत से भी सहयोग
भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण ने महासंघ की ओर से कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ लड़ाई में प्रधानमंत्री राहत कोष में 11 लाख रुपये देने की घोषणा की है जबकि क्रिकेटर पूनम यादव ने दो लाख रुपये दिए।
भारतीय खेल प्राधिकरण के कर्मचारियों ने भी तीन दिन का वेतन दिया है जो करीब 76 लाख रुपये है। महिला टी20 विश्व कप 2020 में भारत के फाइनल तक पहुंचने के अभियान में अहम भूमिका निभाने वाली पूनम ने दो लाख रुपये दिए हैं।
अक्षय कुमार ने दिए 25 करोड़
बता दें कि इससे पहले कई हस्तियां केयर्स फंड में करोड़ों दान कर चुकी हैं। फंड के गठन के साथ ही बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार ने 25 करोड़ रुपये देने का एलान किया था। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने भी इसमें गुप्त दान दिया है।