गुजरात: आप के दफ्तर के उद्घाटन में विधायक गुलाब सिंह यादव समेत पांच की कटी जेब
- पुलिस ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर दर्ज की एफआईआर
- उद्घाटन के समय कोरोना नियमों की धज्जियां भी उड़ती नजर आईं
विस्तार
अगले साल गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारी के लिए आप पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल सोमवार को अहमदाबाद पहुंचे। अरविंद केजरीवाल वहां आम आदमी पार्टी के प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन करने के लिए गए थे। इसी बीच केजरीवाल के समर्थकों की भीड़ का फायदा उठाते हुए जेब कतरों ने भी अपना हाथ साफ कर लिया।
जिस वक्त अरविंद केजरीवाल पार्टी दफ्तर की रिबन काट रहे थे, उसी समय उनके साथ मौजूद दिल्ली के विधायक और आम आदमी पार्टी के गुजरात प्रभारी गुलाब सिंह यादव की जेबकतरों ने जेब काट ली। सिर्फ गुलाब सिंह ही नहीं, वहां पर मौजूद चार अन्य लोगों की भी जेब कट गई।
इस मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध को चोरी के मामले में हिरासत में लिया है। साथ ही मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। नवरंगपुरा पुलिस स्टेशन के पीआई.आर.जे चुडासमा का कहना है कि पॉकेट चोरी की बात हमारे ध्यान में आई है जिसे लेकर एफआईआर दर्ज की गई है।
आम आदमी पार्टी दफ्तर के उद्घाटन के समय कोरोना नियमों की धज्जियां भी उड़ती नजर आईं। उद्घाटन समारोह में शामिल हुई भीड़ ने न तो सोशल डिस्टेसिंग को अपनाया और न ही किसी ने मास्क पहनने के नियमों का पालन किया।
आप 2022 में गुजरात विधानसभा की सभी सीटों पर लड़ेगी चुनाव : केजरीवाल
वहीं पार्टी ने एक बयान में कहा कि अहमदाबाद के एक दिवसीय दौरे के बाद दिल्ली लौटने से पहले आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुजरात में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ सर्किट हाउस में बैठक की। उधर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को यहां कहा कि उनकी पार्टी गुजरात में 2022 के विधानसभा चुनावों में सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी। केजरीवाल शहर के एक वैष्णव मंदिर भी गए। उन्होंने प्रदेश में सत्ताधारी भाजपा और विपक्षी कांग्रेस को लोगों की दुर्दशा के लिये जिम्मेदार बताया, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ उनके गृह क्षेत्र में सीधा हमला करने से बचते रहे।